×

जानिए चेन्नई वनडे जीत की बड़ी बातें और धोनी के बड़े कारनामे

पहले वनडे में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को दी 26 रन से मात

© AFP
© AFP

5 मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 26 रन से मात दी। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 281 रन बनाए। भारतीय पारी के बाद बरसात ने दखल दिया और डकवर्थ लुइस नियम के मुताबिक कंगारू टीम को जीत के लिए 21 ओवर में 164 रन का लक्ष्य मिला। ऑस्ट्रेलियाई टीम इस लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकी और पूरी टीम 21 ओवर में 137 रन ही बना सकी। इस मैच के दौरान टीम इंडिया और उसके खिलाड़ियों ने कई रिकॉर्ड और बड़े कारनामों को अंजाम दिया। आइए डालते हैं उन पर एक नजर:

1. चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार जीत हासिल की। इससे पहले इन दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर एक ही मैच खेला गया था जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने भारतीय टीम को एक रन से हरा दिया था।

2. चेन्नई के चेपॉक स्टेडियम को एम एस धोनी का दूसरा होम ग्राउंड माना जाता है। इस मैदान पर एक बार फिर धोनी का जादू चला। धोनी ने शानदार 79 रन की पारी खेली। आपको बता दें धोनी का चेपॉक स्टेडियम में 100 से ज्यादा का औसत है। वो इस मैदान पर 6 पारियों में 401 रन बना चुके हैं जिसमें दो शतक और एक अर्धशतक शामिल है।

3. एम एस धोनी ने साल 2016 में भले ही सिर्फ 27.80 के औसत से रन बनाए लेकिन इस साल उनका बल्ला धमाल मचा रहा है। धोनी ने इस साल 14 पारियों में 627 रन बनाए हैं और उनका औसत 89.57 है। औसत के लिहाज से ये उनके करियर का बेस्ट कैलेंडर ईयर है। धोनी इस साल एक शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं। 4. जिन मुकाबलों में टीम इंडिया को जीत मिलती है उसमें धोनी का औसत 75.35 रहा है। धोनी टीम इंडिया की जीत में 5878 रनों का योगदान दे चुके हैं।


5. हार्दिक पांड्या ने चेन्नई में अपने वनडे करियर की सबसे बड़ी पारी खेली। पांड्या ने 83 रन बनाए और अपने करियर का तीसरा अर्धशतक लगाया। इससे पहले पांड्या का सर्वाधिक स्कोर 76 रन था जो उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में बनाया था।

6. हार्दिक पांड्या टीम इंडिया के तीसरे ऑलराउंडर हैं जिन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मैच में 75 से ज्यादा रन बनाए और दो विकेट भी हासिल किए। इससे पहले सचिन तेंदुलकर और रॉबिन सिंह ये कारनामा कर चुके हैं। इसके साथ ही हार्दिक पांड्या साल 2017 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी हैं। पांड्या 17 अंतर्राष्ट्रीय पारियों में कुल 32 छक्के लगा चुके हैं। वनडे फॉर्मेट की बात करें तो पांड्या के बल्ले से इस साल 21 छक्के लग चुके हैं। सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में उनसे आगे सिर्फ इंग्लैंड के कप्तान ऑयन मॉर्गन हैं जिन्होंने 15 मैच में कुल 26 छक्के जड़े हैं।

trending this week