×

इंग्लैंड ने लगाया विश्व कप जीतने का 'चौका', जानिए अब तक कौन-कौन बना है 'विश्व विजेता'

इंग्लैंड ने फाइनल में भारत को 9 रनों से हराकर खिताब पर कब्जा किया

विश्व कप जीतने के बाद जश्न मनाती इंग्लैंड टीम © Getty Images
विश्व कप जीतने के बाद जश्न मनाती इंग्लैंड टीम © Getty Images

आईसीसी महिला विश्व कप को नया चैंपियन नहीं मिल पाया और एक बार फिर से इस खिताब पर इंग्लैंड की टीम ने अपना कब्जा जमा लिया। विश्व कप 2017 महिला विश्व कप का 11वां संस्करण था। पहली बार महिला विश्व कप साल 1973 में खेला गया था और ये टूर्नामेंट 60 ओवरों का था। साल 2017 में इंग्लैंड ने भारत को हराकर अपना चौथा खिताब जीत है और पहला विश्व कप भी इंग्लैंड की टीम ने ही अपने नाम किया था। महिला विश्व कप में भी पुरुषों की तरह ऑस्ट्रेलिया का ही दबदबा देखने को मिला है और ऑस्ट्रेलिया ने ही सबसे ज्यादा बार इस खिताब को जीतने में कामयाबी पाई। आइए आपको बतातें हैं कि किस टीम को कितनी बार आईसीसी महिला विश्व कप जीतने का गौरव प्राप्त है। ये भी पढ़ें: टीम इंडिया ने ‘हार कर भी जीता दिल’, पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा- टीम पर गर्व है

विश्व कप जीतने वाली टीम साल
इंग्लैंड 1973
ऑस्ट्रेलिया 1978
ऑस्ट्रेलिया 1982
ऑस्ट्रेलिया 1988
इंग्लैंड 1993
ऑस्ट्रेलिया 1997
न्यूजीलैंड 2000
ऑस्ट्रेलिया 2005
इंग्लैंड 2009
ऑस्ट्रेलिया 2013
इंग्लैंड 2017

इंग्लैंड (4 बार): इंग्लैंड की टीम ने अब तक कुल 4 बार इस खिताब पर कब्जा किया है। विश्व कप की गत विजेता भी इंग्लैंड की ही टीम है। इंग्लैंड ने इस साल खेले गए विश्व कप के फाइनल में भारत को 9 रनों से हराकर खिताब जीता। इसके साथ ही इंग्लैंड की टीम ने विश्व कप जीतने का चौका जड़ दिया। 1973 में खेले गए पहले विश्व कप में भी इंग्लैंड की टीम ने बाजी मारी थी। वो विश्व कप 60 ओवरों का खेला गया था।

इसके बाद इंग्लैंड ने साल 1993 में न्यूजीलैंड को हराकर अपना दूसरा खिताब जीता, तो वहीं साल 2009 में फिर से न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार खिताब जीतने में कामयाबी पाई। अब साल 2017 में इंग्लैंड ने भारत को हराकर चौथी बार विश्व कप जीता है। सबसे ज्यादा विश्व कप जीतने के लिहाज से इंग्लैंड दूसरी टीम है।

ऑस्ट्रेलिया (6 बार): पुरुष टीम की ही तरह महिला विश्व कप में भी ऑस्ट्रेलिया का ही दबदबा है। ऑस्ट्रेलिया की टीम ने अब तक सबसे ज्यादा बार इस टूर्नामेंट को जीतने में सफलता पाई है। ऑस्ट्रेलिया ने साल 1978 में इंग्लैंड को हराकर अपना पहला खिताब जीता। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने साल 1982 में इंग्लैंड को हराकर दूसरी बार विश्व कप पर कब्जा किया। वहीं साल 1988 में ऑस्ट्रेलिया ने फिर से इंग्लैंड को हराकर विश्व कप जीतने की हैट्रिक पूरी की। ये भी पढ़ें: तो इस वजह से टूट गया 125 करोड़ भारतीयों का सपना, हार पर मिताली राज का बड़ा खुलासा

1988 के बाद अगला विश्व कप जीतने के लिए ऑस्ट्रेलिया को 7 साल का इंतजार करना पड़ा और टीम ने साल 1997 में न्यूजीलैंड को हराकर अपना चौथा खिताब जीता। इसके बाद टीम ने साल 2005 में भारत को हराकर पांचवीं बार विश्व कप का खिताब जीता। तो वहीं साल 2013 में ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को हराकर रिकॉर्ड छठी बार विश्व कप जीता। ऑस्ट्रेलिया की टीम सबसे ज्यादा बार विश्व कप जीतने के मामले में पहले स्थान पर है।

न्यूजीलैंड (1 बार): ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के अलावा न्यूजीलैंड ही सिर्फ ऐसी टीम है जिसे विश्व कप जीतने का गौरव प्राप्त है। अब तक खेले गए 11 विश्व कप में से 6 ऑस्ट्रेलिया और 4 इंग्लैंड ने जीते हैं। जबकि 1 विश्व कप न्यूजीलैंड ने अपने नाम किया है। न्यूजीलैंड की टीम ने साल 2000 में ऑस्ट्रेलिया को हराकर पहली बार विश्व कप जीतने का गौरव प्राप्त किया था। हालांकि उसके बाद से अब तक टीम को एक बार भी सफलता हाथ नहीं लगी है। साफ है भले ही विश्व कप 11 बार खेला जा चुका हो लेकिन इसे जीतने में अब तक सिर्फ 3 ही टीम कामयाब हो पाईं हैं।

trending this week