×

वनडे में बन चुका हैं 100 बार 350 का स्कोर, जानें किस टीम ने बनाए हैं सबसे ज्यादा बार

वनडे क्रिकेट में हाईस्कोर बनने के हिसाब से पिछले एक दशक में कुल 200 प्रतिशत का इजाफा देखा गया है।

© Getty Images
© Getty Images

कटक वनडे में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 350 से ऊपर का स्कोर बनाया था। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने भी 350 से ऊपर का स्कोर बनाया। लेकिन 15 रनों से इंग्लैंड को भारत के हाथों हार झेलनी पड़ी। लेकिन इन दो 350 के साथ वनडे क्रिकेट में कुल 100, 350 का स्कोर बनने का रिकॉर्ड बन गया। इंग्लैंड के द्वारा दूसरी पारी में बनाए गए 366 रन 100वां, 350 का स्कोर था। 350 का स्कोर लंबे समय तक चेज करने के हिसाब से असंभव स्कोर माना गया। यहां तक कि जब क्रिकेट 60 ओवरों का हुआ करता था तब विश्व क्रिकेट में सर्वोच्च स्कोर बनाने का रिकॉर्ड पाकिस्तान के नाम था जिसने 338 रन साल 1983 के विश्व कप में श्रीलंका के खिलाफ बनाए थे। वनडे क्रिकेट में पहला 350 से ज्यादा का स्कोर साल 1987 विश्व कप में बना। जब वेस्टइंडीज ने श्रीलंका के खिलाफ 360/4 का स्कोर बना डाला।

अगला रिकॉर्ड करीब पांच सालों के बाद बना जब इंग्लैंड ने पाकिस्तान के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में 363/7 का स्कोर बनाया। साल 2000 तक 1662 वनडे मैचों तक कुल 6 बार टीमों ने 350 से ज्यादा का स्कोर बनाया था। अगले चार सालों में 2001 से 2004 के बीच इस स्कोर की संख्या दुगुनी यानि 12 हो गई। लेकिन रफ्तार अभी भी धीमी थी। इस दौरान सिर्फ 0.27 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की गई। साल 2005 से 2014 के बीच लगभग हर साल 6 बार इस स्कोर को पार किया गया। जो पूरी वनडे पारियों का 2 प्रतिशत था। साल 2014 के अंत तक कुल 69 बार 350 से ज्यादा का स्कोर वनडे क्रिकेट में बन चुका था। [ये भी पढ़ें: जब 1987 विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को सिर्फ 1 रन से हरा दिया था]

साल 2015 के बाद इस प्रकार के स्कोर बनने में बाढ़ सी आ गई। इस दौरान करीब 25 महीनों में 31 बार और 350 से ज्यादा के टोटल बन गए। इसमें 7 बार विश्व कप 2015 में ये टोटल छुआ गया। पिछले 10 सालों में इस प्रकार के टोटल बनने में पूरे 200 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

वनडे में सर्वाधिक 350 से ज्यादा का स्कोर बनाने के मामले में टीम इंडिया नंबर एक पर है। भारत के नाम कुल 23 बार 350 से ज्यादा का स्कोर बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। दूसरे नंबर पर दक्षिण अफ्रीका 22 बार ये कारनामा कर चुका है। ऑस्ट्रेलिया तीसरे नंबर पर है। उसने ये कारानामा कुल 16 बार अंजाम दिया है। वहीं न्यूजीलैंड 12, इंग्लैंड 10, श्रीलंका 7, पाकिस्तान 6, वेस्टइंडीज 3 और जिम्बाब्वे एक बार इस कारनामें को अंजाम दे चुका है। इस दौरान सबसे ज्यादा बार 350 से ज्यादा का स्कोर भारतीय सरजमीं पर बना है। भारत में यह 26 बार स्कोर किया जा चुका है। वहीं दक्षिण अफ्रीका में 20 बार। अन्य देशों में 10 बार से ज्यादा ये स्कोर नहीं बना है।

10 मौकों पर ये स्कोर रन चेज के समय बना है। इस दौरान तीन- तीन बार भारत और इंग्लैंड ने बनाया है। दो बार दक्षिण अफ्रीका ने, वहीं न्यूजीलैंड और श्रीलंका ने एक- एक बार बनाया है। आठ बार टीमें 350 से ज्यादा का स्कोर बनाने के बावजूद मैच हारी हैं। ऑस्ट्रेलिया चार बार इतना स्कोर बनाकर हारी है। इंग्लैंड तीन बार और श्रीलंका एक बार। इंग्लैंड इस सीरीज में दो बार 350 से ज्यादा का स्कोर बनाकर हारी। उसके साथ ये पहली बार हुआ है। इसके पहले एक सीरीज में 350 से ज्यादा का स्कोर बनाकर हारने का अनचाहा रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के नाम है। वह साल 2013 में भारत के खिलाफ बैंगलुरू और जयपुर वनडे में हारी थी।

एक सीरीज में सबसे ज्यादा बार 350 का स्कोर बनने का रिकॉर्ड साल 2013 में भारत- ऑस्ट्रेलिया सीरीज है। इस सीरीज में कुल 5 बार ये स्कोर बना था। इसके अलावा इंग्लैंड- न्यूजीलैंड सीरीज 2015 में ये रिकॉर्ड चार बार बना था। साथ ही वर्तमान भारत- इंग्लैंड वनडे सीरीज में ये स्कोर चार बार बन चुका है। वहीं वर्ल्ड कप 2015 में ये स्कोर कुल 7 बार बना था।

trending this week