×

भारत-श्रीलंका टेस्ट सीरीज: विराट, धवन, अजिंक्य रहाणे समेत 6 बल्लेबाज छू सकते हैं ये मुकाम

कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 16 नवंबर से खेला जाएगा पहला टेस्ट मैच

शिखर धवन और विराट कोहली © AFP
शिखर धवन और विराट कोहली © AFP

भारत और श्रीलंका के बीच 3 टेस्ट मैचों की सीरीज का आगाज 16 नवंबर से हो रहा है। इस सीरीज का पहला मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला जाएगा। दूसरा टेस्ट मैच नागपुर में 24 नवंबर से और सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट दिल्ली में 2 दिसंबर से खेला जाएगा। इस सीरीज के दौरान टीम इंडिया के 5 बल्लेबाज और श्रीलंका का एक बल्लेबाज एक खास मुकाम छू सकता है। टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली, शिखर धवन, के एल राहुल, अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा और श्रीलंकाई कप्तान दिनेश चांदीमल अपने करियर के खास आंकड़ों को छूने के करीब हैं। आइए डालते हैं उनपर एक नजर:

1. विराट कोहली- टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली फर्स्ट क्लास करियर में कुल 6907 रन बना चुके हैं। उन्हें अपने फर्स्ट क्लास करियर में 7000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 93 रन की दरकार है जिसे वो श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में आसानी से हासिल कर लेंगे। 149 फर्स्ट क्लास पारियों में विराट ने 51.16 के धमाकेदार औसत से रन बनाए हैं। उनके नाम 24 शतक और 22 अर्धशतक हैं।

2. शिखर धवन- श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया के ओपनर शिखर धवन अपने 2 हजार टेस्ट रन पूरे कर सकते हैं। शिखर धवन 1822 टेस्ट रन बना चुके हैं और उन्हें दो हजार का आंकड़ा छूने के लिए 178 रन और बनाने हैं। वैसे शिखर धवन ने अगर 155 रन बना लिए तो उनके 8000 फर्स्ट क्लास रन भी पूरे हो जाएंगे।

3. अजिंक्य रहाणे- टीम इंडिया के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे 3000 टेस्ट रन पूरे करने के करीब हैं। रहाणे के 2809 टेस्ट रन हो चुके हैं और उन्हें 3000 के आंकड़े तक पहुंचने के लिए सीरीज में 191 रन बनाने होंगे। रहाणे के 8720 फर्स्ट क्लास रन हैं और 280 रन बनाते ही वो 9000 का आंकड़ा छू लेंगे।

4. चेतेश्वर पुजारा-टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया की दीवार माने जाने वाले चेतेश्वर पुजारा के पास 13 हजार फर्स्ट क्लास रन पूरा करने का मौका है। पुजारा के 12927 रन पूरे हो चुके हैं उन्हें 13 हजार रन पूरे करने के लिए 73 रन की जरूरत है।

5. के एल राहुल- टीम इंडिया के युवा ओपनर के एल राहुल भी 5000 फर्स्ट क्लास रन पूरे करने वाले हैं। श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में अगर राहुल 58 रन बना लेते हैं तो उनके 5 हजार फर्स्ट क्लास रन पूरे हो जाएंगे।

[link-to-post url=”https://www.cricketcountry.com/hi/news/india-vs-sri-lanka-2017-r-ashwin-on-the-verge-of-fastest-300-test-wickets-659721″][/link-to-post]

6. दिनेश चांदीमल- श्रीलंका के टेस्ट कप्तान दिनेश चांदीमल के लिए भी 3 टेस्ट मैचों की सीरीज में एक अहम मुकाम हासिल करने का मौका है। दिनेश चांदीमल अगर 70 रन बना लेते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में उनके 3000 रन पूरे हो जाएंगे।

trending this week