×

भारत बनाम पाकिस्तान विश्व कप टी20: पाकिस्तान के संभावित अंतिम 11 खिलाड़ी

पाकिस्तान टीम भारत के खिलाफ अपने विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ उतरना चाहेगी।

user-circle cricketcountry.com Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - March 19, 2016 12:04 AM IST

पाकिस्तान टीम © Getty Images
पाकिस्तान टीम © Getty Images

एक अरसे के बाद खिलाड़ियों की फॉर्म में वापसी के बाद पाकिस्तान टीम फूली नहीं समा रही है और अब भारतीय टीम से 19 मार्च को होने वाले मुकाबले के लिए पाकिस्तान पूरी तरह से तैयार है। एशिया कप में खराब प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान ने भारतीय सरजमीं पर खेले गए अपने पहले मैच में बाग्लादेश को चारों खाने चित करते हुए मैच 55 रनों के विशाल अंतर से जीत लिया। इस मैच में अमूमन हर पाकिस्तानी खिलाड़ी ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस टीम को देखकर एक बार लगा कि क्या पाकिस्तान किसी दूसरी टीम के साथ टी20 विश्व कप खेलने आई है। पाकिस्तान टीम प्रबंधन ने एशिया कप की हार को गंभीरता से लेते हुए टीम में चार परिवर्तन किए थे। जिनमें से तीन परिवर्तित खिलाड़ियों को बांग्लादेश के खिलाफ मैच में टीम में जगह दी गई थी। इनमें से एक खिलाड़ी मोहम्मद शहजाद ने अपने बैट से कमाल करते हुए तेज तर्रार अर्धशतक ठोंका तो दूसरे खिलाड़ी वहाब रियाज ने अपनी गेंदबाजी के आगे बांग्लादेश के बल्लेबाजों को नाकों चने चबवा दिए। जाहिर सी बात है इन खिलाड़ियों की उपस्थिति में भारतीय टीम के लिए विनिंग ट्रैक पर लौटना कतई आसान नहीं होने वाला। तो आइए जानते हैं किन 11 खिलाड़ियों के साथ पाकिस्तान टीम मेजबान भारत के खिलाफ मैदान पर उतरना चाहेगी। ये भी पढ़ें: टी20 विश्व कप 2016, भारत बनाम पाकिस्तान: टीम इंडिया के संभावित अंतिम 11 खिलाड़ी

शीर्ष क्रम: पाकिस्तान टीम के अगर शीर्ष क्रम पर नजर डालें तो अहमद शहजाद की वापसी के बाद शीर्ष क्रम में जैसे जान सी आ गई है। एशिया कप में मोहम्मद हफीज ओपनिंग बल्लेबाजी करते हुए बड़े असहज महसूस कर रहे थे और लगातार आउट हो रहे थे। लेकिन मोहम्मद शहजाद ने जैसे इस समस्या को छू मंतर करने का काम किया है। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में शहजाद ने शारजील खान के साथ महज 2.3 ओवरों में 26 रन जोड़े। इस दौरान शारजील का भी उत्साह देखने लायक था जब उन्होंने अपनी 18 रनों की पारी में 2 छक्के और एक चौका जड़ दिया। ये बताता है कि अगर वह अगले मैचों में थोड़ी देर के लिए क्रीज पर थम पाते हैं तो वह विपक्षी टीम के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो सकते हैं। वहीं शहजाद ने अपनी स्थिति दर्ज करवाते हुए पाकिस्तान की ओपनिंग की समस्याओं को लगभग छू मंतर कर दिया है। वहीं तीसरे नंबर पर हफीज ने पिछले मैच में जबरदस्त बल्लेबाजी की थी और 64 रन ठोंकते हुए पाकिस्तान को बड़े स्कोर की ओर अग्रसर किया था। ऐसे में पाकिस्तान इन तीन बल्लेबाजों से कतई छेड़खानी नहीं करना चाहेगी। ये भी पढ़ें: भारत बनाम पाकिस्तान टी20 विश्व कप(प्रिव्यू): विनिंग ट्रैक पर लौटने के लिए बेताब टीम इंडिया

मध्यक्रम: लंबे समय के बाद कप्तान शाहिद अफरीदी को ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करते हुए देखा गया। अफरीदी ने ऊपरी क्रम में बल्लेबाजी करते हुए धमाकेदार बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया और 19 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 49 रन ठोंके। ऐसे में एक बार फिर से अफरीदी ऊपरी क्रम पर बल्लेबाजी करते हुए अपनी टीम को के रन रेट में कुछ इसी तरह से इजाफा करना चाहेंगे। वहीं चौथे पांचवें व छठवें क्रम की जिम्मेदारी तीन दिग्गज बल्लेबाजों उमर अकमल, शोएब मलिक और सरफरजा खान पर होगी। अकमल और मलिक आजकल जबरदस्त फॉर्म में हैं। हाल ही में संपन्न हुए एशिया कप टूर्नामेंट में दोनों ने जबरदस्त बल्लेबाजी का मुजाहिरा पेश किया था। ऐसे में दोनों फिर से अपनी टीम के स्कोर को बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देने को तत्पर होंगे। वहीं छठे क्रम पर सरफराज शाहिद अफरीदी की ही तरह कम गेंदों पर ज्यादा रन बनाने को तवज्जो देते नजर आना चाहेंगे।

गेंदबाजी: कोलकाता की पिच में अक्सर स्पिन व तेज दोनों तरह के गेंदबाजों को मदद मिलती है। ऐसे में पाकिस्तान टीम एक बार फिर से मोहम्मद आमेर, वहाब रियाज और मोहम्मद इरफान के साथ मैदान पर उतरना चाहेगा। वहीं स्पिन विभाग की जिम्मेदारी एक बार फिर से कप्तान शाहिद अफरीदी, शोएब मलिक और नए नवेले इमाद वसीम पर होगी। इमाद वसीम के पाकिस्तान टीम में शामिल होने से पाकिस्तान टीम की गेंदबाजी गहरी होने के साथ साथ बल्लेबाजी भी गहरी हो गई है। वसीम ने बांग्लादेश के खिलाफ 13 रन देकर एक विकेट लिया था तो अफरीदी ने 2 विकेट निकाले थे। ऐसे में पाकिस्तान टीम भारत को हराने के लिए अपने विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ उतरना चाहेगी।

TRENDING NOW

पाकिस्तान संभावित अंतिम एकादश: शोएब मलिक, शाहिद अफरीदी, मोहम्मद हफीज, सरफराज अहमद, वहाब रियाज,  अहमद शहजाद, मोहम्मद आमिर, उमर अकमल, मोहम्मद इरफान, शारजील खान, इमाद वसीम।