×

विश्व कप में तेज गेंदबाज ढा रहे कहर, युजवेंद्र चहल नंबर वन स्पिनर

कम मैच खेलने के बाद भी युजवेंद्र चहल टॉप 10 गेंदबाजों की लिस्ट में अकेले स्पिनर हैं।

user-circle cricketcountry.com Written by Viplove Kumar
Last Published on - June 29, 2019 1:22 PM IST

आईसीसी विश्व कप में अब तक 35 मुकाबले हो चुके हैं। इनमें तेज गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला है। लेकिन फिरकी गेंदबाजी के मामले में तो भारत ही नंबर वन है। कम मैच खेलने के बाद भी युजवेंद्र चहल टॉप 10 गेंदबाजों की लिस्ट में अकेले स्पिनर हैं।

विश्व कप के 12वें एडिशन में तेज गेंदबाजों का ही बोलबाला दिख रहा है। ऑस्ट्रेलिया, पाकिस्तान और इंग्लैंड के गेंदबाज टॉप पर चल रहे हैं। ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क ने नंबर एक पर कब्जा जमा रखा है तो वहीं पाकिस्तान के मोहम्मद आमिर और इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं।

मिशेल स्टार्क (ऑस्ट्रेलिया)

इस विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने शानदार खेल दिखाते हुए पहले स्थान पर कब्जा जमा रखा है। इस जीत में स्टार्क की गेंदबाजी सबसे अहम रही है। अब तक के खेले 7 मैच में उनके नाम कुल 19 विकेट हैं। इसमें वेस्टइंडीज के खिलाफ 46 रन देकर 5 विकेट उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

 

मोहम्मद आमिर (पाकिस्तान)

विश्व कप के लिए घोषित संभावित टीम में जगह बनाने में नाकाम रहे आमिर का आखिरी वक्त पर अपनी जगह पक्की की। चयनकर्ताओं को फैसले को सही साबित करते हुए अब उन्होंने कुल 6 मैच में 16 विकेट चटकाए हैं। ऑस्ट्रेलिया जैसी ताकतवर टीम के खिलाफ आमिर ने 10 ओवर में महज 30 रन देकर 5 विकेट हासिल किए जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।

जोफ्रा आर्चर (इंग्लैंड)

अंतिम समय में इंग्लैंड की विश्व कप टीम में जगह बनाने में सफल रहे आर्चर ने अब तक लाजवाब गेंदबाजी की है। वो विश्व कप इतिहास में इंग्लैंड की तरफ से सबसे सफल गेंदबाज बनने से महज 1 विकेट दूर हैं। अब 7 मैच खेलकर आर्चर ने 16 विकेट हासिल किए हैं। साल 1992 में इयान बॉथम ने 16 विकेट हासिल किए थे।

युजवेंद्र चहल (भारत)

सबसे ज्यादा विकेट हासिल करने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में भले ही चहल 9वें स्थान पर हों लेकिन टॉप 10 में वो एक मात्र स्पिनर हैं। चहल ने अब तक सिर्फ 5 मैच ही खेले हैं और इसमें 10 विकेट लेने में कामयाब रहे हैं। इमरान ताहिर और शाकिब अल हसन जैसे अनुभवी स्पिनर भी चहल से ज्यादा मैच खेलने के बाद भी उनके बराबर ही विकेट हासिल करने में कामयाब हुए हैं।