×

भारत बनाम पाकिस्तान: रोहित और वहाब के बीच होगी कड़ी टक्कर, जानें अन्य बड़ी टक्करों के बारे में

इसके पहले इन दोनों चिर प्रतिद्वंदियों की मुलाकात पिछले साल आईसीसी विश्व कप 2015 में हुई थी जिसमें भारतीय टीम को जीत प्राप्त हुई थी।

user-circle cricketcountry.com Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - February 26, 2016 4:12 PM IST

भारत बनाम पाकिस्तान, एशियाकप 2016 © PTI
भारत बनाम पाकिस्तान, एशियाकप 2016 © PTI

क्रिकेट जगत में भारत- पाकिस्तान दो ऐसे नाम हैं जिनके नाम अपने आपको इतिहास को दर्ज कराने के लिए हमेशा बेताब रहते हैं। अब एक बार फिर ये दोनों टीमें एशिया कप 2016 में 27 फरवरी को एक दूसरे के आमने सामने होंगी। चूंकि इस बार एशिया कप टी20 प्रारूप में आयोजित किया जा रहा है और इन दोनों टीमों को क्रिकेट का यह प्रारूप खूब भाता है। ऐसे में दोनों के बीच एक दिलचस्प मुकाबले की उम्मीद की जा रही है। इसके पहले इन दोनों चिर प्रतिद्वंदियों की मुलाकात पिछले साल आईसीसी विश्व कप 2015 में हुई थी जिसमें भारतीय टीम को जीत प्राप्त हुई थी। एशिया कप के तुरंत बाद भारत में टी20 विश्व कप आयोजित किया जा रहा है। इस लिहाज से भारत-पाकिस्तान की यह टक्कर बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। तो आइए जानते हैं कि 27 फरवरी को खेले जाने वाले मैच में किन खिलाड़ियों के बीच सबसे उच्च स्तर की टक्कर होने की संभावनाएं हैं। फुल स्कोरकार्ड: भारत बनाम पाकिस्तान, एशिया  कप चौथा मैच 

रोहित शर्मा बनाम वहाब रियाज: रोहित शर्मा आज कल बेहतरीन फॉर्म में हैं। एशिया कप में आने से पहले उन्होंने ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के खिलाफ रनों का अंबार लगाया था। साथ ही एशिया कप के पहले मैच में भी उन्होंने बांग्लादेश के विरुद्ध बेहतरीन 83 रन बनाए थे और भारतीय टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। जिस तरह की रोहित आजकल बल्लेबाजी कर रहे हैं उसे देखकर कई चोटी के गेंदबाज भयभीत होने लगते हैं। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के तेज गेंदबाज वहाब रियाज ने पिछले एक साल में बेहतरीन गेंदबाजी की है और उन्होंने कई मौकों पर अपनी गेंदबाजी के सहारे पाकिस्तान टीम को जीत दिलवाई है। वहीं एशिया कप से पहले पाकिस्तान सुपर लीग में भी रियाज का खूब जादू चला था औ उन्होंने पेशावर जालमी के लिए 9 मैचों में 15 विकेट लिए थे। रियाज अक्सर अपने पेस और बाउंसरों से बल्लेबाज को परेशान करने की कोशिश करते हैं। ऐसे में रोहित को शुरुआती ओवरों में देखकर खेलना होगा।

विराट कोहली बनाम मोहम्मद आमेर: जैसा कि विराट कोहली ने हाल ही में मोहम्मद आमेर का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में स्वागत किया था। ऐसे में दोनों खिलाड़ी जो अपने फन में माहिर हैं उनके बीच एक जबरदस्त टक्कर देखने को मिल सकती है। दोनों खिलाड़ी एक दूसरे के खिलाफ अपनी प्रतिभा दिखाने की भरसक कोशिश करेंगे। कोहली वर्तमान बल्लेबाजों में पाकिस्तान के खिलाफ सबसे सफल बल्लेबाज रहे हैं। वहीं आमेर ये भली भांति जानते हैं कि कोहली का विकेट उनकी टीम के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं। ऐसे में वह कोहली को छकाने का पूरा प्रयास करेंगे। आमेर वापसी के बाद पीएसएल में खेलते नजर आए थे और वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी काबिलियत साबित करने के लिए बेताब हैं।

आशीष नेहरा बनाम शारजील खान: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 सीरीज के साथ भारतीय टीम में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज आशीष नेहरा ने अब तक जिस तरह की धारदार गेंदबाजी की है उसने उन्हें सबका मुरीद बना दिया है। नेहरा आजकल धोनी के ऐसे पत्ते साबित हो रहे हैं जो शुरुआती और डेथ ओवर दोनों जगह कमाल दिखा जाते हैं। अब नेहरा के सामने चुनौती पाकिस्तानी बल्लेबाजों की नाक में नकेल कसने की है। पाकिस्तान के बल्लेबाज शारजील खान ने हाल ही में संपन्न हुए पीएसएल टूर्नामेंट में 287 रन बनाए थे और वह टूर्नामेंट में तीसरे सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे थे। साथ ही वह पीएसएल में एकमात्र शतक(62 गेंदों में 117 रन) लगाने वाले बल्लेबाज हैं। वह इस टूर्नामेंट में शॉन टेट और वहाब रियाज जैसे गेंदबाजों का सामना कर चुके हैं। ऐसे में वह नेहरा को कड़ी चुनौती दे सकते हैं।

युवराज सिंह और मोहम्मद शमी: मोहम्मद शमी का नाम सुनकर आपके मन में लगभग 10 सालों पुराना लंबे-लंबे वालों वाला चेहरा घूम गया होगा। जी हां ये वही मोहम्मद शमी हैं जो पिछले कुछ समय से लगातार पाकिस्तान टीम में अंदर बाहर हो रहे थे और अब जाकर उन्हें पाकिस्तान टीम में एक बड़े टूर्नामेंट के लिए जगह दी गई है। युवराज और शमी इसके पहले भी कई बार एक दूसरे से दो-दो हाथ कर चुके हैं। युवराज सिंह धीरे धीरे अपनी लय में आ रहे हैं। ऐसे में वह इस मैच में अपनी टीम के लिए एक बड़ा योगदान देना चाहेंगे। वहीं दूसरी ओर पीएसएल टूर्नामेंट में शमी ने डेथ ओवरों में गजब की गेंदबाजी की थी इसी टूर्नामेंट में शमी ने कराची किंग्स के खिलाफ 8 रन देकर पांच विकेट लिए थे जो हालिया टी20 मैचों में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन है। ऐसे में वह युवराज सिंह को कड़ी चुनौती दे सकते हैं।

TRENDING NOW

जसप्रीत बुमराह बनाम उमर अकमल: ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम के खोज कहे जाने वाले जसप्रीत बुमराह ने दूसरे तेज गेंदबाज की भूमिका अब तक बखूबी निभाई है और कई मौकों पर भारतीय टीम को ऐसे मौकों पर सफलता दिलवाई है जब उसे सर्वाधिक जरूरत थी। बुमराह का अजीबोगरीब एक्शन उनके लिए अक्सर मददगार साबित होता है और वह विपक्षी बल्लेबाज को भौंचक्का छोड़ते हुए विकेट ले जाते हैं। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के उमर अकमल जो अपनी तूफानी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं उनका बल्ला आजकल रन उगल रहा है। हाल ही में संपन्न हुए पीएसएल में अकमल सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्होंने इस दौरान 335 रन बनाए हैं जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 157.27 का रहा था। जैसा कि बुमराह और अकमल दोनों अच्छी फॉर्म में हैं ऐसे में दोनों खिलाड़ियों के बीच एक कड़ा मुकाबला होने की संभावनाएं हैं।