- Home
- News
- ICC CRICKET WORLD CUP 2019: Aaron Finch becomes 3rd captain after Ricky Ponting, Mahela Jayawardene to score 500 plus runs in one World Cup
जयवर्धने और पोंटिंग के इस विशिष्ट क्लब में शामिल हुए कप्तान फिंच
मौजूदा वर्ल्ड कप में विस्फोटक सलामी बल्लेबाज एरोन फिंच 63 की औसत से कुल 504 रन बना चुके हैं।
Published On Jun 29, 2019, 07:50 PM IST
Last UpdatedJun 29, 2019, 07:50 PM IST
Aaron Finch @twitter
खिताब का बचाव करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम इस समय 12वें क्रिकेट वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन कर रही है। कंगारू टीम को सेमीफाइनल का टिकट दिलाने में कप्तान एरोन फिंच का अहम योगदान रहा है। फिंच टीम को फ्रंट से लीड करते हुए मौजूदा वर्ल्ड कप में अब तक 500 से अधिक रन बना चुके हैं।
पढ़ें: शाहीन आफरीदी ने झटका चार विकेट हॉल, अफगानिस्तान का स्कोर 227/9
न्यूजीलैंड के खिलाफ शनिवार को लॉर्डस में फिंच (08) भले ही सस्ते में पवेलियन लौट गए हों बावजूद इसके उन्होंने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। 32 वर्षीय फिंच ने इस मैच में चौथा रन पूरा करने के साथ ही किसी एक वर्ल्ड कप में 500 या इससे अधिक रन बनाने वाले दुनिया के तीसरे कप्तान बन गए।
इससे पहले श्रीलंका के पूर्व कप्तान माहेला जयवर्धने ने 2007 के वर्ल्ड कप के 11 मैचों में एक शतक और 4 अर्धशतक की मदद से कुल 548 रन बनाए थे। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 115 रन रहा था।
इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग हैं। पोंटिंग ने भी उसी वर्ल्ड कप में 11 मैच खेलकर 539 रन बनाए थे। उन्होंने भी एक शतक और चार अर्धशतक लगाए थे।
पढ़ें: इंग्लैंड पर ‘नॉकआउट पंच’ लगाने उतरेगी टीम इंडिया
इधर, फिंच मौजूदा वर्ल्ड कप में अब तक 8 मैच खेलकर 2 शतक और 3 अर्धशतक की मदद से कुल 504 रन बना चुके हैं। इस दौरान फिंच का सर्वोच्च निजी स्कोर 153 रन रहा है।
फिंच किसी एक वर्ल्ड कप में 500 प्लस रन करने वाले चौथे ऑस्ट्रेलियाई बने
विस्फोटक सलामी बल्लेबाज फिंच वर्ल्ड कप के किसी एक एडिशन में 500 प्लस रन करने वाले ऑस्ट्रेलिया के चौथे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले पूर्व विस्फोटक ओपनर मैथ्यू हेडन (659), पोंटिंग (539) और ओपनर डेविड वार्नर (516) रन बना चुके हैं। वार्नर ने इसी वर्ल्ड कप में इस उपलब्धि को हासिल की।
तेंदुलकर के नाम वर्ल्ड कप में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड
किसी एक वर्ल्ड कप में सबसे अधिक रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के नाम है। तेंदुलकर ने 2003 के वर्ल्ड कप में 11 मैचों में 61.18 की औसत से कुल 673 रन बनाए थे। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले तेंदुलकर का इस दौरान सर्वोच्च निजी स्कोर 152 रन रहा था। उन्होंने 1 शतक और 6 अर्धशतक लगाए थे।
किसी एक वर्ल्ड कप में 500 प्लस रन बनाने वाले दुनिया के 10 बल्लेबाज
| खिलाड़ी | रन | वर्ल्ड कप |
| सचिन तेंदुलकर | 673 | 2003 |
| मैथ्यू हेडन | 659 | 2007 |
| माहेला जयवर्धने | 548 | 2007 |
| मार्टिन गुप्टिल | 547 | 2015 |
| कुमार संगकारा | 541 | 2015 |
| रिकी पोंटिंग | 539 | 2007 |
| सचिन तेंदुलकर | 523 | 1996 |
| डेविड वार्नर | 516 | 2019* |
| एरोन फिंच | 504 | 2019* |
| तिलकरत्ने दिलशान | 500 | 2011 |
मौजूदा वर्ल्ड कप में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों ने दूसरे नंबर पर
फिंच मौजूदा वर्ल्ड कप में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। पहले नंबर पर फिंच के हमवतन और बतौर सलामी जोड़ीदार वार्नर हैं। वार्नर ने 8 मैचों में अब तक 516 रन बनाए हैं जिसमें दो शतक और तीन अर्धशतक शामिल है।