×

भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, पहला टी20: खुद को बेहतर साबित करने उतरेंगी दोनों टीमें

अब तक 9 अंतराष्ट्रीय टी20 मुकाबलों में 5 बार बाजी भारतीय टीम के हाथ लगी है तो 4 मौकों पर ऑस्ट्रेलिया ने बाजी मारी है

user-circle cricketcountry.com Written by Jay Jaiswal
Last Updated on - January 25, 2016 5:06 PM IST

भारतीय टीम धोनी के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया को हार का स्वाद चखाने को तैयार है © Getty Images
भारतीय टीम धोनी के नेतृत्व में ऑस्ट्रेलिया को हार का स्वाद चखाने को तैयार है © Getty Images

मंगलवार को एडिलेड में पहले टी20 मुकाबले के लिए भारत और ऑस्ट्रेलिया एक बार फिर आमने सामने होगी। वनडे सीरीज में बाजी ऑस्ट्रेलिया के हाथ लगी लेकिन टी20 क्रिकेट वनडे क्रिकेट से बिल्कुल अलग होता है। ऐसे में ऑस्ट्रेलियाई टीम अतिआत्मविश्वास का शिकार नहीं होना चाहेगी और भारतीय टीम को हल्के में लेने की गलती नहीं करेगी। भारतीय टीम भी वनडे सीरीज की विफलता को भुलाकर ऑस्ट्रेलियाई टीम से दो-दो हाथ करने को तैयार है। दोनों टीमों के लिए अच्छी खबर ये हैं कि दोनों टीमों के बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं जबकि दोनों टीमों के कप्तानों के लिए गेंदबाजों का ना चल पाना सबसे गंभीर समस्या है।

भारत और ऑस्ट्रेलिया अब तक टी20 में 9 बार एक दूसरे से भिड़े हैं जिनमें 5 बार बाजी भारतीय टीम के हाथ लगी है तो 4 मौकों पर ऑस्ट्रेलिया ने बाजी मारी। दोनों टीमों का रिकॉर्ड लगभग बराबर ही है। अंतिम तीन मैचोंं की बात करें तो दो बार भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया पर भारी पड़ी है, ऐसे में दर्शकों को एक रोमांचक मुकाबले की उम्मीद होगी। ALSO READ: साउथ अफ्रीका बनाम इंग्लैंड चौथे टेस्ट का फुल स्कोर कार्ड

बात करें भारतीय टीम की तो अंतिम वनडे में जीत हासिल करने के बाद टीम टी20 में अपना विजय रथ जारी रखना चाहेगी। रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली किस फॉर्म में हैं ये वो वनडे सीरीज में बता चुके हैं। युवराज सिंह और सुरेश रैना टी20 स्पेशलिस्ट बल्लेबाज की हैसियत से टीम की बल्लेबाजी को और मजबूत करेंगे। अंतिम ओवरों में पावर हिटिंग के लिए कप्तान महेन्द्र सिंह धोनी और हार्दिक पांड्या पर टीम इंडिया भरोसा करेगी।

अब बात गेंदबाजी की भारतीय टीम इस मैच में दो स्पिनर के साथ उतर सकती हैं। वनडे सीरीज में अश्विन का प्रदर्शन भले ही खराब रहा हो लेकिन टी20 क्रिकेट में वो बिल्कुल अलग तरह के गेंदबाज हैं तो धोनी उनको अंतिम इलेवन में स्थान दे सकते हैं। ऐसे में दूसरे स्पिनर के रूप में हरभजन और जडेजा में किसी एक को बाहर बैठना पड़ सकता है। तेज गेंदबाजी में आशीष नेहरा का अनुभव भारतीय टीम के काम आएगा उनके साथी गेंदबाज के तौर पर अंतिम वनडे में शानदार गेंदबाजी करने वाले जसप्रीत बुमराह को मौका दिया जा सकता है। ALSO READ:  वनडे सीरीज में भारतीय टीम के खिलाड़ियों के प्रदर्शन की समीक्षा

ऑस्ट्रेलियाई टीम ने अपनी टी20 टीम में बिग बैश में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को चुना हैं। कप्तान फिंच भारत को टी20 सीरीज में भी हार का स्वाद चखाना चाहेंगे। एरन फिंच, डेविड वार्नर के ऊपर टीम को अच्छी शुरूआत देने की जिम्मेदारी होगी। स्टीवन स्मिथ नंबर तीन की पोजीशन पर टीम को मजबूती देंगे। मैक्सवेल और बिग बैश में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने वाले क्रिस लिन से ऑस्ट्रेलियाई टीम तेज रनों की उम्मीद करेगी। विकेटकीपर बल्लेबाज वेड और फॉकनर निचले क्रम में तेजी से रन बनाने की काबिलियत रखते हैं, तो ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी में गहराई देखी जा सकती है। ALSO READ: विराट कोहली और सचिन तेंदुलकर में बेहतर बल्लेबाज कौन?

गेंदबाजी में शॉन टेट के आने से ऑस्ट्रेलियाई आक्रमण को मजबूती मिली है। टेट अपनी रफ्तार से भारतीय बल्लेबाजों की परीक्षा लेंगे। ऑस्ट्रेलियाई टीम टेट का साथ देने के लिए जॉन हेस्टिंग्स पर भरोसा जता सकती है। तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में एंड्रयू टेय, केन रिचर्डसन और स्कॉट बोलेंड के बीच लड़ाई होगी। स्पिन डिपार्टमेंट की कमान नाथन लियोन के हाथों में होगी।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं।
भारतः
रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली, युवराज सिंह, सुरेश रैना, महेन्द्र सिंह धोनी(कप्तान), हार्दिक पांड्या, रविन्द्र जडेजा, रविचन्द्रन अश्विन, जसप्रीत बुमराह, आशीष नेहरा, अंजिक्य रहाणे, हरभजन सिंह, उमेश यादव, ऋषि धवन।

TRENDING NOW

ऑस्ट्रेलियाः
एरन फिंच(कप्तान), डेविड वार्नर, स्टीवन स्मिथ, शेन वाटसन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू वेड, जेम्स फॉकनर, जॉन हेस्टिंग्स, शॉन मार्श, कैमरून बॉयस, नाथन लियोन, क्रिस लिन, ट्रेविस हेड, केन रिचर्ड्सन, एंड्रयू टाय, स्कॉट बोलेंड, शॉन टेट।