- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Glenn Maxwell could not repeat the magic of 2023 ODI World Cup luck favored the Afghanistan
T20 World Cup: ग्लेन मैक्सवेल के जज्बे को सलाम, अफगानों को जीत मुबारक
T20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 मुकाबलें में ग्लेन मैक्सवेल के पास एक बार फिर से इतिहास रचने का मौका था लेकिन इस बार किस्मत ने गुलबदीन नैब का साथ दिया. पिछले साल भारत में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप 2023 में जिस तरह ग्लेन मैक्सवेल ने चोटिल होने के बावजूद दोहरा शतक जड़ते हुए...
Published On Jun 23, 2024, 04:08 PM IST
Last UpdatedJun 23, 2024, 04:08 PM IST
PIC- @ICC
T20 वर्ल्ड कप 2024 के सुपर-8 मुकाबलें में ग्लेन मैक्सवेल के पास एक बार फिर से इतिहास रचने का मौका था लेकिन इस बार किस्मत ने गुलबदीन नैब का साथ दिया. पिछले साल भारत में खेले गए वनडे वर्ल्ड कप 2023 में जिस तरह ग्लेन मैक्सवेल ने चोटिल होने के बावजूद दोहरा शतक जड़ते हुए ऑस्ट्रेलिया को वनडे क्रिकेट इतिहास की सबसे बेहतरीन जीत दिलाई थी उस कहानी को फिर से दोहराया नहीं जा सका. उस मैच में मैक्सवेल एक छोर पर डटे रहे और जीत दिलाकर नाबाद लौटे लेकिन इस बार अफगानिस्तान ने पुरानी गलतियों से सबक लेते हुए T20 वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिखाया.
अफगानिस्तान ने चुकता किया बदला
अफगानिस्तान ने गुलबदिन नैब के चार विकेट की मदद से T20 वर्ल्ड कप 2024 सुपर-8 चरण के मैच में आस्ट्रेलिया जैसी दिग्गज टीम को 21 रन से हराकर बड़ा उलटफेर करते हुए अपने क्रिकेट इतिहास का एक और सुनहरा अध्याय लिख डाला.पैट कमिंस का लगातार दूसरी हैट्रिक लेने का कारनामा भी बेनूर हो गया. अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट पर 148 रन बनाये और जवाब में ऑस्ट्रेलिया की टीम 19.2 ओवर में 127 रन पर आउट हो गई . अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अफगानिस्तान की ऑस्ट्रेलिया पर यह पहली जीत है.
अफगानिस्तान के 148 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के पावरप्ले में तीन विकेट 32 रन पर गिर गए थे लेकिन फिर ग्लेन मैक्सवेल ने खूंटा गाड़ जिससे ऑस्ट्रेलिया की जीत की उम्मीदें जग गई. इस नजारे को देख अफगान फैंस को वनडे वर्ल्ड कप 2023 में वानखेड़े में मैक्सवेल द्वारा खेली गई वो ऐतिहासिक पार याद आ गई जिसने अकेले दम पर ऑस्ट्रेलिया का बेड़ा पार लगा दिया था. उस समय मैक्सवेल ने अफगानिस्तान से जीत छीन ली थी और एक बार फिर वह ऐसा ही करते दिख रहे थे लेकिन गुलबदीन नैब ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया.
मैक्सवेल के जज्बे को सलाम
गुलबदीन नैब ने पहले मार्कस स्टॉयनिस और फिर टिम डेविड का विकेट झटका लेकिन मैक्सवेल एक छोर पर डटे रहे. इस बीच उन्होंने अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया. एक बार को फिर लगा कि अफगानिस्तान और जीत के बीच वह अड़ गए हैं. लेकिन 15वें ओवर में नैब ने मैक्सवेल के लिए खास प्लान बनाया. नैब की गेंद पर प्वाइंट पर खड़े नूर ने एक बेहतरीन कैच लपका जिससे सबसे बड़ा खतरा टल गया. मैक्सवेल जब तक क्रीज पर रहे तब तक ऑस्ट्रेलिया की जीत पक्की लग रही थी और अफगान फैंस की सांसे अटकी हुई थी लेकिन जैसे ही नूर अहमद ने कैच लपका तो एकाएक अफगान फैंस की जान में जान आ गई. मैक्सवेल 41 गेंद में 59 रन बनाकर पवेलियन लौटे. इसके बाद अफगानिस्तान ने पिछले साल की गलती से सबक लेते हुए इस वर्ल्ड कप का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया.
मैक्सवेल भले ही पुराना जादू नहीं दोहरा सके लेकिन उनके जज्बे और साहस ने ऑस्ट्रेलियन फैंस का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया. पिछले कुछ सालों में मैक्सवेल ने जिस तरह से ऑस्ट्रेलिया को मुश्किल के समय में उबारकर जीत दिलाई है, उसकी मिसाल बाकी टीमों में बहुत ही कम देखने को मिलती है. आज अफगानिस्तान का दिन था वरना मैक्सवेल कब मैच निकाल ले जाते अफगान टीम को पता भी नहीं चलता.