×

टी20 विश्व कप 2016 के लिए संभावित भारतीय टीम

बीसीसीआई 5 फरवरी को टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय टीम की घोषणा करेगी।

user-circle cricketcountry.com Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - February 4, 2016 5:03 PM IST

भारतीय टीम  © Getty Images
भारतीय टीम © Getty Images

हाल ही में ऑस्ट्रेलिया को उसकी ही मांद में 140 सालों के बाद द्विपक्षीय श्रृंखला हराने वाली टीम इंडिया विश्व की पहली टीम बन गई। ऑस्ट्रेलिया पर 3-0 की अप्रत्याशित जीत दर्ज करने के बाद भारतीय टीम आगामी टी20 विश्व कप की तैयारियों में जोर शोर से जुटी है। विश्व कप के पहले ब्रायन लारा, केविन पीटरसन जैसे दिग्गजों ने भारत को टूर्नामेंट जीतने का प्रबल दावेदार बताया है। वहीं यह विश्व कप भारत की सरजमीं पर खेला जा रहा है और यह बात जगजाहिर है कि भारत को उसके घर में हराना कभी भी आसान नहीं रहा। ऐसे में भारतीय टीम के हौंसले बुलंद हैं। जैसा कि टूर्नामेंट को शुरू होने में लगभग एक महीना बचा है वहीं बीसीसीआई 5 फरवरी को टी20 विश्व कप के लिए 15 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा करने जा रही है। ऐसे में भारतीय चयनकर्ता इस महाकुंभ के लिए किन 15 सदस्यों को टीम में जगह देंगे। आइए जानते हैं। ये भी पढ़ें: विराट कोहली को लगा चश्मा, लेकिन क्यों?

बल्लेबाज: भारतीय टीम में रैना और युवराज के आने के साथ टीम संपूर्ण नजर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए अंतिम टी20 मैच में प्रदर्शन को देखते हुए इन दोनों का टीम में चयन लगभग तय है। जाहिर है भारतीय टीम इन दोनों के अनुभव को टी20 विश्व कप में भुनाना चाहेगी। वहीं ऑस्ट्रेलिया दौरे के बीच में चोटिल हो जाने वाले अजिंक्य रहाणे अब पूरी तरह से फिट हो चुके हैं और वापसी के लिए तैयार हैं। हालिया दिनों में वनडे में उनके बेहतरीन फॉर्म को देखते हुए उनका टीम में चुना जाना लगभग तय नजर आता है। भारतीय सरजमीं पर उनका बल्ला खूब चलता है। आईपीएल में वह इसका सुबूत कई बार दे चुके हैं। अब बल्लेबाजों के लिए एक और जगह बचती है तो उसके लिए मनीष पांडे दावा प्रस्तुत करेंगे। पांडे ने ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध खेले गए अंतिम वनडे मैच में शतक जमाकर अपनी उपयोगिता सिद्ध की थी। ये भी पढ़ें: जाने क्रिकेटरों की महंगी कारों के बारे में, किस क्रिकेटर के पास है कौन सी कार

अंतिम 15 के लिए संभावित बल्लेबाज: विराट कोहली, शिखर धवन, रोहित शर्मा, सुरेश रैना, मनीष पांडे, अजिंक्य रहाणे, युवराज सिंह

ऑलराऊंडर्स: वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए लगभग दो ऑलराऊंडर्स टीम में जगह बना सकते है। अक्षर पटेल और रिषी धवन हाल ही में संपूर्ण हुई सीरीज में भारतीय वनडे सीरीज का हिस्सा थे। इन दोनों के प्रदर्शन के मद्देनजर इनका टीम में चुना जाना संभव प्रतीत नहीं होता। वहीं ऑस्ट्रेलिया दौरे में टी20 सीरीज में हार्दिक पांड्या ने अच्छी गेंदबाजी की थी ऐसे वह भारत की टी20 टीम में अपना स्थान बना सकते हैं। वहीं भारतीय टीम से बाहर चल रहे इरफान पठान ने हाल ही में संपन्न हुई मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। ऐसे में वह भी टीम में चुने जा सकते हैं। लेकिन पांड्या को टक्कर देना उनके लिए आसान नहीं होगा। वहीं दूसरे ऑलराऊंडर के रूप में रविंद्र जडेजा जो पिछले कुछ समय से बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं उनका चुना जाना लगभग तय है।

अंतिम 15 के लिए संभावित ऑलराउंडर्स: रविंद्र जडेजा, हार्दिक पांड्या

गेंदबाजी: भारत के लिए गेंदबाजी हमेशा से ही चिंता का सबब रही है। ऑस्ट्रेलिया दौरे में भारतीय गेंदबाजों के हाथों ज्यादातर निराशा ही हाथ लगी। लेकिन इसी बीच भारतीय गेंदबाजी ने एक नया हीरा खोज निकाला है और यह नया हीरा है युवा गेंदबाज जसप्रीत बुमराह। बुमराह ने ऑस्ट्रेलिया की विपरीत परिस्थितियों में बेहतरीन गेंदबाजी का मुजाहिरा पेश किया था और भारतीय टीम की जीत में महतत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। वहीं लंबे समय के बाद टीम में वापसी करने वाले आशीष नेहरा को टी20 विश्व कप के लिए टीम में बरकरार रखा जा सकता है। भुवनेश्वर कुमार को आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टीम इंडिया में जगह दी गई है। ऐसे में आशा की जा रही है कि उन्हें 2016 विश्व कप के लिए भारत के तीसरे तेज गेंदबाज के लिए टीम में जगह दी जाए। वहीं स्पिन विभाग की जिम्मेदारी एक बार फिर से चयनकर्ता आर. अश्विन को देना चाहेंगे। भारत की स्पिन फ्रेंडली पिचों को देखते हुए हरभजन सिंह को भी स्पिन विभाग में जगह दी जा सकती है।

संभावित गेंदबाज: आर अश्विन, हरभजन सिंह, आशीष नेहरा, जजसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार

TRENDING NOW

भारत की अंतिम संभावित 15: एम एस धोनी(कप्तान/विकेटकीपर), शिखर धवन, विराट कोहली, रोहित शर्मा, सुरेश रैना, अजिंक्य रहाणे, युवराज सिंह, हार्दिक पांड्या, रविंद्र जडेजा, आर अश्विन, हरभजन सिंह, आशीष नेहरा, जसप्रीत बुमराह, भुवनेश्वर कुमार।