'हिटमैन' की शतकीय पारी से रिकॉर्ड्स की बौछार, धोनी भी रह गए पीछे

भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्‍लेबाज रोहित शर्मा ने बांग्‍लादेश के खिलाफ शतकीय पारी खेली

Edited By : Kamlesh Rai |Jul 02, 2019, 06:12 PM IST

Published On Jul 02, 2019, 06:12 PM IST

Last UpdatedJul 02, 2019, 06:12 PM IST

Rohit Sharma @bcci_twitter (file image)

वर्ल्‍ड क्रिकेट में ‘हिटमैन’ के नाम से विख्‍यात भारतीय टीम के उप कप्‍तान रोहित शर्मा का बल्‍ला वर्ल्‍ड कप में जमकर धमाल मचा रहा है। रोहित ने बांग्‍लादेश के खिलाफ 40वें लीग मुकाबले में शानदार शतकीय पारी खेल कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।

पढ़ें: सेमीफाइनल में जगह पक्की करने उतरेंगे इंग्लैंड और न्यूजीलैंड

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

32 वर्षीय रोहित ने बर्मिंघम में मंगलवार को बांग्‍लादेश के खिलाफ 92 गेंदों पर 7 चौकों और 5 छक्‍कों की मदद से 104 रन बनाए। मौजूदा वर्ल्‍ड कप में रोहित के बल्‍ले से निकला ये चौथा शतक है। रोहित ने इसके साथ ही किसी एक वर्ल्‍ड कप में सबसे अधिक शतक जड़ने के मामले में श्रीलंकाई दिग्‍गज कुमार संगकारा के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली जिन्‍होंने पिछले विश्‍व कप (2015) में चार शतकीय पारी खेली थी।

निशाने पर अब तेंदुलकर के 6 शतकों का वर्ल्‍ड रिकॉर्ड

रोहित शर्मा के निशाने पर अब मास्‍टर ब्‍लास्‍टर सचिन तेंदुलकर के सर्वाधिक 6 शतकों का वर्ल्‍ड रिकॉर्ड होगा। तेंदुलकर ने वर्ल्‍ड कप के 44 पारियों में सबसे अधिक 6 शतक लगाए हैं। ऑस्‍ट्रेलिया के पूर्व कप्‍तान रिकी पोंटिंग ने 42, संगकारार ने 35 और रोहित ने 15 पारियों में 5-5 शतक जड़े हैं।

तेंदुलकर के क्‍लब में हुए शामिल

रोहित ने मौजूदा वर्ल्‍ड कप के 7 मैचों में अब तक 544 रन बनाए हैं जिसमें 4 शतक और एक अर्धशतक शामिल है। इससे पहले सचिन ने 1996 के वर्ल्‍ड कप में 523 जबकि 2003 के वर्ल्‍ड कप में 673 रन बनाए थे।

पहले विकेट के लिए बनाई सर्वाधिक रन की साझेदारी

रोहित ने बांग्‍लादेश के खिलाफ केएल राहुल के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 180 रन जोड़े। ये वर्ल्‍ड कप में भारत की ओर से पहले विकेट के लिए सबसे अधिक अधिक रन की साझेदारी है। इससे पहले ये रिकॉर्ड रोहित और शिखर धवन के नाम था। दोनों ने 2015 के वर्ल्‍ड कप में आयरलैंड के खिलाफ हैमिल्‍टन में 174 रन की साझेदारी की थी।

भारत की ओर से वर्ल्‍ड कप में सर्वाधिक शतकीय साझेदारी

भारत की ओर से वर्ल्‍ड कप में सबसे अधिक बार शतकीय साझेदारी के मामले में रोहित और केएल राहुल ने राहुल द्रविड़-सौरव गांगुली (1999), गांगुली-तेंदुलकर (2002/03), गौतम गंभीर-तेंदुलकर (2010/11), धवन-विराट कोहली (2014-15) की बराबरी कर ली है जिन्‍होंने एक समान दो बार शतकीय साझेदारी की है।

सर्वाधिक छक्‍कों के मामले में धोनी को पछाड़ा

रोहित के वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में 230 छक्‍के हो गए हैं। उन्‍होंने इस दौरान भारतीय टीम के पूर्व कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी को पीछे छोड़ा जिनके नाम 228 छक्‍के दर्ज हैं। वनडे में सबसे अधिक छक्‍के जड़ने का वर्ल्‍ड रिकॉर्ड पाकिस्‍तान के पूर्व कप्‍तान शाहिद आफरीदी के नाम है। आफरीदी ने 351 जबकि वेस्‍टइंडीज के विस्‍फोटक ओपनर क्रिस गेल ने 326 वहीं श्रीलंका के पूर्व ओपनर सनथ जयसूर्या ने 270 छक्‍के लगाए हैं।

Editor's Pick