×

ऑस्ट्रेलिया पर भारतीय टीम की जीत के 5 कारण

भारतीय टीम की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए

user-circle cricketcountry.com Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - January 26, 2016 10:36 PM IST

भआरतीय गेंदबाजों ने एक ईकाई में बंधकर गेंदबाजी की © Getty Images
भारतीय गेंदबाजों ने एक ईकाई में बंधकर गेंदबाजी की © Getty Images

एडीलेड में खेले गए पहले टी20 मैच में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 37 रनों से हरा दिया। इस दौरे में पहली बार भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के पूरे 10 विकेट लेने में सफलता प्राप्त की। भारतीय टीम ने इस मैच में हर विभाग में बढ़िया प्रदर्शन किया और बेहतरीन जीत दर्ज की। हाल ही में संपन्न हुई वनडे सीरीज में भारतीय टीम अपनी खराब गेंदबाजी के कारण जूझ रही थी, लेकिन इस टी20 मैच में भारतीय गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया को चारों खाने चित कर दिया। इस मैच में भारतीय टीम के जीत के और भी कारण रहे। आइए जानते हैं। भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पहला टी20 मैच का फुल स्कोरकार्ड जानने के लिए क्लिक करें…

1. रोहित शर्मा की धमाकेदार शुरुआत: रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत से ही तेजी से रन बटोरने को तवज्जो दी और उन्होंने ऑस्ट्रेलिया टीम के मुख्य गेंदबाजों शान टेट और केन रिचर्डसन को निशाना बनाया। टेट रोहित के आगे जरा भी नहीं ठहर सके और अंततः बेहद खर्चीले साबित हुए उन्होंने 4 ओवरों में 45 रन दे डाले। रोहित ने आनन फानन में 20 गेंदों में 31 रन ठोंके और मध्यक्रम के बल्लेबाजों को एक अच्छा प्लेटफॉर्म दिया। भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पहला टी20, लाइव मैच अपडेट पढ़ने के लिए क्लिक करें…

2. विराट कोहली-सुरेश रैना की साझेदारी: भारत एक समय 41 रनों पर दो विकेट गंवाकर मुश्किल में नजर आ रहा था। ऐसे में कोहली और रैना ने पारी को संभाला। दोनों ने रन रेट को भी ध्यान में रखा और मैदान के चारों ओर स्ट्रोक लगाते हुए रन बटोरे। कोहली ने इस दौरान अमूमन हर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज की खबर ली और रन बटोरे। कोहली और रैना ने तीसरे विकेट के लिए महज 87 गेंदों में 134 रन जोड़े। कोहली ने इस दौरान टी20 क्रिकेट में अपना सर्वोच्च स्कोर 90 बनाया। वहीं रैना ने टी20 क्रिकेट में 1,000 रन पूरे किए। इन दोनों की अच्छी बल्लेबाजी की ही बदौलत भारत 20 ओवरों में 188/3 का स्कोर खड़ा कर पाया।

3. जसप्रीत बुमराह की बेहतरीन गेंदबाजी: नए नवेले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने अपना बेहतरीन प्रदर्शन यहां भी जारी रखा और शुरू से ही ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को छकाते नजर आए। एक समय दोनों ऑस्ट्रेलियाई सलामी बल्लेबाज तेजी से रन बटोर रहे थे। ऐसे में बुमराह ने सटीक लाइन में गेंदें फेंकते हुए डेविड वॉर्नर को आउट करते हुए भारतीय टीम को पहली सफलता दिलाई और भारत को दिलाशा दी कि वह यहां से मैच मोड़ सकते हैं। बुमराह ने अपने पहले टी20 मैच में 3 विकेट लिए और भारतीय जीत के मुख्य खिलाड़ियों में से एक रहे।

4. जडेजा-अश्विन की बेहतरीन गेंदबाजी: एक समय ऑस्ट्रेलिया ने 8 ओवरों में 80 से ऊपर रन बना लिए थे और उनका एक ही विकेट गिरा था। दोनों बल्लेबाज एरन फिंच और स्टीवन स्मिथ लगातार भारतीय गेंदबाजों पर प्रहार कर रहे थे। ऐसे में लग रहा था कि भारत के हाथ से मैच फिसल जाएगा। लेकिन ऐसे में गेंदबाजी आक्रमण पर आए जडेजा ने स्टीवन स्मिथ को बड़ी चतुराई से आउट किया और भारत की फिर से मैच में वापसी करवाई। इसके बाद दूसरे स्पैल में गेंदबाजी करने आए अश्विन ने एरन फिंच को आउट करते हुए ऑस्ट्रेलिया को एक दम से अर्श से फर्श में ला दिया। इसके बाद इन दोनों गेंदबाजों ने एक निश्चित इंटरवल में विकेट लिए और कोई भी साझेदारी पनपने नहीं दी। जडेजा-अश्विन ने दो-दो विकेट लिए और भारतीय टीम को ड्राइविंग सीट पर ले आए।

TRENDING NOW

5. हार्दिक पांड्या की डेथ ओवरों में बढ़िया वापसी: पांड्या अपने पहले ओवर में दिशा से भटकते नजर आए और उन्होंने आनन-फानन में पांच वाइड गेंदें फेंक दी। ऐसे में लग रहा था कि शायद धोनी उन्हें फिर से आक्रमण में ना लगाएं। लेकिन धोनी उन्हें दूसरे स्पैल में लेकर आए और उन्होंने कमाल कर दिया। उन्होंने अपने दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर खतरनाक दिख रहे क्रिस लिन को युवराज सिंह के हाथों झिलवाया वहीं अपने अगले ओवर की पहली गेंद पर विकेटकीपर बल्लेबाज मैथ्यू वेड को भी उसी तरह से आउट किया और भारत की जीत को प्रशस्त किया।