×

रोहित और कोहली के बीच शुरू हुआ 'साइलेंट वार'

रोहित शर्मा पिछले कुछ समय से जबरदस्त फॉर्म में हैं।

user-circle cricketcountry.com Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - February 26, 2016 6:32 PM IST

रोहित शर्मा और विराट कोहली ©PTI
रोहित शर्मा और विराट कोहली ©PTI

भारत ने एशिया कप के पहले मैच में मेजबान बांग्लादेश को 45 रनों से हराते हुए टूर्नामेंट का शानदार अंदाज में आगाज किया है। साथ ही भारतीय टीम ने इस मैच को जीतने के साथ दो प्वाइंट भी अपनी झोली में डाल लिए हैं। भारतीय टीम की इस जीत का सर्वाधिक श्रेय भारतीय शीर्ष क्रम के बल्लेबाज रोहित शर्मा को जाता है जिन्होंने 55 गेंदों में 83 रनों की पारी खेलते हुए भारतीय टीम को कठिन परिस्थितियों से उबारते हुए 20 ओवरों में 166 के अच्छे टोटल तक पहुंचाया। रोहित को उनकी बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड से भी नवाजा गया। रोहित पिछले कुछ समय से लगातार बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे हैं। लेकिन रोहित की बल्लेबाजी ने भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में एक ‘साइलेंट वार’ को जन्म दे दिया है। ये युद्ध ज्यादा रन बनाने का है, जो दो चोटी के भारतीय बल्लेबाजों रोहित शर्मा और विराट कोहली के बीच शुरू हो गया है। 28 साल के रोहित हर मैच के साथ भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान विराट कोहली को रन बनाने के मामले में चुनौती दे रहे हैं। ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया के संभावित 11 खिलाड़ी

पिछले मैच में रोहित ने जहां 83 रनों की पारी खेली थी वहीं विराट मात्र 7 रन बनाकर आउट हो गए थे। पिछले मैच में 83 रन बनाने के बाद रोहित बांग्लादेश के खिलाफ टी20 में सर्वाच्च स्कोर बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। इसके पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था जिन्होंने मार्च 28, 2014 को बांग्लादेश के विरुद्ध 50 गेंदों में 57 रन बनाए थे। रोहित और कोहली ने टी20 में भारत की जीत में 9 अर्धशतक लगाए हैं। उनके आगे सिर्फ न्यूजीलैंड के ब्रेंडन मैकलम हैं जिन्होंने अपनी टीम की जीत के दौरान टी20 में सर्वाधिक 12 अर्धशतक लगाए हैं। आंकड़े बताते हैं कि बुधवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में रोहित ने भारतीय टीम के कुल स्कोर का 50 प्रतिशत स्कोर अकेले बनाया था। कुल व्यक्तिगत स्कोर के प्रतिशत के आधार पर यह पांचवां उच्चतम व्यक्तिगत स्कोर है। ये भी पढ़ें: एशिया कप 2016: पाकिस्तान को धूल चटाने के लिए तैयार धोनी के शेर

TRENDING NOW

साल 2014 विश्व कप टी20 के भारत-श्रीलंका फाइनल के दौरान कोहली ने 77 रनों की पारी खेली थी जो भारत के कुल स्कोर का 59.23 प्रतिशत थी। यह अब तक टीम के कुल स्कोर में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है। इस मैच को श्रीलंका ने 6 विकेट से जीत लिया था। रोहित जो क्रिकेट के इस छोटे प्रारूप में स्ट्रोक खेलने की महारत हासिल करते जा रहे हैं वह अब तक टी20 क्रिकेट में 11 अर्धशतक लगा चुके हैं। उनके आगे भारतीय टीम में सिर्फ विराट कोहली ही हैं जिनके नाम टी20 क्रिकेट में 12 अर्धशतक हैं। तीसरे, चौथे और पांचवें स्थान पर क्रमशः युवराज सिंह, गौतम गंभीर और सुरेश रैना हैं। अगर आप टी20 क्रिकेट में इन दोनों बल्लेबाजों की औसत पर नजर दौड़ाएं तो कोहली ने 48.88 की औसत से रन बनाए हैं वहीं रोहित शर्मा ने 34.81 की औसत से रन बटोरे हैं। लेकिन ध्यान देने वाली बात यह है कि रोहित ने पिछले कुछ समय में अपना औसत तेजी से बढ़ाया है। भारत का एशिया कप में अगला मुकाबला चिर प्रतिद्वंदी पाकिस्तान के साथ है। ऐसे में भारत के इन दोनों बल्लेबाजों के बीच चल रहा अंर्तद्वंद देखना दिलचस्प होगा।