add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

'देश के लिए करना है...', कोच पद के लिए गौतम गंभीर को कैसे मनाया

गौतम गंभीर टीम इंडिया के कोच पद के दावेदारों में सबसे आगे हैं. लेकिन आखिर यह बात कैसे बनी और क्या है इनसाइड स्टोरी.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - May 29, 2024 8:50 AM IST

राहुल द्रविड़ के बाद कौन? भारतीय क्रिकेट में इस समय यह सबसे बड़ा सवाल है. टी20 वर्ल्ड कप के बाद द्रविड़ का बतौर टीम इंडिया कोच कार्यकाल समाप्त हो रहा है. और अभी तक यह तय नहीं है कि उनका उत्तराधिकारी कौन होगा. इस पद के लिए कई नाम सामने आए. इसमें कुछ पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों के नाम भी थे. जस्टिन लैंगर और रिकी पोंटिंग के नामों पर चर्चा हुई. हालांकि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सचिव जय शाह ने साफ कर दिया कि किसी भी पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर से बात नहीं की गई है.

द्रविड़ कोच के रूप में अपना कार्यकाल आगे जारी नहीं रखेंगे, यह बात तभी साफ हो गई थी जब शाह ने यह कहा था कि जो भी कोच बनेगा उसे अप्लाई करना होगा. यहीं से साफ हो गया था कि द्रविड़ अब कोच नहीं रहेंगे. कोच के तौर पर BCCI किसी भारतीय को ही देखना चाहता है. बोर्ड का मानना है कि ऐसा व्यक्ति टीम इंडिया का कोच बनना चाहिए जो भारतीय खिलाड़ियों और भारतीय घरेलू क्रिकेट को समझता हो. और ऐसे में दो नाम सामने आए- वीवीएस लक्ष्मण और गौतम गंभीर. लक्ष्मण फिलहाल नैशनल क्रिकेट अकादमी, बेंगलुरु की कमान संभाल रहे हैं. लक्ष्मण कोच बनने के इच्छुक नहीं हैं. वह साल में 10 महीने व्यस्त नहीं रह सकते. ऐसे में चर्चा का केंद्र बिंदु बने गौतम गंभीर.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

गंभीर की मेंटॉरशिप में कोलकाता नाइट राइडर्स ने जिस तरह से आईपीएल 2024 में प्रदर्शन किया उसकी खूब तारीफ हो रही है. हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि गंभीर हाल ही में केकेआर के साथ जुड़े हैं. क्या वह टीम को ऐसे ही छोड़कर जाएंगे. यह भी सोचने वाली बात है.

लेकिन क्रिकबज की मानें तो जय शाह और गंभीर के बीच आईपीएल 2024 के बाद जो चर्चा हुई उसमें एक ही बात कही गई. और यहीं से इस पर लगभग मुहर लग गई कि गंभीर ही टीम इंडिया के अगले कोच होंगे. दोनों के बीच बातचीत का मुख्य मुद्दा ‘देश के लिए करना है.’ दोनों इस बात को लेकर एकमत हैं.

देश के लिए गंभीर के मन में बहुत सम्मान हैं और इसी बात को लेकर शाह ने गंभीर को मनाया. हालांकि इस बीच कई सवाल थे. दो सीजन लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ रहने के बाद गंभीर अभी हाल ही में केकेआर से साथ जुड़े. ऊपर से टीम इंडिया का कोच बनने का अर्थ है कि आपको काफी यात्रा करनी पड़ती है. साल में कम से कम 10 महीने तक टीम सफर करती है. इसके अलावा गंभीर की दो बेटियां भी अभी छोटी हैं. पारिवारिक जिम्मेदारी भी गंभीर के लिए बहुत अहम हैं. और इन सब बातों पर भी चर्चा हुई होगी.

सोमवार 27 मई को कोच पद के लिए आवेदन भेजने की आखिरी तारीख थी. और ऐसी खबरें भी हैं कि शायद उन्होंने इस पद के लिए आवेदन कर दिया है. हालांकि इसकी पुष्टि कहीं से नहीं हुई है.

एक आईपीएल फ्रैंचाइजी, जो बीसीसीआई के काफी करीब है, ने बताया पहले ही बताया था कि गंभीर के नाम पर मुहर लग चुकी है और इसकी पुष्टि जल्द ही हो जाएगी.