वनडे में इन 7 सूरमाओं पर होगी टीम को जिताने की चुनौती

भारत ने टेस्ट में विराट की कप्तानी में न्यूजीलैंड को आसानी से हरा दिया ऐसे में धोनी पर भी टीम को जिताने का दबाव होगा

Edited By : Manoj Shukla |Oct 12, 2016, 05:05 PM IST

Published On Oct 12, 2016, 05:05 PM IST

Last UpdatedOct 12, 2016, 05:05 PM IST

भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार से वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है © AFP
भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार से वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है © AFP

तीन मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत ने न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ कर दिया। टेस्ट सीरीज में भारत ने न्यूजीलैंड की एक नहीं चलने दी और सीरीज को एकतरफा जीतकर नंबर एक की कुर्सी भी हासिल कर ली। टेस्ट मैचों में भारत के कई खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। चेतेश्वर पुजारा, मुरली विजय, आर अश्विन, रविंद्र जडेजा पहले तीन वनडे मैचों में नहीं खेलेंग। टेस्ट सीरीज में इन्होंने भारतीय टीम की जीत में अहन भूमिका निभाई थी। चेतेश्वर पुजारा जहां सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे तो आर अश्विन सीरीज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज। जाहिर है दोनों की अनुपस्थिथि में वनडे में जीत दर्ज करना भारतीय टीम के लिए किसी चुनौती से कम नहीं होगा।

रविवार से शुरू हो रही वनडे सीरीज में भारतीय टीम के वो कौन से खिलाड़ी होंगे जिनके कंधों पर भारत को जीत दिलाने का दारोमदार होगा। वनडे सीरीज के लिए शुरुआत के 3 मैचों के लिए भारतीय टीम का चयन हो चुका है। टीम में कई खिलाड़ियों की वापसी हुई है, तो कई खिलाड़ियों को आराम दिया गया है। आइए नजर डालते हैं 7 भारतीय खिलाड़ियों पर जो भारत के लिए जीत में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

7. उमेश यादव:
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज उमेश यादव हालांकि टेस्ट में उतने प्रभावशाली नहीं रहे थे, लेकिन नीली जर्सी और सफेद गेंद के साथ उमेश यादव से टीम को काफी अपेक्षाएं होंगी। यादव की गति और स्विंग टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। पहला मैच धर्मशाला में होना है जहां ठंड ने दस्तक दे दी है, ऐसे में तेज गेंदबाज खासकर उमेश यादव इसका पूरा फायदा उठाना चाहेंगे और कीवी बल्लेबाजों के लिए मुसीबत खड़ी करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे। उमेश यादव ने अब तक 57 एकदिवसीय मैचों में 33 की औसत से 79 विकेट लिए हैं। जिनमें उनका सर्वश्रेष्ठ 31 रन देकर 4 विकेट रहा है, इस दौरान उमेश यादव ने 3 बार चार विकेट लेने में कामयाबी हासिल की है। हालांकि न्यूजीलैंड के खिलाफ उमेश यादव का ये पहला वनडे मुकाबला होगा और यादव इसे यादगार जरूर बनाना चाहेंगे।

6. अमित मिश्रा:
अमित मिश्रा को न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में खेलने का मौका नहीं मिला लेकिन वनडे मैचों में वो अपने प्रदर्शन से ये साबित करना चाहेंगे कि टेस्ट में उन्हें न खिलाना चयनकर्ताओं की भूल थी। वनडे टीम में अश्विन और जडेजा को पहले तीन मैचों के लिए आराम दिया गया है, ऐसे में स्पिन गेंदबाजी का दारोमदार अमित मिश्रा के कंधों पर ही होगा। अमित मिश्रा ने जब से वापसी की है उन्होंने षशानदार गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश किया है। अमित मिश्रा ने अब तक 31 वनडे मैचों में 26 की औसत से 49 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ 48 रन देकर 6 विकेट रहा है। अमित मिश्रा ने अपने करियर में दो बार चार विकेट और एक बार पांच या पांच से ज्यादा विकेट लेने में कामयाबी पाई है। अमित मिश्रा के लिए भी न्यूजीलैंड के खिलाफ गेंदबाजी करने का यह पहला अनुभव होगा, मिश्रा ने वनडे में न्यूजीलैंड के खिलाफ अब तक कोई मैच नहीं खेला है।

5. सुरेश रैना:
सुरेश रैना के बारे में कहा जाता है कि उनमें गजब की प्रतिभा है, लेकिन वो अपनी प्रतिभा के साथ कभी न्याय नहीं करते। रैना ऐसे बल्लेबाज हैं जो किसी भी समय कहीं से भी भारत को मैच जिता सकते हैं। रैना कभी भी किसी भी क्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं और तेजी से रन बनाने के लिए जाने जाते हैं। लेकिन इस बार रैना के लिए चुनौती आसान नहीं होगी। लगभग एक साल बाद टीम में वापसी कर रहे सुरेश रैना के ऊपर अच्छे प्रदर्शन करने का दबाव होगा और साथ ही टीम में अपनी जगह पक्की करने का। रैना को अपने खेल में परिपक्वता दिखानी होगी और गेंदबाजों की शॉर्ट गेंदों पर भी अपने आपको साबित करके दिखाना होगा। रैना के वनडे करियर की बात करें तो रैना ने 223 मैचों में 35 की औसत से 5568 रन बनाए हैं। इस दौरान रैना ने 5 शतक और 36 अर्धशतक लगाए हैं। रैना का स्ट्राइक रेट 93 का है। बल्लेबाजी के साथ रैना गेंदबाजी में भी टीम के लिए कई मौकों पर उपयोगी साबित हुए हैं और फील्डिंग में रैना का कोई सानी नहीं है। साफ है रैना के पास अनुभव की कोई कमी नहीं है। सुरेश रैना ने कीवी टीम के खिलाफ 13 मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 34 की औसत से 274 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। साफ है रैना को अपने अनुभव के आधार पर टीम के लिए अच्छा खेलकर अपने आलोचकों को बताना होगा कि वो भारत के सबसे अच्छे खिलाड़ियों में से एक हैं।

4. रोहित शर्मा:
टेस्ट सीरीज में अपने बल्ले से कमाल दिखाने वाले रोहित शर्मा ने टेस्ट में जिस तरह की बल्लेबाजी की थी उससे उन्होंने उन सभी के मुंह में ताले जड़ दिए थे जो उनकी तकनीक में सवाल उठाता था। वनडे की बात करें तो वनडे के सबसे स्टाइलिश बल्लेबाजों में शुमार रोहित शर्मा जर्सी बदलते ही और खतरनाक हो जाते हैं। रोहित के नाम वनडे में कई रिकॉर्ड दर्ज हैं। रोहित शर्मा ने 148 मैचों में 42 की औसत से पांच हजार से ज्यादा रन बनाए हैं, जिनमें उनका सर्वोच्च 264 रन है। इस दौरान रोहित शर्मा ने 10 शतक और 28 अर्धशतक लगाए हैं। रोहित वनडे मैचों में भारत के सबसे बड़े मैच विनर हैं। हाल ही में टेस्ट सीरीज में भी रोहित का बल्ला जमकर गर्जा था। ऐसे में रोहित न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित हो सकते हैं। रोहित शर्मा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले गए अब तक 10 मैचों में 33 की औसत से 174 रन बनाए हैं, जिसमें उनके नाम एक अर्धशतक दर्ज है। रोहितच शर्मा को टीम से काफी अपेक्षाएं हैं और इस बात की पूरी उम्मीद है कि रोहित शर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ भी शानदार खेल दिखाएंगे।

3. अजिंक्य रहाणे:
टेस्ट में लाजवाब प्रदर्शन करने वाले बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे टीम के ऐसे खिलाड़ी हैं जो खेल के किसी भी फॉर्मेट में टीम के लिए उपयोगी बल्लेबाज हैं। रहाणे ने भारत को कई मौकों पर हारते-हारते मैच जिताए हैं। रहाणे ऐसे बल्लेबाज हैं जो ओपनिंग से लेकर नंबर 6 तक किसी भी क्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं। हालांकि रहाणे ने अब तक वनडे मैचों में अपने नाम के अनुरूप प्रदर्शन नहीं किया है, लेकिन रहाणे अपने रिकॉर्ड को सुधारने की भरपूर कोशिश करेंगे। अब तक खेले गए 67 वनडे मैचों में रहाणे ने 33 की औसत से 2093 रन बनाए हैं। जनमें उनके नाम 2 शतक और 15 अर्धशतक हैं। रहाणे जिस तरह की फॉर्म में चल रहे हैं उसे देख कर तो यही लगता है कि टेस्ट के बाद वनडे में भी वह न्यूजीलैंड के लिए खतरा साबित हो सकते हैं।

2. एमएस धोनी:
भारतीय वनडे और टी-20 टीम के कप्तान लंबे ब्रेक के काद एक बार फिर से मैदान में वापसी के लिए तैयार हैं। हाल ही में सिनेमाघरों में रिलीज हुई धोनी की फिल्म ने धमाल मचाया है तो मैदान में धोनी कुछ ऐसा ही करने की सोच रहे होंगे। वैसे वनडे मुकाबलों में धोसी का जवाब नहीं है, मिस्टर फिनिशर के तौर पर पहचाने जाने वाले धोनी ने भारत को कई ऐसे मैच जिताए हैं जब लग रगा था कि भारत यह मैच आसानी से हार जाएगा। वनडे में धोनी की काबिलियत पर किसी को भी तनिक सा भी संदेह नहीं है। धोनी ने अब तक अपने करियर में 278 वनडे मैचों में 51 की शानदार औसत और 89 के स्ट्राइक रेट के साथ आठ हजार से भी ज्यादा रन बनाए हैं। इस दौरान धोनी ने 9 शतक और 60 अर्धशतक लगाए हैं। हालांकि धोनी पर न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम को सीरीज जितवाने का दवाब जरूर होगा, टेस्ट सीरीज में जहां भारत ने कोहली की कप्तानी में न्यूजीलैंड को बुरी तरह हराया है तो धोनी को भी अपनी कप्तानी में टीम को जीत दिलवाना होगा। कोहली की कप्तानी में भारत लगातार अच्छा खेल रहा है ऐसे में चयनकर्ता कोहली को वनडे में भी कप्तानी का जिम्मा सौंप सकते हैं। धोनी के लिए चुनौती सिर्फ बल्ले से कमाल दिखाने की ही नहीं होगी, बल्कि इस बात की भी होगी कि वह मैदान मे किस तरह की रणनीति बनाते हैं।

1. विराट कोहली:
आत्म विश्वास से लबरेज टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली अब ऐसे फॉर्मेट में कदम रखने वाले हैं जो उनका सबसे पसंदीदा है। जीं हां, टेस्ट के बाद विराट कोहली एक बार फिर तैयार हैं वनडे में जलवा दिखाने के लिए। विराट कोहली वनडे में भी टेस्ट की कामयाबी को दोहराना चाहेंगे। हाल ही में तीसरे टेस्ट में दोहरा शतक लगाने वाले विराट कोहली ने ठीक समय पर अपनी फॉर्म को हासिल कर लिया। वैसे तो विराट ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें चुप रखना विरोधियों के लिए कतई आसान नहीं रहता। विराट के वनडे करियर की बात करें तो विराट कोहली ने अब तक 171 मैचों में 51 की बेहद शानदार औसत से सात हजार से ज्यादा रन बनाए हैं, इस दौरान कोहली ने 25 शतक और 36 अर्धशतक लगाए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 89 का है। साफ है कोहली के शतक और अर्धशतकों के बीच ज्यादा फासला नहीं है और इसी रफ्तार से अगर कोहली रन बनाते रहे है तो उनके शतकों की संख्या अर्धशतकों से भी ज्यादा हो जाएगी। न्यूजीलैंड के खिलाफ कोहली ने 11 मैचों में 53 की औसत से पांच सौ से ज्यादा रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 2 शतक और 4 अर्धशतक लगाए हैं। साफ है अगर भारत को न्यूजीलैंड को टेस्ट के बाद वनडे में भी धूल चटानी है तो इन 7 खिलाड़ियों को जरूर चलना होगा।

Editor's Pick