×

भारत बनाम श्रीलंका, एशिया कप 2016: इन खिलाड़ियों के बीच होगी जबरदस्त टक्कर

भारतीय टीम ने इसके पहले श्रीलंका को 3 टी20 मैचों की श्रृंखला में 2-1 से मात दी थी।

user-circle cricketcountry.com Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - February 29, 2016 4:40 PM IST

भारत बनाम श्रीलका, एशिया कप 2016
भारत बनाम श्रीलका, एशिया कप 2016

एशिया कप टी20 में लगातार दो जीतों के बाद भारतीय टीम  अपने विजयी रथ को आगे बढ़ाते हुए श्रीलंका के साथ ढाका में मंगलवार को दो-दो हाथ करेगी। भारतीय टीम ने एशिया कप के अपने पहले मैच में बांग्लादेश को 45 रनों से हराया था तो पाकिस्तान को दूसरे मैच में 5 विकेट से मात दी थी। वहीं दूसरी ओर श्रीलंका टीम ने अपने दो में से एक मैच ही जीता है जो  उन्होंने यूएई के खिलाफ प्राप्त की थी। रविवार को बांग्लादेश के खिलाफ खेले गए मैच में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। गौरतलब है कि एशिया कप के पहले भारत ने अपनी सरजमीं पर श्रीलंका के खिलाफ 3 टी20 मैचों की सीरीज खेली थी। जिसमें मेजबान टीम को 2-1 से जीत हासिल हुई थी। एशिया कप के ठीक पहले आयोजित की गई इस श्रृंखला ने भारतीय टीम को अपनी टीम को टेस्ट करने का अच्छा मौका दे दिया था और इसी का असर अब तक एशिया कप में देखने को मिला है कि भारतीय टीम के सभी खिलाड़ी एक ईकाई में बंधकर प्रदर्शन कर रहे हैं। ये भी पढ़ें: एशिया कप 2016, भारत बनाम श्रीलंका( प्रिव्यु): श्रीलंकाई शेरों को मात देने उतरेगी टीम इंडिया

लेकिन श्रीलंका के खिलाफ मैच के पहले भारतीय टीम के खिलाड़ियों के चोटिल होने की वजह से टीम में एक चिंता उभरकर सामने आई है। शिखर धवन चोट की वजह से पाकिस्तान के खिलाफ खेलने के लिए नहीं उतरे थे और अब रोहित शर्मा भी चोटिल हो गए हैं। रोहित को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में आमिर की गेंद उनके पैर के निचले भाग में लग गई थी जिसके बाद उन्हें एक्स रे करवाना पड़ा था। ऐसे में उनके श्रीलंका के खिलाफ मैदान पर उतरने पर प्रश्चचिन्ह लग गया है। वहीं पिछले मैच में श्रीलंका ने भी अपनी टीम में कुछ परिवर्तन किए थे। टीम में एंजलो मैथ्यूज और शेहान जयसूर्या आए हैं। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में इन दोनों ने गेंद और बैट से क्रमशः अच्छा प्रदर्शन किया था। लसिथ मलिंगा चोटिल होने के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं। ऐसे में उनकी अनुपस्थिति में एंजलो मैथ्यूज एक बार फिर से कप्तानी की जिम्मेदारी निभाएंगे। जैसा की भारत और श्रीलंका के बीच ये मैच दोनों टीमों के लिए एक बड़ा  मैच हो सकता है। ऐसे में किन खिलाड़ियों के बीच भिडंत दिलचस्प होगी। आइए जानते हैं। ये भी पढ़ें: श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम के संभावित 11 खिलाड़ी

1. विराट कोहली बनाम एंजलो मैथ्यूज: इस मैच में भारतीय बल्लेबाजों और श्रीलंकाई गेंदबाजों के बीच अच्छी गहमा गहमी की उम्मीदें हैं। श्रीलंकाई गेंदबाजों ने पहले दोनों मैचों में बेहतरीन गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश किया है। वहीं भारतीय बल्लेबाज भी अब तक टूर्नामेंट में उच्च स्तर की बल्लेबाजी करते नजर आए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ मैच में कोहली ने बेहतरीन बल्लेबाजी की थी और एक तरफा जिम्मेदारी संभालते हुए टीम को जीत की दहलीज पर ला खड़ा किया था। भारतीय टीम ने भले ही एशिया कप के पहले श्रीलंका टीम को 2-1 से हराया हो, लेकिन अब श्रीलंका टीम में वरिष्ठ खिलाड़ी फिर से लौट आए हैं। जिनमें एंजलो मैथ्यूज प्रमुख हैं। जाहिर है मैथ्यूज कोहली के सामने कड़ी चुनौती पेश करेंगे। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में मैथ्यूज ने बेहतरीन गेंदबाजी की थी और 3 ओवरों में महज 8 रन देकर एक विकेट लिया था। ऐसे में वह कोहली के लिए बड़ा खतरा साबित हो सकते हैं। कोहली को उनसे निपटने के लिए एक सोची समझी रणनीति के साथ मैदान पर उतरना होगा।

2. सुरेश रैना बनाम दुसामंथ चमीरा: चमीरा अक्सर डेथ ओवरों में बेहतरीन गेंदबाजी करते हैं  और अपनी तेजी से कई बार बल्लेबाजों को भौंचक्का छोड़ देते हैं। बांग्लादेश के खिलाफ मैच में भी ऐसा ही कुछ देखने को मिला जब उन्होंने बड़े स्कोर की ओर बढ़ रही बांग्लादेश के एक के बाद एक तीन विकेट गिरा दिए और रनों की रफ्तार को थाम सा लिया। वहीं भारत के खिलाफ हाल ही में संपन्न हुई टी20 सीरीज में भी चमीरा अच्छे खासे सफल हुए थे और उन्होंने तीन मैचों में 5  विकेट लिए थे। चमीरा अक्सर दूसरे परिवर्तन के तौर पर गेंदबाजी करने आते हैं और सुरेश रैना चौथे नंबर बल्लेबाजी के लिए उतरते हैं। ऐसे में वह सुरेश रैना के लिए बड़ी चुनौती साबित हो सकते हैं। सुरेश रैना श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज में कुछ खास नहीं कर सके थे और उनका सर्वोच्च स्कोर 20 रहा था। ऐसे में वह चमीरा को सबक सिखाते हुए भारतीय टीम के विजयी रथ को और आगे ले जाना चाहेंगे।

3. हार्दिक पांड्या बनाम नुवान कुलशेखरा: भारतीय टीम ने हाल की सीरीजों में एक नए ऑलराऊंडर हार्दिक पांड्या की तलाश की है जो मध्यम तेज गति की गेंदबाजी के साथ छठे नंबर पर आकर आक्रामक बल्लेबाजी भी कर सकता है। अपनी आक्रामकता का प्रमाण वे पिछली सीरीजों में भी दे चुके हैं। पांड्या ने अपने घरेलू क्रिकेट के अनुभव का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आकर खूब इस्तेमाल किया है। वहीं दूसरी ओर टीम में वापसी करने वाले कुलशेखरा ने यूएई के खिलाफ मैच में घातक गेंदबाजी की थी और विपक्षी बल्लेबाजों को नाकों चने चबाने पर मजबूर कर दिया था। हालांकि बांग्लादेश के खिलाफ वह कुछ खास नहीं कर पाए थे। ऐसे में वह भारत के खिलााफ अपना सब कुछ देने को तत्पर होंगे। खास तौर पर वह भारतीय टीम के पिंच हिटर पांड्या पर नकेल कसना चाहेंगे।

4. दिनेश चंडीमल बनाम आशीष नेहरा: जब से आशीष नेहरा ने भारतीय टीम में वापसी की है तब से जीत लगातार टीम इंडिया के कदम चूम रही है। नेहरा जिस तरह से शुरुआती ओवरों में भारतीय टीम को सफलता दिलवाते हैं उससे टीम की लय बन जाती है और विपक्षी टीम दबाव में आ जाती है। पिछले दो मैचों में नेहरा ने शुरुआती विकेट ही  नहीं लिए बल्कि किफायती गेंदबाजी भी की है। वहीं दूसरी ओर श्रीलंका के दिनेश चंडीमल बेहरीन फॉर्म में हैं। उन्होंने यूएई के खिलाफ पहले मैच में अर्धशतक लगाया था और टीम की जीत के एक मुख्य स्तंभ साबित हुए थे। वहीं बांग्लादेश के खिलाफ हारे हुए मैच  में भी चंडीमल 37 रन बनाकर सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाज थे। ऐसे में एक बार फिर से चंडीमल श्रीलंका को तेज शुरुआत देना चाहेंगे  और भारतीय टीम से टी20 सीरीज की हार का बदला लेना चाहेंगे।

TRENDING NOW

5. शेहान जयसूर्या बनाम रवींद्र जडेजा: रविवार को खेले गए मैच में युवा बल्लेबाज शेहान जयसूर्या ने गजब का कौशल दिखाया था और दूसरे विकेट के लिए चंडीमल के साथ अर्धशतकीय साझेदारी निभाई थी। जयसूर्या ने अपनी 26 रनों की पारी के दौरान दो गगनचुंबी छक्के और एक चौका लगाया था। अगर वह दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से स्टंप्ड आउट नहीं होते तो निश्चित रूप से जीत श्रीलंका की होती। ऐसे में जयसूर्या भारत के खिलाफ अपना कौशल दिखाना चाहेंगे। वहीं दूसरी ओर रवींद्र जडेजा भारतीय टीम के लिए हमेशा तुरुप का इक्का साबित हुए हैं। वे हर मैच में दो से तीन विकेट ले जाते हैं और यहीं से भारतीय टीम की लय बन जाती है। पिछले मैच में जडेजा ने कमाल की गेंदबाजी की थी और वह अपने इस करिश्माई प्रदर्शन को एक बार फिर से दोहराना चाहेंगे।  ऐसे में जयसूर्या और जडेजा के बीच मैदान में एक बड़ी लड़ाई देखने को मिल सकती है