आखिर क्यों न दिया जाए रिषभ पंत को अंतिम एकादश में मौका?

रिषभ पंत तूफानी बल्लेबाज हैं। टी20 में वह उपयोगी साबित हो सकते हैं।

Edited By : Devbrat Bajpai |Jan 28, 2017, 11:28 AM IST

Published On Jan 28, 2017, 11:28 AM IST

Last UpdatedJan 28, 2017, 11:28 AM IST

रिषभ पंत  © IANS
रिषभ पंत © IANS

इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20I में हार झेलने के बाद से टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी की पोल खुल गई है। ओपनिंग जोड़ी के बारे में अबतक ज्यादा चर्चाएं इसलिए नहीं हो रही थीं क्योंकि टीम इंडिया लगातार जीत हासिल कर रही थी। हाल फिलहाल में होंने वाली सीमित ओवर सीरीजों को देखें तो टीम इंडिया की ओपनिंग जोड़ी सभी सीरीजों में फिसड्डी साबित हुई है। टीम इंडिया ने 2016 के उत्तरार्ध में न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज खेली थी। चूंकि, इस सीरीज के पहले ही शिखर धवन चोटिल हो गए थे इसलिए उनकी जगह अजिंक्य रहाणे ने जगह बनाई। वह रोहित शर्मा के साथ ओपनिंग के लिए पांचों मैचों में आए लेकिन दुर्भाग्य से ये दोनों बल्लेबाज इन पाचों मौकों में एक बार भी अर्धशतकीय साझेदारी नहीं निभा पाए थे। इस सीरीज में इन दोनों के बीच सर्वोच्च साझेदारी 49 रनों की रही थी।

पिछली दो सीरीजों से ओपनिंग जोड़ी का फीका प्रदर्शन: अगली वनडे सीरीज भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ खेली और इस सीरीज में ओपनिंग जोड़ी का भिन्न संयोजन नजर आया क्योंकि रोहित शर्मा चोटिल चल रहे थे। पहले वनडे में शिखर धवन और केएल राहुल ओपनिंग के लिए आए। दोनों पहले विकेट के लिए महज 13 रन ही जोड़ सके और आउट हो गए। ये सिलसिला यहीं नहीं थमा बल्कि दूसरे वनडे मैच में भी इन दोनों की जोड़ी ने महज 14 रन ही पहले विकेट के लिए जोड़े। अंतिम वनडे में धवन की जगह अजिंक्य रहाणे को आजमाया गया। चूंकि, रहाणे पहले ही न्यूजीलैंड सीरीज में अपने फेल होने का सुबूत पेश कर चुके थे तो वह यहां भी फेल हो गए और राहुल के साथ पहले विकेट के लिए महज 13 रन ही जोड़ पाए। पिछले दो महीनों की बात करें तो सीमित ओवर क्रिकेट में टीम इंडिया पांच ओपनिंग खिलाड़ियों को आजमा चुकी है। लेकिन ये पांचों ही छाप छोड़ने में विफल रहे हैं। जाहिर है कि टीम इंडिया को एक बड़े बदलाव की ओर ध्यान देना होगा ताकि एक बेहतर ओपनिंग संयोजन बनाया जा सके। [मैच रिपोर्ट: इंग्लैंड ने कानपुर टी20I में भारत को 7 विकेट से हराया, सीरीज में ली 1-0 की बढ़त]

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

केएल राहुल को क्यों न किया जाए अंतिम एकादश से बाहर? सोचने वाली ये बात भी है कि कोहली केएल राहुल के साथ लगातार दाव क्यों खेल रहे हैं। क्या सिर्फ इसलिए कि उन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 46 गेंदों में शतक जड़ दिया था या इसलिए कि उन्होंने कई पारियों में आउट ऑफ फॉर्म रहने के बाद एक मैच में 199 रन की पारी खेली थी। कोहली को अब इस ओर भी सोचना चाहिए कि राहुल को अब अंतिम एकादश से बाहर बिठाने का समय आ गया है। क्योंकि राहुल ने अपनी अंतिम चार पारियों में 10, 11, 5 और आठ का स्कोर किया है। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ उनकी 199 रनों की पारी को छोड़ दिया जाए तो उन्होंने 24, 10, 0, 38, 32 और 28 रनों का पारियां खेली हैं। जाहिर है कि टीम इंडिया को विश्वस्तर पर अपनी धाक जमाने के लिए एक अनिरंतर ओपनिंग बल्लेबाज की कतई जरूरत नहीं है।

केएल राहुल की जगह लेने के लिए तैयार हैं रिषभ पंत: राहुल की जगह लेने के लिए टीम इंडिया में एक बेहतरीन खिलाड़ी मौजूद है और वह है रिषभ पंत। 19 साल के रिषभ पंत ने पिछले एक साल में जितने रिकॉर्ड मुकम्मल किए हैं वह बताता है कि वह कितने प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। रिषभ अंडर- 19 विश्व कप में भारतीय टीम की ओर से ओपनिंग बल्लेबाजी के लिए आया करते थे और वह इस पोजीशन की चुनौतियों को भली भांति जानते हैं। अंडर-19 विश्व कप में रिषभ ने 18 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए पूरे क्रिकेट जगत को चौंका दिया था। वह यहीं नहीं थमे और साल 2016 में रणजी क्रिकेट इतिहास का सबसे तेज 46 गेंदों में शतक जड़ते हुए अपनी आतिशी बल्लेबाजी का नमूना पेश कर दिया। रिषभ ने इसी मैच में 308 रनों की पारी खेली थी जिसमें उन्होंने छक्कों और चौकों की बरसात कर दी थी।

रिषभ ने अब तक कुल 10 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं जिनमें उन्होंने 16 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 1,080रन बनाए हैं। इस दौरान उनका रन बनाने का औसत 72 का रहा है वहीं स्ट्राइक रेट 102.95 का रहा है। रिषभ छक्के जड़ने के लिए खूब जाने जाते हैं। वह अपने प्रथण श्रेणी करियर में कुल 114 चौके और 53 छक्के जड़ चुके हैं। टी20 क्रिकेट में बड़े स्ट्रोक के मायने अलग होते हैं। इस लिहाज से रिषभ टीम इंडिया के लिए बहु- उपयोगी साबित हो सकते हैं।

रिषभ को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे वॉर्म अप मैच में मौका दिया गया था और इस दौरान उन्होंने 36 गेंदों में आतिशी 59 रन बनाए थे। जिसमें आठ चौके और दो छक्के शामिल थे। पंत की उम्र भले ही कम है लेकिन उनकी काबिलियत को देखते हुए वह टीम इंडिया की लड़खड़ाती हुई ओपनिंग जोड़ी को संयमित करने में अपना योगदान दे सकते हैं। दूसरा टी20 मैच 29 जनवरी को नागपुर में खेला जाएगा। चूंकि, रोहित शर्मा वर्तमान समय में चोटिल चल रहे हैं। इसलिए विराट एकबार फिर से ओपनिंग में अपना हाथ आजमाएंगे। साथ ही दूसरे छोर पर अगर वह रिषभ पंत को मौका देते हैं तो टीम इंडिया को अतिरिक्त बल मिल सकता है।

Editor's Pick