इन गेंदबाजों के बैटिंग रिकॉर्ड्स को देखकर बड़े से बड़ा बल्लेबाज भी शरमा जाए
अजीत अगरकर के नाम बल्लेबाजी में कई रिकॉर्ड दर्ज हैं।
Published On Sep 30, 2016, 01:23 PM IST
Last UpdatedSep 30, 2016, 01:23 PM IST

क्रिकेट में पिछले कुछ दशकों से गेंदबाज के द्वारा भी उपयोगी बल्लेबाजी का ट्रेंड चला है। यही कारण है कि अब गेंदबाज बल्लेबाजी में नेट पर अभ्यास करते जब तब नजर आ ही जाते हैं। पिछले कुछ दशकों में कई गेंदबाजों ने बल्लेबाजी में कई ऐसे रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं जो कई मंजे हुए बल्लेबाजों के लिए टेढ़ी खीर दिखाई देते हैं। गौर करने वाली बात है कि बेहतरीन बल्लेबाजी के ज्यादातर रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के नाम हैं। आज हम ऐसे ही पांच गेंदबाजों से जुड़े बल्लेबाजी रिकॉर्ड्स के बारे में आपको बताएंगे जो उन्हें विशेषज्ञ बल्लेबाजों की लाइन में खड़ा करते हैं।
1. जेसन गिलेस्पी: अपनी खतरनाक गेंदबाजी से सचिन तेंदुलकर जैसे बल्लेबाज का पसीना छुड़ाने वाले जेसन गिलेस्पी ने गेंदबाजी में वैसे तो कई मुकाम छुए। लेकिन बल्लेबाजी में भी वह किसी से कम नहीं थे। साल 2006 में तो गिलेस्पी ने चिटगांव में बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट मैच में दोहरा शतक 201 ठोककर क्रिकेट में एक नया रिकॉर्ड कायम कर दिया था।
गिलेस्पी द्वारा बनाए गए 201 रन किसी नाइटवॉचमैन द्वारा एक पारी में बनाया गया सर्वाधिक स्कोर है। इस पारी के दौरान गिलेस्पी ने माइक हसी के साथ 320 रनों की साझेदारी निभाई थी और ऑस्ट्रेलिया ने 581 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था। इस दौरान गिलेस्पी ने 574 मिनट बल्लेबाजी करते हुए 425 गेंदों का सामना किया था। यह बताता है कि गिलेस्पी बल्लेबाजी में कितने निपुण थे। जिस दिन गिलेस्पी ने दोहरा शतक जड़ा उस दिन 19 अप्रैल यानि कि उनका जन्मदिन था।
2. अजीत अगरकर: भारतीय तेज गेंदबाज अजीत अगरकर ने वैसे तो कई मौकों पर अपनी बल्लेबाजी का जौहर क्रिकेट मैदान पर दिखाया है। लेकिन जब उन्होंने लॉर्ड्स के मैदान पर शतक जड़ा तो सभी भौंचक्के रह गए। गौर करने वाली बात ये है कि खुद सचिन तेंदुलकर लॉर्ड्स के मैदान पर शतक नहीं जमा पाए हैं। बैट से अगरकर के नाम कई स्पेशल रिकॉर्ड दर्ज हैं। अगरकर के नाम भारत की ओर से वनडे में सबसे तेज अर्धशतक जड़ने का रिकॉर्ड दर्ज है। उन्होंने साल 2000 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 21 गेंदों में अर्धशतक जमाया था। इस मैच में 268 के स्ट्राइक रेट के साथ अगरकर ने 25 गेंदों में 67 रन बनाए थे।
3. शेन वॉर्न: शेन वॉर्न बिना किसी शक के दुनिया के बेहतरीन स्पिनर हैं। लेकिन अपनी घूमती हुई गेंदों के अतिरिक्त उन्होंने क्रिकेट में अपने बैट से भी कई कमाल दिखाए हैं। उनके नाम टेस्ट मैचों में बिना शतक के सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड दर्ज है। वार्न ने 145 टेस्ट मैचों में 3,145 रन बनाए हैं। टेस्ट में उनका सर्वोच्च स्कोर 99 है जो उन्होंने साल 2001 में न्यूजीलैंड के खिलाफ पर्थ में बनाया था।
4. एस्टन एगर: ऑस्ट्रेलिया के विशुद्ध स्पिन गेंदबाज एस्टन एगर ने साल 2013 में इंग्लैंड के विरुद्ध अपने पहले टेस्ट मैच में 11वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 98 रनों की पारी खेली थी और इस दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए थे। उनके नाम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में नंबर 11 के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वोच्च स्कोर दर्ज है। इसी मैच में उन्होंने फिल ह्यूज 81 के साथ अंतिम विकेट के लिए 163 रन जोड़े थे जो अपने आपमें रिकॉर्ड है।
5. वसीम अकरम: साल 1996 में वसीम अकरम ने जिम्बाब्वे के खिलाफ 257 रनों की पारी खेली थी। अपनी इस पारी के दौरान अकरम ने कुल 12 छक्के जड़े थे। अकरम के द्वारा जड़े गए एक पारी में इतने छक्के अभी भी किसी बल्लेबाज द्वारा जड़े गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। साथ ही अकरम के 257 रन किसी भी 8वें नंबर के बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन हैं।