- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC Cricket World Cup 2017: Harmanpreet Kaur’s knock of 171 runs and other statistical records
आईसीसी विश्व कप में छा गईं हरमनप्रीत कौर, इन बड़े रिकॉर्डों पर लिखवाया अपना नाम
हरमनप्रीत कौर ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 171* रनों की पारी खेली
Published On Jul 21, 2017, 07:30 AM IST
Last UpdatedJul 21, 2017, 07:30 AM IST

आईसीसी विश्व कप 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हरमनप्रीत कौर की आंधी आई। कौर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 11 गेंदों में 20 चौके और 7 गगनचुंबी छक्के जड़े। कौर के करियर का ये तीसरा शतक है और विदेशी धरती पर ये उनका पहला शतक है। इसके साथ ही कौर ने अपनी इस पारी में कई बड़े रिकॉर्डों पर अपना नाम लिखवाया। चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने आईं कौर ने भारत को संकट से उबारते हुए मजबूत स्थिति पर पहुंचा दिया और कई उपलब्धियों को अपने नाम किया। आज हम आपको बताएंगे कि कौर ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ कितने रिकॉर्ड बनाए। तो आइए नजर डालते हैं कौर के रिकॉर्डों पर। ये भी पढ़ें: सेमीफाइनल में हरमनप्रीत कौर ने बनाए ऐसे रिकॉर्ड जो ‘विराट कोहली’, ‘सचिन तेंदुलकर’ भी नहीं बना पाए
करियर का तीसरा और विदेश में पहला शतक: आईसीसी विश्व कप 2017 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई 171* रनों की पारी हरमनप्रीत कौर के करियर का कुल तीसरा शतक है। इसके अलावा भारत के बाहर ये उनका पहला शतक है।
भारत की तरफ से एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के जड़ने का रिकॉर्ड: हरमनप्रीत कौर ने अपनी 171* रनों की पारी में कुल 7 छक्के ठोके। इसके साथ ही कौर ने भारत की तरफ से किसी भी वनडे मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बनाया। कौर से पहले ये रिकॉर्ड एमडी थिरुसकामिनी के नाम था। थिरुसकामिनी ने अपनी पारी में 4 छक्के जड़े थे।
150 रन से ज्यादा की पारी खेलने वाली सिर्फ दूसरी भारतीय बनीं कौर: ये सिर्फ दूसरा मौका है जब किसी भारतीय खिलाड़ी ने 150 से ज्यादा रनों की पारी खेली है। कौर से पहले दीप्ति शर्मा ने साल की शुरुआत में 188 रनों की पारी खेली थी। कौर और दीप्ति के अलावा भारत की कोई भी बल्लेबाज 150 रनों से ज्यादा की पारी नहीं खेल सकी है।
किसी भी विश्व कप में दुनिया की चौथी और भारत की तरफ से सबसे बड़ी पारी: कौर की 171* रनों की पारी किसी भी विश्व कप में दुनिया की किसी भी बल्लेबाजी की चौथी सबसे बड़ी पारी है। बेलिंडा क्लार्क (229*), चमारी अटापट्टू (178*), शार्लोट एडवर्ड्स (173*) के नाम विश्व कप में कौर से बड़ी पारी खेलने का रिकॉर्ड है। वहीं भारत की तरफ से कौर की ये पारी किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे बड़ी पारी है। भारत का कोई भी बल्लेबाज विश्व कप में आज तक इतनी बड़ी पारी नहीं खेल पाया।
चौके-छक्कों की मदद से बनाए आधे से ज्यादा रन: कौर ने अपनी नाबाद 171 रनों की पारी में 20 चौके औऐर 7 बेहतरीन छक्के जड़े। इस तरह से चौके-छक्कों की मदद से कौर ने कुल 122 रन बनाए। जो कि उनके कुल रन (171) का 71.3 फीसदी है। साफ है कौर ने अपनी पारी में जमकर चौके-छक्के जड़े।
विश्व कप के नॉक आउट में शतक लगाने वाली दूसरी बल्लेबाज बनीं: हरमनप्रीत कौर ने जैसे ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में शतक लगाया वैसे ही वो आईसीसी विश्व कप के किसी भी नॉक आउट में शतक लगाने वाली दुनिया की सिर्फ दूसरी खिलाड़ी बन गईं। कौर से पहले कैरन रॉल्टन ने ही इस कारनामे को अंजाम दिया था। रॉल्टन ने साल 2005 के विश्व कप के फाइनल मुकाबले में नाबाद 107 रनों की पारी खेली थी। रॉल्टन के अलावा कोई भी बल्लेबाज आईसीसी विश्व कप के नॉक आउट में आज तक शतक नहीं जड़ सका था लेकिन कौर ऐसा करने वाली दुनिया की दूसरी बल्लेबाज बन गईं।