×

सचिन तेंदुलकर से पहले इन खिलाड़ियों के जीवन पर बनी हैं फिल्में

सचिन तेंदुलकर के जीवन पर बनी बायोपिक फिल्म "सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स" 26 मई को रिलीज हो रही है।

सचिन तेंदुलकर से पहले महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बायोपिक फिल्म बन चुकी है © Getty Images (File Image)
सचिन तेंदुलकर से पहले महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर बायोपिक फिल्म बन चुकी है © Getty Images (File Image)

क्रिकेट जगत के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के जीवन पर बनी फिल्म “सचिन: ए बिलियन ड्रीम्स” 26 मई को रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में सचिन के मुंबई के एक साधारण बच्चे से क्रिकेट के भगवान बनने तक की कहानी दिखाई जाएगी। फिल्म और खेल जगत की कई हस्तियां सचिन की फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा कर रही हैं। सचिन की बायोपिक से पहले भी कई खिलाड़ियों के जीवन पर फिल्म बन चुकी हैं। आइए इन फिल्मों पर एक नजर डालते हैं।

दंगल- 23 दिसंबर 2016 को रिलीज हुई दंगल भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में से एक है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी यह फिल्म कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला पहलवान गीता फोगट और उनकी बहन बबिता फोगट के जीवन पर आधारित थी। इस फिल्म में फोगट बहनों के पिता महावीर फोगट का किरदार बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने निभाया था। [ये भी पढ़ें: सचिन की बायोपिक एक साथ देखेगी टीम इंडिया]

एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी- भारत के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर भी फिल्म बनाई जा चुकी है। एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी नाम से बनी ये फिल्म पिछले साल 30 सितंबर को रिलीज हुई थी। फिल्म में धोनी के रांची जैसे छोटे शहर से निकलकर टीम इंडिया के कप्तान बनने तक की संघर्षपूर्ण कहानी दिखाई गई थी। इस फिल्म में धोनी का किरदार सुशांत सिंह राजपूत ने निभाया था।

बुधिया सिंह: बोर्न टू रन- चार साल की उम्र में ओडिशा के रहने वाले बुधिया सिंह ने भुवनेश्वर से पुरी तक कुल 65 किमी दौड़कर दुनिया के सबसे युवा मेरॉथान धावक का खिताब पाया था। यह फिल्म उन्हीं की जिंदगी पर बनी थी। सौमेंद्र पाडी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को बेस्ट चिलड्रेन फिल्म का नेशनल अवार्ड भी मिला था।

अजहर- फिल्म निर्देशक टोनी डिसूजा ने टीम इंडिया के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन के जीवन पर अजहर नाम की फिल्म बनाई थी। इस फिल्म में अजहर से जुड़े मैच फिक्सिंग कांड के बारे में भी दिखाया गया था। फिल्म में अजहर की भूमिका इमरान हाशमी ने निभाई थी।

पान सिंह तोमर- एथलीट से बागी बने पान सिंह तोमर के जीवन पर आधारित ये फिल्म खिलाड़ियों पर बनी सर्वश्रेष्ठ बायोपिक में से एक है। फिल्म में इंडियन नेशनल गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले पान सिंह तोमर की कहानी दिखाई गई है। फिल्म का निर्देशन तिग्मांशू धूलिया ने किया था, वहीं मुख्य भूमिका में इरफान खान थे। फिल्म को समीक्षकों से काफी वाहवाही मिली थी। साथ ही 2012 के नेशनल अवार्ड में इसे सर्वश्रेष्ठ फिल्म और इरफान को इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का अवार्ड मिला था। [ये भी पढ़ें: सचिन का बड़ा खुलासा, बताई 2003 विश्व कप फाइनल हारने की वजह]

भाग मिल्खा भाग- धावक मिल्खा सिंह के जीवन पर बनी भाग मिल्खा भाग भी इस सूची में शामिल है। फ्लाइंग सिख के नाम से मशहूर मिल्खा सिंह ने एशियन और कॉमनवेल्थ गेम्स में स्वर्ण पदक जीता था। राकेश ओम प्रकाश मेहरा ने इस सफल भारतीय एथिलीट के जीवन को बड़े पर्दे पर उतारा था। वहीं फिल्म में मुख्य भूमिका में फरहान अख्तर थे।

मैरी कॉम- इस सूची में आखिरी नाम पांच बार विश्व बॉक्सिंग चैंपियन रह चुकी एमसी मैरी कॉम के जीवन पर बनी बायोपिक फिल्म मैरी कॉम का है। ओमंग कुमार ने मैरी कॉम के जीवन से प्रभावित होकर इस फिल्म का निर्देशन किया था। फिल्म में मैरी कॉम की भूमिका प्रियंका चोपड़ा ने निभाई थी।

trending this week