- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India vs England, 2nd T20I at Nagpur, preview: Hosts looking to bounce back
भारत बनाम इंग्लैंड, दूसरा टी20I, नागपुर(प्रिव्यू): सीरीज में वापसी करने उतरेगी टीम इंडिया
टीम इंडिया टी20I सीरीज में अभी 1-0 से पीछे है।
Published On Jan 28, 2017, 05:58 PM IST
Last UpdatedJan 28, 2017, 05:58 PM IST

आज नागपुर के विदर्भ स्टेडियम में भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा टी20 मैच खेला जाना है, पहला मैच जीतकर जहां मेहमान टीम के हौसले बढ़े हैं वहीं हार के बाद टीम इंडिया भी वापसी की कोशिश में हैं। कानपुर में खेले पहले मैच में भारतीय टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक था। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों पक्षों में कमी थी। अब नागपुर में भारत अपनी गलती को दोहराना नहीं चाहेगा। अगर भारत यह मैच हार जाता है तो सीरीज भी गंवा देगा। दूसरी ओर इंग्लैंड के पास इस मैच को जीतकर सीरीज पर कब्जा करने का मौका है। अब देखना होगा कि कौन सी टीम अपने लक्ष्य को पाने में सफल रहेगी। ये भी पढ़ें: भारत बनाम इंग्लैंड, दूसरा टी20I, नागपुर: मेजबान और मेहमान टीम के संभावित 11 खिलाड़ी
विराट कोहली बतौर कप्तान अभी तक किसी भी प्रारूप में घरेलू सीरीज नहीं हारे हैं। ऐसे में अगर उन्हें ये सिलसिला बरकरार रखना है तो नागपुर टी20I में जीत अतिआवश्यक हो जाती है। टीम इंडिया ने नागपुर के इस मैदान पर अंतिम टी20I मैच वर्ल्ड टी20I 2016 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इस मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा था। इस दौरान टीम इंडिया की बल्लेबाजी ताश के पत्तों की तरह बिखर गई थी। टीम इंडिया की बल्लेबाजी को अकेले दो स्पिनरों मिचेल सेंटेनर और ईश सोढ़ी ने ढहा दिया था। वहीं बात करें कानपुर की तो वहां इंग्लैंड के तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामने टीम इंडिया की सिट्टी- पिट्टी गुम हो गई। वह इस वजह से क्योंकि इंग्लैंड के गेंदबाज लगातार गेंदों की लेंथ शॉर्ट रख रहे थे और भारतीय बल्लेबाजों को शॉट लगाने का कोई मौका नहीं दे रहे थे। [ये भी पढ़ें: आखिर क्यों न दिया जाए रिषभ पंत को अंतिम एकादश में मौका?]
युवराज सिंह दूसरे टी20I में अपनी फॉर्म में वापसी को लेकर बेताब होंगे और वह वनडे सीरीज की ही तरह टी20I में अपनी उपयोगिता साबित करना चाहेंगे। वहीं नंबर छह पर मनीष पांडे के पास अपने बल्ले के सूखे को खत्म करने का अंतिम मौका होगा। अगर उन्हें मौका मिलता है और वह इसे भुना नहीं पाते तो उनकी टीम से छुट्टी तय है। पहले टी20I में रविंद्र जडेजा और रविचंद्रन अश्विन की अनुपस्थिति में भारतीय स्पिनरों यजुवेंद्र चहल और परवेज रसूल ने बढ़िया काम किया था। मुख्य रूप से चहल अपनी गेंदों में विविधताओं के कारण ज्यादा असरकारी नजर आए थे। उन्होंने अंततः दो विकेट ले डाले और दूसरे मैच के लिए अपनी टीम में जगह पक्की कर ली।
चहल की सफलता को देखते हुए शायद की कोहली अमित मिश्रा को खिलाने की न सोचें। हां, हो सकता है कि कोहली रसूल की जगह मिश्रा को जगह दें। तेज गेंदबाजी विभाग में दोनों नेहरा और बुमराह आम गेंदबाज नजर आए हैं। ऐसे में दोनों में से किसी एक की जगह भुवनेश्वर कुमार को अंतिम एकादश में जगह दी जा सकती है। इंग्लैंड के लिए गेंदबाजी विभाग में किसी भी प्रकार से चिंता करने की जरूरत नहीं है। जो पांच गेंदबाज उन्होंने पहले मैच में इस्तेमाल किए सभी ने विकेट लिए। खासतौर पर प्लेयर ऑफ द मैच रहे मोईन अली, टाइमन मिल्स और क्रिस जॉर्डन ने टीम इंडिया के बल्लेबाजों को खूब परेशान किया। ऐसे में शायद ही इंग्लैंड टीम अपने गेंदबाजी विभाग में परिवर्तन करेगी।
वहीं इंग्लैंड टीम अपनी ओपनिंग जोड़ी के साथ छेड़खानी नहीं करना चाहेगी। जेसन रॉय ने हालिया वनडे सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन किया था। वहीं सैम बिलिंग्स ने कानपुर टी20 में इंग्लैंड को तूफानी शुरुआत दी थी। इसलिए एक बार फिर से ये दोनों मेहमान टीम की ओपनिंग जोड़ी का भार उठाते नजर आएंगे। वहीं, इंग्लैंड के स्टार बल्लेबाज जो रूट तीसरे क्रम पर अपनी जिम्मेदारी उठाएंगे। जाहिर है कि टीम इंडिया को इंग्लैंड के बल्लेबाजों को रोकने के लिए जोरदार रणनीति बनानी पड़ेगी। वहीं बात करें एमएस धोनी की तो वह पहले टी20I में 36* रन बनाकर टीम इंडिया की ओर से सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी रहे थे। लेकिन वह इस दौरान आक्रामक स्ट्रोक नहीं लगा सके। ये एक ऐसा क्षेत्र है जिसपर एमएस को कार्य करने की जरूरत है। तभी जाकर टीम इंडिया जीत के रथ पर सवार इंग्लैंड को मात दे पाएगी।
भारत: विराट कोहली(कप्तान), लोकेश राहुल, सुरेश रैना, युवराज सिंह, महेंद्र सिंह धोनी(विकेटकीपर), मनीष पांडे, हार्दिक पांड्या, परवेज रसूल, आशीष नेहरा, यजुवेंद्र चहल, जसप्रीत बुमराह, मनदीप सिंह, रिषभ पंत, भुवनेश्वर कुमार और अमित मिश्रा।
इंग्लैंड: इयोन मोर्गन(कप्तान), जेसन रॉय, सैम बिलिंग्स, जो रूट, बेन स्टोक्स, जोस बटलर(विकेटकीपर), मोइन अली, क्रिस जॉर्डन, लियाम प्लंकेट, आदिल रशीद, टाइमल मिल्स, जोनाथन बेयरस्टो, जेक बॉल, लियाम डॉसन और डेविड विली।