×

पर्थ वनडे के लिए भारत की संभावित अंतिम एकादश टीम

पर्थ में खेले जाने वाले पहले वनडे में बरिंदर स्रान भारतीय टीम की ओर से पर्दापण कर सकते हैं

user-circle cricketcountry.com Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - January 11, 2016 10:24 AM IST

भारतीय टीम © Getty Images (File Photo)
भारतीय टीम © Getty Images (File Photo)

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की वनडे सीरीज के साथ साल का आगाज करने जा रही भारतीय टीम अपना पहला वनडे मुकाबला 12 जनवरी को पर्थ में खेलेगी। भारत पर्थ में पहले ही वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के साथ दो अभ्यास मैच खेल चुका है जिसमें भारतीय सितारों के गजब के प्रदर्शन के आगे वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया को मुंह की खानी पड़ी। टी20 अभ्यास मैच में जहां विराट और धवन का जादू देखने को मिला तो एकदिवसीय अभ्यास मैच में रोहित ने फार्म में वापसी के संकेत देकर भारतीय टीम को राहत दिलाई है। एकदिवसीय क्रिकेट के लिहाज से साल 2015 भारत टीम के लिए कुछ खास नहीं रहा था। ऐसे में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया को उसी की सरजमीं पर मात देकर साल की अच्छी शुरुआत करना चाहेगी। तो आइए जानते हैं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले वनडे के लिए किन भारतीय खिलाड़ियों को अंतिम एकादश में जगह मिलेगी।

शीर्ष क्रम: जैसा कि रोहित शर्मा ने अभ्यास मैच में अर्धशतक(67) जड़कर अपने फॉर्म में लौटने के संकेत दे दिए हैं। ऐसे में उनके टीम में ना रहने का तो सवाल ही नहीं उठता। वहीं धवन ने भी टी20 अभ्यास मैच में तूफानी अर्धशतक जड़कर अपने इरादे साफतौर पर जाहिर कर दिए हैं। भारत की दूसरे सबसे सफल सलामी वनडे जोड़ी शिखर-रोहित पर फिर से एक सधी हुई शुरुआत देने का जिम्मा होगा। इसमें कोई दो राय नहीं है कि ये दोनों बेहद प्रतिभाशाली क्रिकेटर हैं और अगर दोनों की आंखें जम गईं तो गेंदबाजों की खैर नहीं। तीसरे नंबर पर विराट कोहली अपनी भूमिका निभाने के लिए आतुर नजर आ रहे हैं। टी20 मैच में कोहली ने जिस तरह की बल्लेबाजी की उसमें पूर्ण आत्मविश्वास झलक रहा था। पिछले साल जब भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के दौर पर आई थी तब कोहली ने टेस्ट सीरीज में रनों का अंबार लगा दिया था। इस बार भी कोहली से कुछ ऐसा ही करने की उम्मीद है।

मध्यक्रम: हाल ही के मैचों में अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी का सुबूत पेश कर चुके अजिंक्य रहाणे एक बार फिर से चौथे नंबर पर बल्लेबाजी का जिम्मा संभालेंगी। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में रहाणे ने लगातार 2 शतक लगाए थे। वहीं ऑस्ट्रेलिया में उनका का बल्ला खूब चलता है। एकदिवसीय वार्म अप मैच में रहाणे ने 41 रन बनाए थे। रहाणे आउट होने से पहले बेहद आत्मविश्वास में नजर आए थे। ऐसे में अगर उन्हें मौका मिला तो वह बड़ी पारी खेल सकते हैं। एकदिवसीय अभ्यास मैच में वेस्टर्न ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाने वाले मनीष पांडे को टीम में जगह देने की संभावनाएं नजर आ रही हैं। वहीं छठे नंबर पर कप्तान धोनी अपनी भूमिका को निभाएंगे।

गेंदबाजी: भारतीय तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी एक बार फिर से उमेश यादव के कंधों पर होगी। वहीं दूसरे तेज गेंदबाज की भूमिका ईशांत शर्मा निभाएंगे। मोहम्मद शमी के चोटिल जाने के बाद तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में नए नवेले बरेंदर स्रान को मौका मिल सकता है। स्रान ने वॉर्म अप मैच में बेहतरीन गेंदबाजी की थी। चूंकि पर्थ की पिच तेज गेंदबाजों के ज्यादा अनुकूल है ऐसे में इन तीनों गेंदबाजों का प्रदर्शन मैच के परिणाम को जरूर प्रभावित करेगा।  वहीं स्पिन विभाग में आर. अश्विन के साथ जडेजा को उनके हरफनमौला खेल को देखते हुए मौका दिया जा सकता है।

TRENDING NOW

संभावित भारतीय एकादश: शिखर धवन, रोहित शर्मा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, मनीष पांडेय, महेंद्र सिंह धोनी (कप्तान), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, ईशांत शर्मा, उमेश यादव, बरेंदर सिंह सरन।