×

प्यार की पिच पर ऐसे आगे बढ़ी विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की 'साझेदारी'

साल 2013 में पहली बार एक-दूसरे से मिले थे विराट और अनुष्का

विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी की तस्वीरें (साभार- विराट कोहली का ट्विटर अकाउंट)
विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की शादी की तस्वीरें (साभार- विराट कोहली का ट्विटर अकाउंट)

विराट कोहली जो कि क्रिकेट की दुनिया का चमकता सितारा है और अनुष्का शर्मा ये हैं बॉलीवुड का वो चांद जिस पर हर कोई जान छिड़कता है। इटली में इन दोनों हस्तियों ने एक होने का फैसला किया और टस्कनी शहर के एक खूबसूरत से रिसॉर्ट में शादी रचा ली। अनुष्का और विराट का रिश्ता ऐसे ही शादी के मुकाम तक नहीं पहुंचा। इन दोनों को भी अपने चार साल के इस खूबसूरत रिश्ते में कई गम, मुसीबतों का सामना करना पड़ा और इस दौरान इस कपल को खुशियों की कई सौगात मिली। आइए एक नजर डालते हैं कि कैसे प्रेम के ये दोनों पंछी एक हुए।

1. साल 2013- विराट कोहली और अनुष्का शर्मा की मुलाकात साल 2013 में एक विज्ञापन की शूटिंग के दौरान हुई। ये दोनों ही एक शैंपू के ऐड पर एक दूसरे से मिले। विराट कोहली ने जब अनुष्का को देखा तो वो देखते ही रह गए। विराट कोहली ने एक इंटरव्यू में खुद इस बात का खुलासा किया कि जब वो पहली बार अनुष्का से मिले तो उन्हें देखते ही रह गए थे।

2. साल 2014- विज्ञापन की शूटिंग के दौरान एक दूसरे से आंखें चार होने के बाद अनुष्का और विराट की नजदीकियां बढ़ी। कभी विराट कोहली अनुष्का की शूटिंग लोकेशन पर पहुंच जाते तो कभी अनुष्का भी विराट को चीयर करने स्टेडियम में नजर आती। मीडिया में इन दोनों की नजदीकियों की खबरें लगातार छप रही थी, और विराट ने इस खबर पर लाखों लोगों के सामने स्टेडियम में मुहर लगाई। विराट ने श्रीलका के खिलाफ हैदराबाद वनडे में शतक लगाने के बाद अनुष्का शर्मा को बल्ले से फ्लाइंग किस दिया। इसके बाद ये दोनों कपल इंडियन सुपर लीग के मैच में भी साथ दिखाई दिए।

3. साल 2015- ये साल वर्ल्ड कप का था और टीम इंडिया सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया से हार गई। विराट कोहली इस मैच में नाकाम रहे और लोगों ने अनुष्का शर्मा को ट्रोल करना शुरू किया। इसके बाद विराट कोहली ने जमाने से लड़ते हुए अनुष्का शर्मा का बचाव किया। ये वो दौर था जब खबरें थी कि विराट और अनुष्का शर्मा का ब्रेकअप हो गया है, लेकिन विराट ने इंस्टाग्राम पर अनुष्का शर्मा के पक्ष में अपनी बातें लिखी।

 

4. साल 2016- विराट कोहली और अनुष्का शर्मा पहली बार साथ में नाचते नजर आए। युवराज सिंह की शादी में इन दोनों ने जमकर भांगड़ा किया। इसके बाद विराट और अनुष्का उत्तराखंड के अनुष्का धाम गए जहां उनके परिवार वाले भी मौजूद थे। कई लोगों को लगा कि इन दोनों की यहां सगाई हुई है लेकिन विराट ने इन सभी खबरों का खंडन किया।

5. साल 2017- विराट और अनुष्का एक दूसरे से समय मिलने पर लगातार मुलाकात करते रहे। अनुष्का शर्मा विराट से मिलने श्रीलंका पहुंच गई। माना जा रहा था कि यहीं इन दोनों ने अपनी शादी की तारीख फिक्स की। वैसे चैंपियंस ट्रॉफी के बाद विराट कोहली अनुष्का शर्मा से मिलने न्यूयॉर्क गए। इससे पहले विराट और अनुष्का साथ में सचिन पर बनी फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग पर पहुंचे। नवंबर 2017 में इंडियन स्पोर्ट्स अवॉर्ड में दोनों फिर से एक साथ दिखाई दिए। नवंबर 2017 में जहीर खान और सागरिका घाटगे की वेडिंग रिसेप्शन पर दोनों ने जमकर डांस किया। और अब 11 दिसंबर को अनुष्का और विराट कोहली इटली में एक दूसरे के हो गए, दोनों ने सात फेरे ले लिए।

trending this week