भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, पहला टेस्ट: पहले दिन के खेल की मुख्य हाईलाइट्स

पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 256/9

Edited By : Manoj Shukla |Feb 23, 2017, 05:53 PM IST

Published On Feb 23, 2017, 05:53 PM IST

Last UpdatedFeb 23, 2017, 05:53 PM IST

भारतीय टीम © PTI
भारतीय टीम © PTI

भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 9 विकेट खोकर 256 रन बना लिए हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने तक मिचेल स्टार्क (57*) और जॉश हेजलवुड (1*) पर नाबाद थे। पहले दिन भारतीय टीम का बोलबाला रहा और टीम इंडिया पहले दिन ऑस्ट्रेलिया पर हावी रही। भारतीय गेंदबाजों ने ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को क्रीज पर टिकने नहीं दिया और एक-एक कर विकेट झटकते चले गए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर और मेट रेन्शॉ ने टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। लेकिन वार्नर के आउट होते ही ऑस्ट्रेलियाई पारी लड़खड़ा गई और विकेटों का पतझड़ लग गया। भारत की तरफ से पहले दिन सबसे सफल गेंदबाज उमेश यादव रहे और उन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए। पहले दिन के खेल में कई खास बातें देखने को मिलीं। जिनमें रेन्शॉ का पेट खराब होने की वजह से मैदान से बाहर जोना हो, या फिर उमेश यादव का दो गेंदों पर दो विकेट झटकना हो, या फिर रिद्धिमान साहा का बेहतरीन कैच लपकना हो। तो आइए हम आपको रूबरू कराते हैं ऐसी बड़ी बातों से जो पहले दिन के खेल में छाईं रहीं।

पेट खराब होने की वजह से मेट रेन्शॉ ने छोड़ा मैदान: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन बेहद ही अजब नजारा देखने को मिला। दरअसल, डेविड वार्नर और मेट रेन्शॉ ने ऑस्ट्रेलिया को अच्छी शुरुआत दिलाई और पहले विकेट के लिए 82 रन जोड़े। लेकिन इसी बीच उमेश यादव ने वार्नर को बोल्ड आउट कर दिया। लेकिन वार्नर के साथ रेन्शॉ भी पवेलियन लौट गए। इस नजारे ने सभी को हैरानी में डाल दिया। दरअसल, हुआ यह कि रेन्शॉ वार्नर के आउट होते ही ‘रिटायर इल’ हो गए। रिटायर इल होने से पहले रेन्शॉ 36 रन बनाकर खेल रहे थे। 28वें ओवर में उमेश यादव की तीसरी गेंद पर डेविड वॉर्नर के आउट होते ही रैन्शॉ भी पवेलियन की और चल पड़े। इस बीच काफी असमंजस की स्थिति बनी रही क्योंकि अंपायर और कप्तान स्मिथ से अनुमति मिलने के बाद वह आखिरकार मैदान से बाहर चले गए। भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट के लाइव ब्लॉग को पढ़ने के लिए क्लिक करें

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

लेकिन जब रेन्शॉ दोबारा बल्लेबाजी करने आए तो उन्होंने शानदार खेल का मुजाहिरा पेश किया और अर्धशतक जड़ दिया। रेन्शॉ ऑस्ट्रेलिया की ओर से भारतीय सरजमीं पर अर्धशतक जमाने वाले सबसे कम उम्र(20y, 332d) के खिलाड़ी हैं। उनके पहले ये रिकॉर्ड रिक डार्लिंग के नाम था जिन्होंने साल 1979-80 में (22y, 154d) की उम्र में अर्धशतक जड़ा था। रेन्शॉ अर्धशतक जड़ने के बाद ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं ठहरे रह सके और 68 रन बनाकर आउट हो गए। रेन्शॉ ऑस्ट्रेलिया के सातवें विकेट के रूप में आउट हुए। उन्हें अश्विन ने विजय के हाथों कैच करवाया।

ऑस्ट्रेलिया के लिए संकटमोचक बने मिचेल स्टार्क: भारतीय गेंदबाजों के सामने एक समय ऑस्ट्रेलिया टीम बुरी तरह से लड़खड़ा गई थी और लग रहा था कि टीम पहले ही दिन सिमट जाएगी। लेकिन मुश्किल समय और विपरीत परिस्थितियों में मिचेल स्टार्क ने शानदार बल्लेबाजी की। वेड के आउट होने के बाद बल्लेबाजी के लिए आए स्टार्क ने बेहतरीन खेल दिखाया और बड़े शॉट खेले। स्टार्क ने आखिरी विकेट के लिए हेजलवुड के साथ नाबाद 51 रनों की साझेदारी की। इस साझेदारी में 50 रन स्टार्क के बल्ले से निकले। स्टार्क अब तक 58 गेदों में 57 रन बनाकर नाबाद हैं और उन्होंने अपनी पारी में 5 चौके और 3 छक्के जड़े हैं।

पहले दिन पिच बनी अबूझ पहेली: टॉस होने से पहले ही क्रिकेट पंडित पिच को पांचवें दिन जैसा करार दे रहे थे। पिच पर 7-8 दिनों से पानी नहीं डाला गया था। पहले दिन जब ऑस्ट्रेलियाई टीम बल्लेबाजी के लिए उतरी तो कप्तान विराट कोहली ने दूसरे ओवर से ही आर अश्विन को गेंदबाजी में लगा दिया। गेंद पहले ओवर से ही अच्छा-खासा टर्न ले रही थी, लेकिन मेट रेन्शॉ और डेविड वार्नर की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए अच्छा खेल दिखाया और अर्धशतकीय साझेदारी निभाई। इस दौरान खास तौर पर नए नवेले बल्लेबाज रेन्शॉ की तारीफ करनी चाहिए, जिन्होंने भारतीय स्पिनरों की एक नहीं चलने दी। लेकिन वार्नर जैसे ही 82 रनों के कुल योग पर आउट हुए और इसी योग पर रेन्शॉ भी रिटायर्ड इल हो गए। इसके बाद तो गेंदबाजों की चांदी हो गई और गेंदबाजों ने लगातार अंतराल में विकेट झटके। अंतत: दिन की समाप्ति पर ऑस्ट्रेलिया के 9 विकेट गिरे। जिनमें 5 विकेट स्पिन गेंदबाजों ने हासिल किए। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पिच आने वाले दिनों में कैसा बर्ताव करेगी।

जब रिद्धिमान साहा बन गए सुपरमैन: जी हां, पहले दिन रिद्धिमान साहा ने एक ऐसा कैच पकड़ा, जिसके बाद उन्हें सुपरमैन कहा जाने लगा। साहा के कैच को देखकर हर किसी ने दातों तले उंगलियां दबा लीं। जैसे ही साहा ने इस अप्रत्याशित कैच को पकड़ा वैसे ही हर जगह उनकी तारीफों के कसीदे पढ़े जाने लगे। दरअसल उमेश यादव की बाहर जाती हुई गेंद को कीफे ने खेलने की कोशिश की और गेंद ने कीफे के बल्ले का बाहरी किनारा लिया और पहली स्लिप के क्षेत्र में उछल पड़ी। इसी बीच साहा ने एक बड़ी छलांग लगाई और लगभग हवा में उड़ते हुए असंभव से दिख रहे उस कैच को पकड़कर सभी को हैरानी में डाल दिया। ये भी पढ़ें: भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया पहले टेस्ट का पूरा स्कोरकार्ड यहां देखें

जब उमेश यादव ने दो गेंदों पर लिए दो विकेट: पहले दिन अगर ऑस्ट्रेलिया की हालत इतनी खराब रही, तो इसके पीछे उमेश यादव का सबसे बड़ा योगदान है। उमेश ने पहले ऑस्ट्रेलिया की सलामी बल्लेबाजी को तोड़ा और फिर लगातार अंतराल में विकेट झटके। उमेश यादव ने पहले दिन कुल 4 चार विकेट झटके। जिनमें दो गेंदों पर लगातार दो विकेट भी शामिल रहे। दरअसल, 82वें ओवर में उमेश के हाथों में गेंद थी और उन्होंने इस ओवर में स्टीव ओ कीफे और नाथन लियोन का विकेट झटक लिया। उमेश ने ओवर की चौथी गेंद पर कीफे और पांचवीं गेंद पर लियोन को आउट किया। लेकिन वह दुर्भाग्यशाली रहे और हैट्रिक लेने से चूक गए। उमेश यादव ने पहले दिन डेविड वार्नर, मैथ्यू वेड, कीफे और लियोन के विकेट झटके।

Editor's Pick