×

रोहित शर्मा की चोट के साथ, मुंबई इंडियंस और टीम इंडिया दोनों की बढ़ी परेशानी

रोहित शर्मा पिछले चार महीनो में दूसरा बार चोटिल होकर बाहर हुए हैं।

रोहित शर्मा  © Getty Images
रोहित शर्मा © Getty Images

रोहित शर्मा लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से बाहर चल रहे हैं। साल 2016 में रोहित न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान चोटिल हो गए थे। जिसके बाद वह करीब चार महीने तक क्रिकेट से दूर रहे। अंततः उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी के साथ क्रिकेट मैदान पर वापसी की। लेकिन देवधर ट्रॉफी में वह एक बार फिर से चोटिल होकर बाहर हो गए हैं। इस बार चोट उनके घुटने पर लगी है। लेकिन इस बीच सवाल पैदा होता है कि क्या रोहित आईपीएल जो 5 अप्रैल से शुरू हो रहा है उसमें खेल पाएंगे? वहीं, अगर चोट ज्यादा गंभीर हुई तो क्या वे चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भी उपलब्ध नहीं हो पाएंगे? बहरहाल, ये सवाल बहुत बड़ा भी है और गंभीर भी।

क्योंकि पिछले कुछ सालों से रोहित मुंबई और टीम इंडिया दोनों के लिए अहम रहे हैं। एक ओर जहां रोहित ने मुंबई को अपनी कप्तानी में दो आईपीएल खिताब जितवाए हैं वहीं दूसरी ओर टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी के लिए वह वरदान साबित हुए हैं। ऐसे में अगर रोहित चोटिल हो जाते हैं तो मुंबई इंडियंस को जहां नया कप्तान तलाशना होगा वहीं टीम इंडिया को नए ओपनर की तलाश करनी पड़ेगी। चलिए जान लेते हैं कि ऐसी विपरीत परिस्थिति में मुंबई इंडियंस की कप्तानी कौन संभाल सकता है।

मुंबई इंडियंस में कप्तानी की बात करें तो हरभजन सिंह इसके सबसे बड़े दावेदार दिखाई देते हैं। पहले भी वह कई बार मुंबई इंडियंस की कमाल संभाल चुके हैं। ऐसे में अगर रोहित अनफिट रहते हैं तो जाहिर तौर पर हरभजन जिम्मेदारी लेने को तैयार होंगे। वहीं अंतिम एकादश में रोहित की बतौर बल्लेबाज भरपाई करने के लिए सौरभ तिवारी को शामिल किया जा सकता है। तिवारी इसके पहले भी मुंबई इंडियंस की ओर से खेल चुके हैं और धमाल मचा चुके हैं। जाहिर है कि उन्हें मुंबई टीम की ओर से खेलने का बेसब्री से इंतजार होगा। वैसे ये बात भी साफ है कि मुंबई इंडियंस को दो टाइटल जितवाने वाले खिलाड़ी के बिना मैदान में उतरना और उस स्तर का प्रदर्शन करना कतई आसान नहीं होगा। [ये भी पढ़ें: धर्मशाला टेस्ट के लिए फिट नहीं विराट कोहली, श्रेयस अय्यर को बुलाया गया]

वैसे चैंपियंस ट्रॉफी में रोहित शर्मा खेलेंगे या नहीं खेलेंगे इसको लेकर अभी से कुछ भी नहीं कहा जा सकता क्योंकि अभी इस टूर्नामेंट को शुरू होने में तीन महीने का समय बाकी है। लेकिन हाल ही में शर्मा चार महीने के बाद चोट से उबरकर आए थे। हो सकता है कि उन्हें फिर से उतना ही समय लग जाए और ऐसे में उनका चैंपियंस ट्रॉफी में खेलना खटाई में पड़ सकता है। अब सवाल पैदा होता है कि रोहित का रीप्लेसमेंट कौन होगा?

वर्तमान परिदृश्य के हिसाब से देखें तो रिषभ पंत सबसे बड़े दावेदार मालूम होते हैं। पंत आक्रामक ओपनर हैं और पिछले दो सालों में उन्होंने घरेलू सीजन में अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की कई गौरवगाथाएं लिखी हैं। उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ एक मात्र टी20 मैच में मौका दिया गया था जहां वह एक चौका मारकर अंत तक नाबाद रहे थे। वैसे उनका चैंपियंस ट्रॉफी के संभावित खिलाड़ियों में चयन तो पक्का है। साथ ही अगर रोहित फिट नहीं होते तो उनका टीम में बतौर ओपनर स्थान बनाना पक्का नजर आता है।

trending this week