• Home
  • News
  • England vs west indies manchester test day 5 highlights ben stokes guides england to thrilling win against west indies 4090345

ENG vs WI 2nd Test Day 5 Highlights: मैनचेस्टर में छाए स्टोक्स

2019 वर्ल्ड कप फाइनल के हीरो रहे बेन स्टोक्स ने मैनचेस्टर टेस्ट मैच में धमाकेदार प्रदर्शन कर इंग्लैंड को 3 मैचों की सीरीज में बराबरी दिलाई

Edited By : Kamlesh Rai |Jul 21, 2020, 09:24 AM IST

Published On Jul 21, 2020, 09:24 AM IST

Last UpdatedJul 21, 2020, 09:24 AM IST

England vs West Indies Manchester Test Highlights: इंग्लैंड और वेस्टइंडीज के बीच मैनचेस्टर में खेले गए सीरीज के दूसरे टेस्ट मैच में मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे मेजबान टीम के ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) , जिन्होंने बल्ले से धमाल मचाने के बाद गेंद से भी कमाल दिखाया. नतीजतन इंग्लैंड की टीम ओल्ड ट्रेफर्ड के मैदान पर मेहमान वेस्टइंडीज को 113 रन से हराकर 3 मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर करने में सफल रही. सीरीज का तीसरा और निर्णायक मैच 24 जुलाई से खेला जाएगा. वेस्टइंडीज अगर यह सीरीज ड्रॉ करा लेती है तो विज्डन ट्रॉफी (Wisdon Trophy) उसके पास रहेगी क्योंकि पिछले साल उसने इंग्लैंड को घरेलू सीरीज में हराया था .

विंडीज के सामने 312 रन का लक्ष्य था

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इंग्लैंड के दूसरे टेस्ट के पांचवें और अंतिम दिन विंडीज के सामने 312 रन का लक्ष्य रखा था. दूसरी पारी में ओपनिंग के लिए उतरे बेन स्टोक्स ने 57 गेंद में नाबाद 78 रन की पारी खेल अपनी टीम को जोरदार शुरुआत दी. इंग्लैंड ने आखिरी दिन सुबह 2 विकेट पर 37 रन से आगे खेलना शुरू किया. स्टोक्स पूरी तरह से सीमित ओवरों के प्रारूप की तरह खेले. पिछले साल विश्व कप और एशेज सीरीज में इंग्लैंड की जीत के नायक रहे स्टोक्स ने तेजी से रन बनाए. पांचवें दिन 11 ओवर बाद इंग्लैंड ने अपनी दूसरी पारी 3 विकेट  पर 129 रन पर घोषित कर दी. स्टोक्स ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 3 छक्के और 4 चौके लगाए. उन्होंने कप्तान जो रूट के साथ पहले 43 गेंद में 53 रन जोड़े.

रूट के आउट होने के बाद स्टोक्स ने ओली पोप  (Ollie Pope) के साथ मिलकर इंग्लैंड की बढ़त को 300 रन के पार पहुंचाया. स्कोर तीन विकेट पर 129 रन था जब रूट ने पारी की घोषणा कर दी.

ब्लैकवुड को आउट कर विंडीज की ड्रॉ की उम्मीदों पर पानी फेरा

वेस्टइंडीज की दूसरी पारी में स्टोक्स ने टी से पहले आखिरी गेंद पर पहले टेस्ट के हीरो रहे जर्मेन ब्लैकवुड को आउट करके ड्रॉ की बची खुची उम्मीदों पर भी पानी फेर दिया . ब्लैकवुड ने स्टोक्स की गेंद पर खराब शॉट खेला और विकेट के पीछे विकेटकीपर जोस बटलर ने शानदार कैच लपक लिया. इसके साथ ही ब्लैकवुड और शमर ब्रूक्स की 100 रन की साझेदारी भी टूट गई जिससे वेस्टइंडीज को ड्रॉ की उम्मीद बंधती दिख रही थी. स्टोक्स  ने अपना दूसरा शिकार अल्जारी जोसफ को बनाया.

स्टोक्स ने पहली पारी में खेली थी 176 रन की पारी

बेन स्टोक्स की 176 रन की पारी के दम पर इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी 9 विकेट पर 469 रन पर घोषित की थी. स्टोक्स ने 356 गेंदों पर 17 चौके और 2 छक्के लगाए थे. उन्होंने पहली पारी में ओपनर क्रेग ब्रेथवेट के रूप में एक विकेट भी लिया था. स्टोक्स को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया.

एक्टिव टेस्ट बल्लेबाजों में सर्वाधिक छक्के जड़ने के मामले में टॉप पर पहुंचे बेन स्टोक्स

टेस्‍ट क्रिकेट को यूं तो काफी धीमी गति से रन बनाने के लिए जाना जाता है लेकिन स्‍टोक्‍स ने आज इसमें छक्‍कों का रिकॉर्ड (Most Sixes in Test Cricket) बना डाला. स्‍टोक्‍स मौजूदा एक्टिव क्रिकेटर्स की फेहरिस्‍त में टेस्‍ट में सर्वाधिक छक्‍के लगाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. बेन स्‍टोक्‍स के 74 छक्‍कों के बाद टेस्‍ट क्रिकेट में टिम साउदी ने 72 छक्‍के लगाए हैं.

विंडीज की ओर से दूसरी पारी में 2 अर्धशतक बने

लक्ष्य का पीछा करने उतरी विंडीज की टीम दूसरी पारी में 198 रन पर ढेर हो गई. उसकी ओर से शमर ब्रूक्स ने 62 और ब्लैकवुड ने 55 रन की पारी खेली. कप्तान जेसन होल्डर 35 रन बनाकर आउट हुए.

Editor's Pick