×

अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ी

भारतीय टीम की 15 सदस्यीय टीम के सभी खिलाड़ियों के बारे में जानकारी

user-circle cricketcountry.com Written by Jay Jaiswal
Last Published on - January 24, 2016 6:15 PM IST

भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी ईशान किशन को सौंपी गई है Photo Courtesy: Ishan Kishan Facebook
भारतीय टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी ईशान किशन को सौंपी गई है Photo Courtesy: Ishan Kishan Facebook

अंडर-19 विश्व कप के पहले प्रैक्टिस मैच में कनाडा को करारी शिकस्त देकर भारतीय टीम ने अपनी विजय रथ की शुरूआत कर दी है। भारतीय क्रिकेट फैंस ये चाहेंगे कि भारतीय टीम चौथी बार अंडर-19 विश्व कप विजेता बने। भारतीय टीम इससे पहले 2000, 2008 और 2012 में अंडर-19 विश्व कप का खिताब हासिल कर चुकी हैं। इस बार भारतीय टीम की कप्तानी ईशान किशन को सौंपी गई है। राहुल द्रविड़ की कोचिंग वाली भारतीय टीम काफी मजबूत नजर आ रही है और ऑस्ट्रेलियाई टीम के नाम वापस लेने के बाद टूर्नामेंट की प्रबल दावेदार भी है। भारतीय अंडर-19 के युवा खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरे हुए हैं और टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने को बेताब हैं। रिकी भुवी, ईशान किशन, अरमान जाफर, सरफराज खान जैसे युवा शानदार प्रदर्शन के दम पर सीनियर टीम में अपनी दावेदारी प्रस्तुत करने का प्रयास करेंगे। तो आइए जानते हैं भारतीय अंडर-19 टीम के बारे में।

1.ईशान किशन(कप्तान):
भारतीय अंडर-19 टीम के कप्तान ईशान किशन बाएं हाथ के सलामी बल्लेबाज हैं। ईशान ने कनाडा के खिलाफ 138 रन की पारी खेलकर अपने बल्ले पर लगी जंग को साफ कर लिया है। भारतीय कप्तान से टीम को बहुत उम्मीदे हैं क्योंकि वो टीम को एक अच्छी शुरूआत देने में सक्षम हैं। ईशान अपने फर्स्ट क्लास करियर में कुल 10 मैच खेले हैं जिनमें उन्होने लगभग 41 की औसत से 736 रन बनाए हैं। परिस्थितियों के हिसाब से बल्लेबाजी करने में माहिर माने जाने वाले ईशान के कंधों पर अंडर-19 विश्व कप में टीम को अच्छी शुरूआत देने की जिम्मेदारी होगी। ALSO READ: अंडर 19 विश्व कप के अभ्यास मैच में भारतीय खिलाड़ियों ने किया कमाल

2.रिकी भुवी:
रिकी भुवी दाएं हाथ के आक्रामक बल्लेबाज जो टीम मध्यक्रम में बल्लेबाजी करना पसंद करते हैं। रिकी भुवी भी विश्व कप से पहले शानदार फॉर्म में हैं। कनाडा के खिलाफ रिकी ने 71 गेंदों पर 115 रनों की शानदार पारी खेली थी। जिसमें 10 चौके और 7 छक्के शामिल थे। टीम को जरूरत पड़ने पर रिकी अपनी गुगली गेंदों पर विकेट निकालने की काबिलियत भी रखते हैं।

3.अरमान जाफर:
चाचा वसीम जाफर की तरह ही अरमान भी दाएं हाथ के स्टाइलिश बल्लेबाज हैं। स्कूल क्रिकेट में रनों की बरसात करने वाले अरमान जाफर अंडर-19 टीम के लिए भी रन बरसाने को बेताब हैं। अरमान जाफर ने कूच बिहार ट्रॉफी 2015 शानदार प्रदर्शन कर अंडर-19 टीम में जगह बनाई। अरमान ने पांच मैचों में 223.75 की हैरतअंगेज औसत से 895 रन बनाए हैं। जिसमें चार शतक शामिल थे। इन चार शतकों में भी तीन दोहरे शतक थे। भारतीय अंडर-19 टीम को अरमान से इसी तरह के प्रदर्शन की उम्मीद रहेगी।

4. सरफराज खान:
भारतीय अंडर-19 टीम के स्टार बल्लेबाज सरफराज खान अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। बड़े शॉट लगाने के अलावा सरफराज की बड़ी पारियां खेलने की योग्यता उनको अन्य बल्लेबाजों से ज्यादा खतरनाक बना देती हैं। भारतीय अंडर 19 में मध्य क्रम को संभालने और अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी सरफराज के कंधों पर होगी। ALSO READ: आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कपः सेड्यूल और ग्राउंड्स डिटेल

5.वाशिंगटन सुन्दर:
चेन्नई के लिए खेलने वाले वाशिंगटन सुन्दर बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और नंबर तीन पर बल्लेबाजी करते हैं। कनाडा के खिलाफ अभ्यास मैच में सुन्दर कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर सके लेकिन भारतीय टीम को उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है। सुन्दर एक उपयोगी ऑफ स्पिनर भी है जिनके अंदर साझेदारियों को तोड़ने की काबिलियत है। ऐसे में सुन्दर ईशान के लिए एक अच्छा विकल्प साबित हो सकते हैं।

6.ऋषभ पंत (विकेट कीपर):
दिल्ली के लिए खेलने वाले ऋषभ पंत बाएं हाथ के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं। पंत भारतीय अंडर-19 टीम के लिए पारी की शुरूआत भी करते हैं। कनाडा के खिलाफ अभ्यास मैच में पंत ने 37 गेंदों पर 62 रन ठोंक कर टीम को शानदार शुरूआत दी थी। विकेटों के पीछे भी पंत काफी फुर्तीले हैं। उन्होने अपने 2 फर्स्ट क्लास मैचों में 6 कैच पकड़ने के अलावा 108 रन बनाए हैं।

7.महिपाल लोमरोर:
राजस्थान के लिए खेलने वाले महिपाल लोमरोर एक प्रतिभाशाली ऑलराउंडर है जो निचले क्रम में बल्लेबाजी करने के अलावा लेग स्पिन गेंदबाज हैं। कनाडा के खिलाफ महिपाल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए गेंद और बल्ले दोनों से जौहर दिखाया। 55 रन बनाने के बाद उन्होने कनाडा के तीन विकेट झटक कर उनके बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।

8.राहुल बाथम:
मध्य प्रदेश के राहुल बाथम मुख्यतः एक गेंदबाज और निचले क्रम के उपयोगी बल्लेबाज है जो बड़े शॉट लगाने की क्षमता रखते हैं। अंडर-19 विश्व कप में विपक्षी बल्लेबाजों को छकाने के अलावा अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाने की जिम्मेदारी भी राहुल के कंधों पर होगी।

9.अमनदीप खरे:
मध्य प्रदेश के अमनदीप खरे दाएं हाथ के टॉप आर्डर बल्लेबाज हैं। श्रीलंका के खिलाफ हालिया सीरीज में अमनदीप ने शानदार प्रदर्शन किया था। ऐसे में भारतीय टीम को उम्मीद है कि अमनदीप विश्व कप में भी भारत के लिए शानदार प्रदर्शन जारी रखेंगे।

10.आवेश खान:
भारतीय अंडर-19 टीम की गेंदबाजी की कमान आवेश खान के हाथों में होगी। आवेश ने पिछले कुछ टूर्नामेंट में शानदार गेंदबाजी कर टीम को जीत दिलाई है। आवेश दाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं जो शुरूआती ओवरों में विरोधी टीम को झटके देने के लिए जाने जाते हैं। आवेश ने अपने 5 फर्स्ट क्लास मैचों में 15 विकेट चटकाए हैं। ऐसे में भारतीय टीम को आवेश से शानदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

11.शुभम मावी:
बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के शुभम मावी आवेश खान के साथ भारतीय तेज गेंदबाजी आक्रमण का प्रतिनिधित्व करेंगे। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज शुभम मावी ने कनाडा के खिलाफ 2 विकेट चटकाकर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।

12.खलील अहमद:
बाएं हाथ के तेज गेंदबाज खलील अहमद भारतीय तेज गेंदबाजी में आवेश खान और शुभम मावी का साथ देंगे। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज होने के कारण उनकी टीम में मौजूदगी से टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण को विविधता मिलेगी।

13.अनमोलप्रीत सिंह:
पटियाला के अनमोलप्रीत सिंह दाएं हाथ के बल्लेबाज हैं जो ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं। अनमोल को इनकी बड़े शॉट लगाने की क्षमता के लिए जाना जाता है।

14.मयंक डागर:
हिमांचल प्रदेश के लिए खेलने वाले मयंग डागर एक स्लो लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं जो निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर लेते हैं। बांग्लादेश की विकेटों पर स्लो लेफ्ट आर्म गेंदबाजों को काफी मदद मिलता है। जिसके कारण मंयक की टीम में अहमियत और ज्यादा बढ़ जाती है।

TRENDING NOW

15.जीशान अंसारी:
जीशान मुख्यतः एक लेग स्पिनर हैं जो निचले क्रम में बल्लेबाजी की काबिलियत भी रखते हैं। श्रीलंका और अफगानिस्तान के खिलाफ जीशान ने अच्छी गेंदबाजी की थी। भारतीय टीम विश्व कप में भी जीशान से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।