×

तीसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया का सूपड़ा साफ करने उतरेगी टीम इंडिया

तीसरे टी20 मैच में शेन वॉटसन ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान होंगे।

user-circle cricketcountry.com Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - January 31, 2016 12:48 PM IST

भारत और ऑस्ट्रेलिया तीसरे टी20 में सिडनी में आमने सामने होंगे © Getty Images
भारत और ऑस्ट्रेलिया तीसरे टी20 में सिडनी में आमने सामने होंगे © Getty Images

भारत और ऑस्ट्रेलिया तीन टी20 मैचों की सीरीज के तीसरे मैच में सिडनी में एक बार फिर से आमने सामने होंगे। भारत ने पहले दो टी20 मैचों में बेहतरीन बल्लेबाजी और गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश किया और ऑस्ट्रेलिया को चारों खाने चित करते हुए विजय श्री हासिल की। भारत ने मेलबर्न में खेले गए दूसरे टी20 मैच में ऑस्ट्रेलिया  को 27 रनों से हराते हुए टी20 सीरीज अपने नाम कर ली। एक बार फिर से विराट कोहली का बल्ला बोला और उन्होंने 33 गेंदों में 59 रन ठोंकते हुए भारत को 184/3 के विशाल लक्ष्य तक पहुंचाया। जवाब में भारतीय स्पिनरों ने फिर से धमाल मचाया और ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी को नेस्तनाबूद कर दिया। दूसरे टी20 मैच का फुल स्कोरकार्ड जानने के लिए क्लिक  करें…

हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई टीम के कप्तान एरन फिंच एक समय बेहद खतरनाक नजर आ रहे थे, लेकिन जब उन्हें हेम्स्ट्रिं2ग होने लगा उसके बाद उनका खेल बिगड़ा और वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से रनआउट हो गए। उन्होंने आउट होने से पहले भारतीय गेंदबाजों की अच्छी बखिया उधेड़ी थी और 8 चौके व दो छक्के लगाते हुए ऑस्ट्रेलिया को उत्कृष्ट शुरुआत दी थी, लेकिन जैसे ही वह आउट हुए ऑस्ट्रेलियाई पारी भरभरा  गई। फिंच की चोट के कारण वह सिडनी में होने वाले तीसरे टी20 मैच में नहीं खेलेंगे और उनकी जगह उस्मान ख्वाजा लेंगे। ऑस्ट्रेलियाई टीम सिडनी में खेले जाने वाले तीसरे टी20 मैच में फिंच, वॉर्नर और स्मिथ के बिना उतरेगी। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के लिए सितारों से भरी भारतीय टीम से मुकाबला और भी कठिन होगा।

तीसरे टी20 मैच के लिए शेन वॉटसन को अंतरिम कप्तान नियुक्त किया गया है। वॉटसन ने कहा, “टीम की अगुआई  करने के लिए कहे जाने पर सम्मानित महसूस कर रहा हूं, हालांकि परिस्थितियां आदर्श स्थिति से खराब हैं।” ईएसपीएन क्रिकइन्फो के मुताबिक ख्वाजा को वॉटसन ने अपना समर्थन दिया है, वॉटसन ने कहा, “उस्मान को जहां भी मौका मिलेगा वह बल्लेबाजी कर सकते हैं, क्योंकि उनकी बल्लेबाजी बहुत बढ़िया है। जिस किसी भी प्रारूप में उन्हें मौका मिलेगा वह उसे भुनाने के लिए तैयार हैं।” भारत इस मैच में व्हाइटवॉश करने के लिए उतरेगी और संभावना है कि वे बिना किसी परिवर्तन के उतरेंगे। अभी तक खेले गए दो टी20 मैचों में बुमराह, अश्विन और जडेजा ने बेहतरीन गेंदबाजी की है और विपक्षी टीम की  बल्लेबाजी को दोनों मौकों पर ध्वस्त किया है।

ऐसे में धोनी तीनों के साथ एक बार फिर से जाना चाहेंगे। वहीं बल्लेबाजी में धवन, रोहित, कोहली और रैना ने अब तक बेहतरीन बल्लेबाजी की है तो इनमें किसी साधारण परिवर्तन का तो सवाल ही नहीं पैदा होता। वहीं दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया अपने मध्यक्रम में फेरबदल कर सकता है। पिछले दोनों मैचों में बुरी तरह से असफल होने वाले क्रिस लिन की जगह ऑस्ट्रेलियाई टीम किसी नई चेहरे को टीम में शामिल कर सकती है। वहीं गेंदबाजी में वह पहले मैच में प्रभावशाली नजर आए कैमरून बॉयस को आजमा सकते हैं।

TRENDING NOW

टीमें
भारत (अंतिम XI): शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, युवराज सिंह, एमएस धोनी(कप्तान और विकेटकीपर), सुरेश रैना, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, आशीष नेहरा, जसप्रीत बुमराह।
ऑस्ट्रेलिया(अंतिम XI): शेन वॉटसन(कप्तान), शॉन मार्श, क्रिस लिन, ग्लेन मैक्सवेल, मैथ्यू वेड(विकेटकीपर), जेम्स फॉकनर, जॉन हेस्टिंग्स, स्कॉट बोलैंड, एंड्रयु टाय, नाथन ल्योन, उस्मान ख्वाजा।