This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
B'DAY SPECIAL: इस दिग्गज गेंदबाज के रिवर्स स्विंग के आगे बल्लेबाज घुटने टेकते नजर आए
18 साल की उम्र में न्यूजीलैंड के खिलाफ डेब्यू करने वाले अकरम वनडे में 500 विकेट का आंकड़ा छूने वाले पहले गेंदबाज हैं
Written by Kamlesh Rai
Last Published on - June 3, 2020 6:46 AM IST

‘स्विंग ऑफ सुल्तान’ और ‘यॉर्कर किंग’ के नाम से विख्यात पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और बाएं हाथ के तेज गेंदबाज वसीम अकरम (Wasim Akram) 3 जून 2020 को 54 साल के हो गए. अकरम का जन्म 1966 में लाहौर में हुआ था.
वनडे में 500 विकेटों का आंकड़ा छूने वाले पहले गेंदबाज बने
18 साल की उम्र में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल में डेब्यू करने वाले अकरम वनडे में 500 विकेट का आंकड़ा छूने वाले पहले गेंदबाज हैं. उन्होंने वनडे में कुल 502 विकेट लिए. डेब्यू वनडे में अकरम के विकेटों की झोली खाली रही थी. लेकिन इसके बाद वह लगातार सफलता की सीढ़ी चढ़ते गए.
पाकिस्तान की ओर से सबसे सफल गेंदबाज के रूप में अपना करियर पूरा किया
अकरम ने पाकिस्तान के लिए 104 टेस्ट मैचों में 414 टेस्ट विकेट लेकर पाकिस्तान के लिए सबसे सफल गेंदबाज के रूप में अपना करियर पूरा किया. बाएं हाथ के इस पूर्व पेसर के नाम लिस्ट ए में सबसे अधिक विकेट झटकने का रिकॉर्ड है. उनके नाम 594 लिस्ट ए मैचों में कुल 881 विकेट लिए हैं जो सबसे अधिक है. इस लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व पेसर एलन डोनाल्ड दूसरे नंबर पर हैं जो अकरम से 197 विकेट कम लिए हैं. अकरम इंटरनेशनल क्रिकेट में 4 हैट्रिक लेने वाले पहले गेंदबाज हैं.
इंटरनेशनल क्रिकेट में झटके कुल 916 विकेट
इंटरनेशनल क्रिकेट में कुल 916 विकेट लेने वाले वसीम अकरम ने स्विंग गेंदबाजी की परिभाषा ही बदलकर रख दी. अकरम ने अपने रिवर्स स्विंग से कई दिग्गज बल्लेबाजों को धूल चटाई. उनकी स्विंग के सामने दुनिया के दिग्गज बल्लेबाज घुटने टेकते हुए नजर आए.
19 साल के इंटरनेशनल करियर में डबल सेंचुरी भी है अकरम के नाम
19 साल के इंटरनेशनल करियर में अकरम के नाम टेस्ट क्रिकेट में डबल सेंचुरी भी दर्ज है. उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ 1996-97 में 12 छक्कों की मदद से नाबाद 257 रन बनाए थे. आठवें विकेट के लिए उन्होंने सकलैन मुश्ताक के साथ 213 रन की साझेदारी की थी. टेस्ट क्रिकेट में 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए यह किसी भी बल्लेबाज का सबसे बड़ा स्कोर है. इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को अभी तक कोई तोड़ नहीं पाया है.
तब वकार के साथ खतरनाक जोड़ी थी
90 के दशक में वसीम अकरम और उनके हमवतन साथी वकार युनूस विश्व क्रिकेट में सबसे खतरनाक तेज गेंदबाज थे. इस जोड़ी को रिवर्स स्विंग का जनक कहा जाता है.
वर्ल्ड कप में 18 गेंदों पर ताबड़तोड़ ठोक डाले 33 रन
अकरम ऑस्ट्रेलिया में हुए 1992 में पाकिस्तान की वर्ल्ड कप विजेता टीम के हिस्सा रहे. उन्होंने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले गए खिताबी मुकाबले में इंग्लैंड के खिलाफ अहम भूमिका निभाई थी. अकरम ने पहले लोअर ऑर्डर में आकर 18 गेंदों पर ताबड़तोड़ 33 रन की पारी खेली जिससे पाकिस्तान की टीम इंग्लैंड के सामने 6 विकेट पर 249 रन का सम्मानजनक स्कोर खड़ा कर सकी.
गेंदबाजी में बरपाया कहर
इसके बाद वसीम अकरम ने इन फॉर्म बल्लेबाज इयान बॉथम को आउट कर पाकिस्तान को शुरुआती सफलता दिलाई. एक समय इंग्लैंड की टीम 69 रन पर 4 विकेट गंवा चुकी थी. उस वर्ल्ड कप को वसीम अकरम की शानदार गेंदबाजी के लिए भी याद किया जाता है. अकरम ने 35वें ओवर में दो लगातार गेंदों पर एलन लैंब और क्रिस लेविस को पवेलियन की राह दिखा दी. इंग्लिश टीम 227 रन पर सिमट गई और पाकिस्तान पहली बार वर्ल्ड चैंपियन बन गया.
