Bharat Malhotra
Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम का हिस्सा हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. साल 2008 में आ ...Read More
Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 19, 2026 4:40 PM IST

अक्टूबर, 4, साल 2025. चीफ सिलेक्टर अजित अगरकर ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए टीम इंडिया का ऐलान करने बैठे थे. अहमदाबाद में जब एक-एक करके खिलाड़ियों के नाम गिनवाए जाने लगे. लेकिन सभी कहीं अटक गए थे. रोहित शर्मा टीम के कप्तान नहीं थे. यह जिम्मेदारी अब शुभमन गिल को सौंपी गई थी. अगरकर का कहना था कि सिलेक्शन पैनल 2027 के वनडे वर्ल्ड कप से पहले शुभमन गिल को सेट होने का अच्छा-खासा वक्त देना चाहता है. लेकिन तीन वनडे सीरीज बीतने के बाद कहीं-न-कहीं ऐसा लगने लगा है कि शायद सिलेक्टर्स और मुख्य कोच गौतम गंभीर जल्दबाजी में कोई फैसला ले बैठे हैं.
मई 2025 में गिल को इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट टीम का कप्तान बनाया गया. वजह, रोहित और विराट कोहली के टेस्ट फॉर्मेट को यकायक अलविदा कहना. इंग्लैंड में गिल की कप्तानी में भारत ने सीरीज 2-2 से ड्रॉ करवाई. हालांकि वहां भी गिल की कप्तानी पर यदा-कदा प्रश्न उठे थे, लेकिन टीम का कुल मिलाकर प्रदर्शन बेहतर रहा था. लेकिन जिस उद्देश्य को लेकर गिल को कप्तानी सौंपी गई है वह थोड़ा जोखिमभरा लगने लगा है.
| मैच | जीते | हारे | टाई | बेनतीजा | |
| रोहित शर्मा | 56 | 42 | 12 | 1 | 1 |
| शुभमन गिल | 6 | 2 | 4 | 0 | 0 |
रोहित को जब कप्तानी से हटाया गया तो कई लोगों को हैरानी हुई. इसकी वजह भी थी. वजह, बतौर कप्तान रोहित के कमाल के आंकड़े. भारतीय टीम ने रोहित की कप्तानी में 56 वनडे इंटरनेशनल मैच खेले. और 42 में जीत हासिल की. वहीं आईसीसी टूर्नामेंट में रोहित की कप्तानी में भारत का खेल और खतरनाक हो गया. भारत ने रोहित शर्मा की अगुआई में कुल 24 मैच आईसीसी टूर्नामेंट में खेले. 23 जीते. और एक जो हारा, उसका दर्द फैंस को अभी तक होता है. वही 19 नवंबर, 2023, अहमदाबाद में खेला गया वनडे वर्ल्ड कप फाइनल. ऑस्ट्रेलिया ने करोड़ों भारतीयों का दिल तोड़ दिया था. लगातार 10 मैच जीतकर भारतीय टीम फेवरिट थी. लेकिन ऑस्ट्रेलिया, ऑस्ट्रेलिया की तरह खेला. लेकिन, रोहित यहां नहीं रुके. हार से सबक लिया और टीम को दोबारा तैयार किया. नतीजा, लगातार दो साल आईसीसी खिताब. पहले 2024 का टी20 वर्ल्ड कप और फिर 2025 में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी.

‘हिटमैन’ की कप्तानी में टीम इंडिया अपराजेय दिखने लगी. वाइट बॉल फॉर्मेट में भारतीय टीम विपक्षी को हर क्षेत्र में पस्त करने में जुटी रही. नतीजा. टीम इंडिया का डंका दमदार तरीके से बजने लगा. लेकिन, फिर नई पीढ़ी को मशाल थमाने की बारी आई. शुभमन गिल को कप्तानी सौंपी गई. गिल की कप्तानी में भारत ने भारत अभी तक वनडे सीरीज नहीं जीत पाया है. पहले ऑस्ट्रेलिया में तीन मैचों की सीरीज 1-2 से हारा और अब न्यूजीलैंड के हाथों भी वही नतीजा रहा. इस बीच टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका को घरेलू वनडे सीरीज में जरूर हराया. लेकिन वहां गिल नहीं केएल राहुल टीम की कप्तानी कर रहे थे. तो, गिल की कप्तानी में भारत ने अभी तक वनडे सीरीज नहीं जीती. और अब वनडे बहुत कम खेले जाते हैं, यह सवाल एक बार फिर उठने लगा है- क्या सिलेक्टर्स जल्दबाजी तो नहीं कर बैठे.
| टूर्नामेंट | मैच | जीते | हारे |
| वनडे वर्ल्ड कप 2023 | 11 | 10 | 1 |
| चैंपियंस ट्रॉफी 2025 | 5 | 5 | 0 |
| एशिया कप (वनडे) 2023 | 10 | 9 | 1 |
गिल को भारतीय क्रिकेट का भविष्य कहा जा रहा है. कोहली अगर किंग हैं तो गिल प्रिंस. वह कमाल के बल्लेबाज हैं. वनडे में दोहरा शतक लगा चुके हैं. और आने वाले वक्त में भी उनसे कई कीर्तिमान की उम्मीद है. पर, कप्तानी का असर गिल पर दिख रहा है.
भारतीय टीम प्रबंधन का मानना है कि गिल अभी 26 साल के हैं. उन्हें कप्तानी सौंपना लंबे वक्त की प्लानिंग का हिस्सा हो सकता है. वहीं रोहित वर्ल्ड कप 2027 तक 41 साल के हो जाएंगे. गिल अभी रोहित और विराट के साथ कप्तानी के गुर सीख सकते है. वह टेस्ट में पहले से कप्तान थे और वनडे में उन्हें कप्तानी सौंपना ग्रूमिंग का एक हिस्सा हो सकता है.
| बल्लेबाज | मैच | पारी | रन | औसत | 100/50 |
| रोहित शर्मा | 282 | 274 | 11577 | 48.84 | 33/61 |
| शुभमन गिल | 61 | 61 | 2953 | 55.71 | 8/17 |
| बल्लेबाज | मैच | पारी | रन | औसत | 100/50 |
| रोहित शर्मा | 56 | 55 | 2506 | 52.20 | 5/17 |
| शुभमन गिल | 6 | 6 | 178 | 29.66 | 0/2 |
अभी तक जो नतीजे आ रहे हैं उससे यह तरकीब काम करती हुई नहीं लग रही. गिल की कप्तानी में कई खामियां साफ तौर पर दिख रही है. रविवार को इंदौर में खेले गए मैच में भी गेंदबाजी परिवर्तन को लेकर अजिंक्य रहाणे और जहीर खान ने सवाल उठाए. रविंद्र जडेजा को देर से आक्रमण पर लगाने के लिए भी गिल की आलोचना हुई. इतना ही नहीं उनका अपना फॉर्म भी खराब दिख रहा है.
अब टीम प्रबंधन यह फैसला ले चुका है. और इसे बदलना न तो सही होगा और न ही इसकी कोई गुंजाइश है. कुल मिलाकर यही उम्मीद कर सकते हैं कि गिल वक्त के साथ-साथ बेहतर होते जाएंगे. और आखिर, 2027 के जिस लक्ष्य को ध्यान में रखकर गिल को कप्तानी सौंपी गई है, उसे टीम इंडिया हासिल करेगी.
This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
Strictly Necessary Cookie should be enabled at all times so that we can save your preferences for cookie settings.
If you disable this cookie, we will not be able to save your preferences. This means that every time you visit this website you will need to enable or disable cookies again.
