×

आज अपना 38वां बर्थ डे मना रहे हैं टी20 के बेताज बादशाह क्रिस गेल

क्रिस गेल ने साल 2015 के बाद वनडे क्रिकेट में वापसी की है।

क्रिस गेल  © Getty Images
क्रिस गेल © Getty Images

2 साल 5 महीने और 29 दिनों के बाद वनडे क्रिकेट में वापसी करने वाले क्रिस गेल आज अपना 38वां जन्मदिन मना रहे हैं। इसके साथ ही दुनियाभर की टीमें आगाह हो गई हैं कि अब वेस्टइंडीज को हल्के में कतई नहीं लिया जा सकता। गेल ने 19 सितंबर को इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए पहले वनडे के साथ वनडे क्रिकेट में वापसी की और धुआंधार बल्लेबाजी का नमूना पेश किया। हालांकि, गेल की पारी वेस्टइंडीज के काम नहीं आ पाई और उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही वेस्टइंडीज के 2019 वर्ल्ड कप में डायरेक्ट इंट्री के मौके खत्म हो गए हैं। इसलिए उन्हें 2018 वर्ल्ड कप क्वालीफायर खेलना होगा।

गेल इसके पहले साल 2015 वर्ल्डकप के दौरान तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते नजर आए थे। उन्होंने इस दौरान जिम्बाब्वे के खिलाफ 215 रनों की पारी खेली थी। उनके लंबे ब्रेक लेने के पहले अंतिम पारी न्यूजीलैंड के खिलाफ थी जिसमें उन्होंने 33 गेंदों में 61 रन बनाए थे लेकिन फिर भी उनकी टीम को हार का सामना करना पड़ा था।

 

वर्ल्ड कप के बाद ही वेस्टइंडीज बोर्ड और उनके खिलाड़ियों के बीच वेतन विवाद गहरा गया और गेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूरी बना ली। अब जाकर जुलाई 2017 में गेल व कुछ अन्य खिलाड़िोयं की बोर्ड के साथ आपसी सहमति बनी और तब जाकर गेल की इतने लंबे समय के बाद टीम में वापसी हो पाई है। गेल ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करते हुए भारत के खिलाफ पहला टी20 खेला था। जबतक गेल वेस्टइंडीज की ओर से नहीं खेले तबतक वह दुनियाभर में विभिन्न टी20 लीगों में शामिल रहे और रिकॉर्ड्स के अंबार लगाए।

[ये भी पढ़ें: कोलकाता वनडे: रोहित शर्मा बना सकते हैं ये 3 बड़े रिकॉर्ड्स]

वैसे उनका आईपीएल में पिछला सीजन खासा खराब रहा और वह सिर्फ 200 रन ही बना सके। वैसे टी20 क्रिकेट में गेल से आगे कोई नहीं है। गेल के नाम टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 18 शतक हैं और वह दुनिया के सभी बल्लेबाजों से ऊपर हैं। दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा टी20 शतक लगाने वाले बल्लेबाज ब्रैंडन मैक्कलम, ल्यूक राइट और माइकल क्लिंगर हैं जिनके नाम 7-7 शतक हैं।

क्रिस गेल टी20 अंतरराष्ट्रीय में 100 छक्के लगाने वाले दुनिया के एकमात्र बल्लेबाज हैं।वह अबतक 103 छक्के लगा चुके हैं। इसके अलावा उनके नाम टी20 अंतरराष्ट्रीय में 2 शतक भी है।

टी20 क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज शतक क्रिस गेल के नाम है। गेल ने साल 2013 में आईपीएल में पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ 30 गेंदों में शतक बनाया था। इस मैच में उन्होंने 175 रन बनाए थे। यह टी20 क्रिकेट में किसी भी बल्लेबाज के द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर है।

क्रिस गेल टी20 क्रिकेट अबतक दुनिया की लगभग डेढ़ दर्जन टीमों की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने पिछले महीनों के दौरान टी20 क्रिकेट में अपने 10 हजार रन पूरे किए थे। टी20 क्रिकेट में यह कारनामा करने वाले वह पहले बल्लेबाज हैं। इसके अलावा टी20 में उनके नाम सबसे ज्यादा 772 छक्के भी हैं।

trending this week