छक्के के साथ धोनी ने बनाया अर्धशतक, टीम इंडिया को दिलाई जीत
महेंद्र सिंह धोनी ने संयम भरी अर्धशतकीय पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया से मिले 299 रन से लक्ष्य को भारत ने आखिरी ओवर में लगाए छक्के और एक रन से पूरा किया।
Published On Jan 15, 2019, 05:06 PM IST
Last UpdatedJan 15, 2019, 05:06 PM IST
MS Dhoni getty images
भारतीय क्रिकेट टीम ने एडिलेड वनडे में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट से जीत हासिल कर सीरीज में 1-1 की बराबरी कर ली। कप्तान विराट कोहली ने शतक जमाया जबकि महेंद्र सिंह धोनी ने संयम भरी अर्धशतकीय पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया से मिले 299 रन से लक्ष्य को भारत ने आखिरी ओवर में लगाए छक्के और एक रन से पूरा किया।
भारत के खिलाफ दूसरे वनडे में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान एरोन फिंच ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया। शॉन मार्श की शतकीय पारी की बदौलत टीम ने 298 रन का स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम ने अंतिम ओवर में जीत हासिल की और मुकाबला 6 विकेट से अपने नाम कर सीरीज में वापसी की।
धोनी का लगातार दूसरा अर्धशतक
भारतीय टीम के एडिलेड में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने एक और उपयोगी पारी खेली। सिडनी में अर्धशतक बनाने वाले धोनी ने सीरीज में लगातार दूसरा अर्धशतक बनाया। धोनी ने 54 गेंद पर नाबाद 55 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाकर मैदान से वापस लौटे।
धोनी ने आखिरी ओवर में जमाया छक्का
भारतीय टीम के लिए मुकाबला मुश्किल नजर आ रहा था। आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन की जरूरत थी। महेंद्र सिंह धोनी ने बेहरेन्डॉफ की पहली गेंद पर शानदार छक्का जमाया और अपना अर्धशतक पूरा करने के साथ भारत की जीत पक्की कर दी। अगली गेंद पर धोनी ने एक रन लिया और टीम इंडिया 1-1 से सीरीज में वापसी करा दी।
धोनी ने सुधारा स्ट्राइक रेट
पिछले मैच में 96 गेंद पर 51 रन की पारी खेली थी जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 53.12 का रहा था। एडिलेड में धोनी ने 54 गेंद पर 55 रन बनाए जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 101.85 का रहा। अंतिम ओवर में धोनी ने छक्का लगाया और भारत को लक्ष्य तक पहुंचाया।