- क्रिकेट न्यूज़
- News
- India vs South Africa, ICC Champions Trophy 2017: Likely XI for Both Teams
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, मैच 11: दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग XI
टीम इंडिया एक बड़ा परिवर्तन होने की संभावनाएं हैं।
Published On Jun 11, 2017, 01:46 PM IST
Last UpdatedJun 11, 2017, 01:46 PM IST

टीम इंडिया आज अपने सबसे महत्वपूर्ण मैच में दक्षिण अफ्रीका से दो-दो हाथ करेगी। इस मैच को जो भी टीम जीतेगी वही सेमीफाइनल में पहुंचेगी वहीं जो हारेगी उसकी घर वापसी हो जाएगी। ग्रुप बी में टीम इंडिया का नेट रन रेट सबसे अच्छा है। ऐसे में अगर मैच बारिश में धुल जाता है तो टीम इंडिया आसानी से सेमीफाइनल का सफर तय कर लेगी। बहरहाल, मौसम का हाल पूरे दिन बढ़िया रहने वाला है और मैच में बारिश खलल डालेगी इसको लेकर किसी भी प्रकार की बातें निकलकर सामने नहीं आई हैं। लेकिन इस बीच सवाल पैदा होता है कि दोनों टीमें किन 11 खिलाड़ियों के साथ मैदान पर उतर सकती हैं। आइए नजर डालते हैं।
दक्षिण अफ्रीका की संभावित प्लेइंग इलेवन: एबी डीविलियर्स मैच के लिए फिट हैं। दक्षिण अफ्रीका टीम ने मैच के पहले नेट पर जमकर अभ्यास किया है। पिछले मैच में उन्हें पाकिस्तान के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी ऐसे में वे शायद टीम इंडिया के खिलाफ कुछ अतिरिक्त करने की सोच सकते हैं। लेकिन वे शायद ही अपनी टीम में कोई बदलाव करें जो अभी तक बढ़िया प्रदर्शन करते हुए आई है। वैसे ओपनिंग में डी कॉक की फॉर्म को लेकर थोड़ी समस्या जरूर है लेकिन उन्हें बरकरार रखा जाना तय है।
इसके अलावा मध्यक्रम भी ठीक-ठाक प्रदर्शन कर रहा है। एक मैच में खराब प्रदर्शन से टीम के संयोजन को नहीं बदला जा सकता। वैसे गौर करने वाली बात ये है कि जेपी डुमिनी साल 2015 विश्व कप के बाद कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाए हैं। उनका इस दौरान रन बनाने का औसत 30 के आसपास रहा है और उन्होंने चार अर्धशतक लगाए हैं। फरहान बेहरादीन भी कुछ खास नहीं कर पाए हैं।
हालांकि, टीम के पास विकल्प वायने पार्नेल के लिए हैं, जिनका भारत के खिलाफ कुछ खास रिकॉर्ड नहीं रहा है। उनका इकॉनमी रेट 7.4 का रहा है और औसत 81.4 का रहा है। अगर दक्षिण अफ्रीका कुछ बदलाव करने के बारे में सोचती है तो वे पार्नेल की जगह बाएं हाथ के स्पिनर केशव महाराज को शामिल कर सकते हैं। [ये भी पढ़ें: द.अफ्रीका के खिलाफ आज ‘आर या पार की जंग’ लड़ेगी टीम इंडिया]
संभावित प्लेइंग इलेवन: क्विंटन डी कोक (विकेटकीपर), हाशिम अमला, फाफ डू प्लेसी, एबी डिविलियर्स (कप्तान), डेविड मिलर, जीन पॉल डुमिनी, वेन पार्नेल, क्रिस मॉरिस, कागीसो रबाडा, मॉर्ने मॉर्केल, इमरान ताहिर।
भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन: टीम इंडिया इस मैच में रविचंद्रन अश्विन को टीम में शामिल कर सकती है। श्रीलंका के खिलाफ पिछले मैच में थिसारा परेरा के साथ तीन बाएं हाथ के बल्लेबाज खेल रहे थे। इसलिए अश्विन को अंतिम एकादश में जगह नहीं मिली थी। इस मैच में टीम इंडिया 321 के स्कोर को नहीं बचा पाई थी और मैच 7 विकेट से हार गई थी। ऐसे में इस मैच में टीम इंडिया थोड़ा हटकर सोचने को मजबूर होगी। अगर वे अश्विन को टीम इंडिया में मौका देते हैं तो यह देखना दिलचस्प होगा कि किसकी जगह उन्हें टीम में शामिल किया जाएगा।
क्या उन्हें रविंद्र जडेजा की जगह टीम में शामिल किया जाएगा जिन्होंने इसी पिच पर श्रीलंका के खिलाफ 8 ओवरों में 52 रन दे डाले थे। जडेजा पिछले 23 वनडे मैचों में एक मैच में भी 3 विकेट नहीं ले पाए हैं। विराट कोहली दो स्पिनरों के साथ मैच में उतरने की भी सोच सकते हैं। उमेश यादव का श्रीलंका के खिलाफ खराब दिन रहा था। ऐसे में वह बाहर हो सकते हैं।
टीम इंडिया की संभावित प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा, शिखर धवन, विराट कोहली (कप्तान), युवराज सिंह, एमएस धोनी (विकेटकीपर), केदार जाधव, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, उमेश यादव / आर अश्विन, जसप्रीत बुमराह।