×

रोहित शर्मा ने लगाया 14वां वनडे शतक, साथ ही बना डाले 4 बड़े रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने 125 रनों की पारी खेली।

© AFP
© AFP

टीम इंडिया के हिटमैन रोहित शर्मा हर मैच के साथ नया रिकॉर्ड बना रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नागपुर वनडे में शानदार अंदाज में छक्का लगाकर शतक लगाया। रोहित शर्मा का वनडे में यह 14वां शतक है। इसके साथ ही उन्होंने युवराज सिंह के वनडे में 14 शतकों की बराबरी कर ली है। अब वह भारत की ओर से वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में पांचवें नंबर पर पहुंच गए हैं। वहीं दुनिया में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में वह 23वें नंबर पर पहुंच गए हैं।

गौर करने वाली बात है कि नागपुर वनडे में जब रोहित बल्लेबाजी करने के लिए आए थे तब उन्हें शुरुआत में रन बनाने में खासी मशक्कत करनी पड़ रही थी और उन्होंने अपना खाता 15वीं गेंद में खोला था। लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार दो चौके पैट कमिंस की गेंद पर लगाए और उसके बाद पीछे मुड़कर नहीं देखा। रोहित ने शतक लगाने के साथ ये बड़े रिकॉर्डस भी अपने नाम कर लिए। आइए नजर डालते हैं।

 

1. रोहित शर्मा ने पूरे किए अपने 6,000 रन: रोहित शर्मा ने अपने 6000 रन इस मैच के साथ पूरे कर लिए हैं। उन्होंने जैसे ही 92वां रन बनाया यह उपलब्धि हासिल कर ली। भारत की ओर से सबसे तेज 6,000 वनडे रन बनाने की बात करें तो रोहित इस मामले मे तीसरे नंबर पर हैं। पहले नंबर पर विराट कोहली (136 पारियां), दूसरे नंबर पर सौरव गांगुली (147 पारियां) और तीसरे नंबर पर रोहित शर्मा (162 पारियां) हैं। रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में 6,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के 53वें और भारत के नौंवें बल्लेबाज हैं।

[ये भी पढ़ें: आखिरी वनडे में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से धोया, सीरीज और नंबर-1 की कुर्सी पर कब्जा]

2. रोहित शर्मा ने पूरे किए 4,000 रन: रोहित ने वनडे में एक ओपनर के तौर पर अपने 4,000 रन पूरे कर लिए हैं। साल 2011 से ओपनिंग कर रहे रोहित भारतीय टीम की ओर से सबसे तेज 4,000 रन पूरे करने वाले ओपनिंग बल्लेबाज बन गए हैं। रोहित ने इस रिकॉर्ड को 83 पारियों में मुकम्मल किया है। वह दुनिया में ओपनिंग बैटिंग करते हुए दूसरे सबसे तेजी से 4,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। पहले नंबर पर दक्षिण अफ्रीका के हाशिम आमला हैं जिन्होंने 79 पारियों में यह रिकॉर्ड मुकम्मल किया है। वहीं तीसरे नंबर पर डेविड वॉर्नर हैं जिन्होंने 93 पारियों में इस रिकॉर्ड को अपने नाम किया था।

3. रोहित शर्मा ने विराट कोहली को पीछे छोड़ा: रोहित शर्मा का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह छठवां शतक है। इसके साथ ही वह भारत की ओर से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। पहले नंबर पर सचिन तेंदुलकर हैं जिनके नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 शतक हैं। रोहित ने इस दौरान कोहली को पीछे छोड़ दिया जिनके नाम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 शतक हैं।

4. साल 2017 में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बने रोहित शर्मा: रोहित शर्मा ने 109 गेंदों में 125 रनों की पारी के दौरान पांच छक्के मार दिए। इसके साथ ही उन्होंने हार्दिक पांड्या को पीछे छोड़ते हुए साल 2017 में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। रोहित के नाम अब 29 छक्के हो गए हैं वहीं हार्दिक के नाम 28 छक्के हैं। इसके अलावा रोहित शर्मा सबसे ज्यादा बार 5 या इससे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारत की ओर से संयुक्त रूप से तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। भारत की तरफ से सबसे ज्यादा बार इस कारनामे को अंजाम सचिन तेंदुलकर (8) ने दिया है। दूसरे नंबर पर सौरव गांगुली (7) और तीसरे नंबर पर सहवाग और रोहित शर्मा 6-6 बार हैं।

trending this week