Watch: 24 गेंद..20 रन..4 विकेट...गुलबदीन ने ऐसे पलट दी बाजी, बनाया अनोखा रिकॉर्ड

ऑस्ट्रेलिया और अफगानिस्तान दोनों ने एक एक मैच जीता है जबकि भारत दोनों मैच जीतकर T20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 के ग्रुप एक में शीर्ष पर है.

Edited By : Vanson Soral |Jun 23, 2024, 11:54 AM IST

Published On Jun 23, 2024, 11:54 AM IST

Last UpdatedJun 23, 2024, 11:54 AM IST

Gulbadin Naib

PIC- @ACB

गुलबदीन नैब. अफगानिस्तान क्रिकेट के इतिहास में ये नाम अब स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो चुका है. गुलबदीन नैब ने ICC T20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 मैच में गेंद से इस कदर कहर बरपाया कि इंटरनेशनल क्रिकेट में अफगान टीम ने पहली बार ऑस्ट्रेलिया को पानी पिला दिया. अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से मात दी. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 148 रन बनाये और जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 19.2 ओवर में 127 रन पर ऑलआउट हो गई. इंटरनेशनल क्रिकेट में अफगानिस्तान की ऑस्ट्रेलिया पर यह पहली जीत है.

अफगानिस्तान की इस ऐतिहासिक जीत के सबसे बड़े हीरो रहे गुलबदीन नैब ने ऑस्ट्रेलिया के 4 बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई. आइए जानते हैं गुलबदीन ने कैसे दिलाई अफगानिस्तान को इतनी बड़ी और ऐतिहासिक जीत.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

गुलबदीन नैब ने लिखी अफगानिस्तान की जीत की इबारत

लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 5.1 ओवर में 32 रन पर 3 बड़े विकेट खो दिए थे. ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही. उसने पहले ओवर की तीसरी गेंद पर शून्य के स्कोर पर ट्रेविस हेड के रूप में पहला विकेट गंवा दिया. नवीन-उल-हक की गेंद उनका मिडिल स्टंप ले उड़ी. हक ने मैच के तीसरे ओवर में मिशेल मार्श (12) को धीमी गेंद पर मोहम्मद नबी के हाथों कैच कराया. उस समय ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 16 रन था.

छठे ओवर की पहली गेंद पर डेविड वॉर्नर मोहम्मद नबी का शिकार बने. इसके बाद मैक्सवेल और मार्कस स्टोइनिस (11) के बीच 39 रन की साझेदारी हुई. 10 ओवर तक ऐसा लग रहा था जैसे ऑस्ट्रेलिया आसानी से मैच निकाल ले जाएगा लेकिन फिर राशिद खान ने गेंद गुलबदीन को थमाई और यहीं से मैच का रूख बदल गया.

पहला विकेट: 11वें ओवर में गुलबदीन नैब ने तीसरी ही गेंद पर मार्कस स्टोइनिस को पवेलियन भेजा. नैब ने मार्कस स्टोइनिस को बाउंसर पर गुरबाज के हाथों लपकवाया. स्टोइनिस सिर्फ 11 रन बना सके.

दूसरा विकेट: गुलबदीन ने अपने दूसरे ओवर में फिर बड़ा कमाल किया और खतरनाक टिम डेविड को 2 रन के निजी स्कोर पर चलता कर दिया. इस तरह आस्ट्रेलिया का स्कोर 13वें ओवर में पांच विकेट पर 85 रन हो गया.

तीसरा विकेट: आधी टीम आउट होने के बावजूद ग्लैन मैक्सवेल एक छोर पर डटे रहे और अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया. लेकिन आज गुलबदीन का दिन था. 15वें ओवर की चौथी गेंद पर नैब ने मैक्सवेल को नूर अहमद के हाथों कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया उम्मीदों को बड़ा झटका दे दिया.

चौथा विकेट: गुलबदीन का चौथा शिकार बने पैट कमिंस. 17वें ओवर में कमिंस पर जीत दिलाने का दवाब था जिसका भरपूर फायदा अफगान गेंदबाज ने उठाया. पैट कमिंस को बोल्ड करने के साथ ही नैब ने अफगान की जीत पक्की कर दी.

गुलबदीन नैब ने चार ओवर में 20 रन देकर चार विकेट चटकाए जबकि नवीन-उल-हक ने चार ओवर में 20 रन देकर तीन विकेट झटके. इस मैच में अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने 8 गेंदबाजों का इस्तेमाल किया.

T20 वर्ल्ड कप में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी

  • 4/11 – रविचंद्रन अश्विन, मीरपुर, 2014
  • 4/20 – गुलबदीन नैब, किंग्सटाउन, 2024*
  • 4/26 – शादाब खान, दुबई, 2021

Editor's Pick