×

कोलकाता वनडे: रोहित शर्मा बना सकते हैं ये 3 बड़े रिकॉर्ड्स

रोहित शर्मा अगर कोलकाता वनडे में 6 छक्के लगा देंगे तो 3 बड़े रिकॉर्ड्स अपने नाम कर लेंगे।

 © Getty Images (File Photo)
© Getty Images (File Photo)

रोहित शर्मा मौजूदा समय में टीम इंडिया के उन खिलाड़ियों में से एक हैं जो आसानी से गेंद को छह रनों के लिए बाउंड्री लाइन के बाहर भेजते हैं। वनडे में उनके नाम कुल 132 छक्के हैं और वह दुनिया में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में 19वें नंबर पर हैं। लेकिन अगर उन्होंने कोलकाता वनडे में 6 और छक्के मार दिए तो वह तीन बड़े रिकॉर्डस अपने नाम कर डालेंगे। रोहित कई बार ईडन गार्डन में लंबी पारियां खेल चुके हैं। ऐसे में उनके दिमाग में अपनी फेवरेट विपक्षी टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फिर से धमाका करने का प्लान होगा। रोहित शर्मा कौन से तीन रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं आइए नजर डालते हैं।

1. नंबर 1 बैटिंग पोजीशन पर 100 छक्के का रिकॉर्ड: वनडे क्रिकेट में नंबर 1 बैटिंग पोजीशन पर 100 या उससे अधिक छक्के अबतक क्रिस गेल (165 छक्के) और एडम गिलक्रिस्ट (122 छक्के) ने लगाए हैं। रोहित शर्मा अब इस रिकॉर्ड के बहुत करीब हैं। रोहित ने नंबर 1 पोजीशन पर बल्लेबाजी करते हुए 94 छक्के लगाए हैं। ऐसे में अगर वह 6 छक्के मारने में कामयाब हो जाते हैं तो वह यह कारनामा करने वाले भारत के पहले और दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। रोहित के बाद भारत की ओर से नंबर 1 पोजीशन पर सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड सौरव गांगुली के नाम है उन्होंने 88 छक्के लगाए थे।

2. वीरेंद्र सहवाग को छक्के लगाने के मामले में छोड़ सकते हैं पीछे: रोहित शर्मा के नाम वनडे में अभी 132 छक्के हैं। इस तरह से वह भारत की ओर से सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में छठवें नंबर पर हैं। वीरेंद्र सहवाग (136 छक्के) उनसे ऊपर पांचवें नंबर पर हैं। कोलकाता वनडे में अगर रोहित 5 छक्के लगाने में कामयाब हो जाते हैं तो वह भारत की ओर से वनडे में सर्वाधिक छक्के लगाने के मामले में पांचवें नंबर पर पहुंच जाएंगे। [ये भी पढ़ें: मैच प्रिव्यू: कोलकाता में टीम इंडिया करेगी ‘दोहरा वार’, या ऑस्ट्रेलिया करेगा ‘पलटवार’]

3. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 छक्के लगाने का रिकॉर्ड: टीम इंडिया के ओपनर रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा 44 छक्के लगा चुके हैं। रोहित शर्मा ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिर्फ 24 पारियों में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया हुआ है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा छक्के लगाने के मामले में दूसरे नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं जिन्होंने उसके खिलाफ 35 छक्के जड़े हैं लेकिन इसके लिए सचिन ने 70 पारियां भी खेली हैं। ऐसे में कोलकाता वनडे में अगर वह 6 छक्के लगा देते हैं तो वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 50 छक्के पूरे करने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे।

trending this week