• Home
  • News
  • ICC CRICKET WORLD CUP 2019: Virat Kohli Breaks Sachin Tendulkar’s Record, Becomes Fastest to 20,000 International Runs

सचिन को पछाड़ कोहली ने पूरे किए सबसे तेज 20,000 इंटरनेशनल रन

मौजूदा वर्ल्‍ड कप में भारतीय कप्‍तान विराट कोहली ने पाकिस्‍तान के खिलाफ वनडे इंटरनेशनल में सबसे तेजी से 11, 000 रन पूरे किए थे

Edited By : Kamlesh Rai |Jun 27, 2019, 04:51 PM IST

Published On Jun 27, 2019, 04:51 PM IST

Last UpdatedJun 27, 2019, 04:51 PM IST

Virat Kohli @ AFP

भारतीय क्रिकेट टीम के ‘रन मशीन’ कप्‍तान विराट कोहली ने वेस्‍टइंडीज के खिलाफ 12वें क्रिकेट वर्ल्‍ड कप के 34वें मुकाबले में वर्ल्‍ड रिकॉर्ड स्‍थापित कर दिया है।

30 वर्षीय कोहली गुरुवार को सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो चुकी खतरनाक विंडीज के खिलाफ 37वां रन बनाने के साथ ही सबसे तेजी से 20,000 इंटरनेशनल रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गए।  विराट ने 25वें ओवर की चौथी गेंद पर पेसर जेसन होल्‍डर पर एक रन लेकर ये उलब्धि हासिल की।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इस मैच से पहले कोहली के 19,963 इंटरनेशनल रन थे। विराट 20 हजार या इससे अधिक इंटरनेशनल रन बनाने वाले विश्‍व के 12वें जबकि भारत के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं।

भारत की ओर से दिग्‍गज सचिन तेंदुलकर के नाम 34,357 जबकि राहुल द्रविड़ के नाम 24,208 इंटरनेशनल रन दर्ज हैं। इससे पहले कोहली ने 231 वनडे में 11,087 जबकि 77 टेस्‍ट मैचों में 6,613 रन बनाए थे। 67 टी-20 इंटरनेशनल मैचों में कोहली के नाम 2,263 रन दर्ज हैं।

दिग्‍गज लारा और तेंदुलकर को पीछे छोड़ा

वेस्‍टइंडीज के महान बल्‍लेबाज ब्रायन लारा और मास्‍टर ब्‍लास्‍टर सचिन तेंदुलकर ने इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए एक समान 453 पारियों का सहारा लिया। जबकि कोहली ने इस उपलब्धि को 417 पारियों में ही हासिल कर लिया। इस लिस्‍ट में तीसरे नंबर पर ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व कप्‍तान रिकी पोंटिंग हैं जिन्‍होंने 468 पारियों में इस जादुई आंकड़े को पार किया है।

विंडीज के खिलाफ 72 रन बनाकर आउट हुए विराट 

विराट ने विंडीज के खिलाफ 82 गेंदों पर 72 रन बनाए।उन्‍होंने मौजूदा चैंपियन ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ 82 जबकि पाकिस्‍तान के खिलाफ 77 रन की पारी खेली थी। अफगानिस्‍तान के खिलाफ विराट ने 67 रन का योगदान दिया था।

वर्ल्‍ड कप में लगातार 4 अर्धशतक जड़ने वाले कोहली वर्ल्‍ड के तीसरे कप्‍तान बने 

कोहली ने वर्तमान विश्व कप में लगातार चौथी बार 50 से अधिक का स्कोर बनाया। वह विश्व कप में लगातार चार पारियों में ऐसा करने वाले तीसरे कप्तान हैं। इससे पहले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्‍तान ग्रीम स्मिथ (2007) और और ऑस्‍ट्रेलिया के एरोन फिंच (2019) ऐसा कर चुके हैं।

20 हजार या इससे अधिक रन बनाने वाले टॉप 5 बल्‍लेबाज

खिलाड़ी मैच पारी
विराट कोहली 376 417
ब्रायन लारा 372 453
सचिन तेंदुलकर 402 453
रिकी पोंटिंग 399 464
एबी डीविलियर्स 420 483
जैक्‍स कैलिस 417 491

पाकिस्‍तान के खिलाफ 77 रन की पारी खेल तेंदुलकर के इस खास रिकॉर्ड को तोड़ा था 

विराट ने मौजूदा वर्ल्‍ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ 77 रन की पारी खेल वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हजार रन पूरे किए थे। उन्‍होंने इस दौरान महान सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को भी ध्‍वस्‍त किया था। तेंदुलकर ने 11 हजार रन पूरे करने के लिए 276 पारी खेली थी जबकि कोहली ने 222वीं पारी में ही इसे हासिल कर लिया।

Editor's Pick