• Home
  • News
  • IPL 2017: Gujarat Lions eyes Maiden title in 2nd edition

दूसरे सीजन में पहला खिताब जीतने पर होंगी गुजरात लॉयंस की नजरें

गुजरात ने पिछले सीजन में बेहतरीन प्रदर्शन किया था

Edited By : Manoj Shukla |Mar 29, 2017, 04:05 PM IST

Published On Mar 29, 2017, 04:05 PM IST

Last UpdatedMar 29, 2017, 04:05 PM IST

गुजरात लॉयंस © AFP
गुजरात लॉयंस © AFP

आईपीएल-8 के बाद राजस्ठान रॉयल्स और चेन्नई सुपरकिंग्स की टीमों को दो साल के लिए बाहर कर दिया गया था। दोनों टीमों के बाहर होने के बाद गुजरात लॉयंस और राइजिंग पुणे सुपरजाइंट को खेलने का मौका मिला। गुजरात ने मौके का पूरा फायदा उठाया और बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम ने पिछले आईपीएल के ग्रुप मैचों में गजब का खेल दिखाते हुए 14 में से 9 मैच जीते थे। जबकि 5 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि इसके बाद टीम को अपने दोनों क्वालिफायर मुकाबले गंवाने पड़े और वो फाइनल में पहुंचने के दोनों मौके गंवा बैठी। लेकिन इस बार टीम का इरादा पिछले प्रदर्शन से और अच्छा करने का होगा। इस बार की नीलामी में गुजरात ने 11 खिलाड़ी खरीदे, जिनमें 2 विदेशी और 10 भारतीय खिलाड़ी शामिल हैं। गुजरात की टीम ने सबसे ज्यादा कीमत जेसन रॉय पर खर्च की और उन्होंने एक करोड़ रुपये में रॉय को अपना बनाया। वहीं इसके अलावा टीम ने यूएई के चिराग सूरी को 10 लाख में खरीदा। गुजरात लायंस ने अपनी टीम में 3 ऑलराउंडर, 2 बल्लेबाज और 6 गेंदबाजों को खरीदा।

इस बार क्या होगी टीम की रणनीति: गुजरात की इस बार की नीलामी में गौर फरमाएं, तो उन्होंने देसी खिलाड़ियों और गेंदबाजी मजबूत करने पर ध्यान दिया है। हालांकि पिछले सत्र में गुजरात की टीम का प्रदर्शन कुछ खराब नहीं रहा था और उन्होंने शानदार खेल दिखाया था। लेकिन पिछले सत्र में देखा गया था कि टीम की गेंदबाजी कमजोर कड़ी साबित हुई थी और वो कई बार अपने लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे थे। साथ ही टीम ने दोनों क्वालिफायर मैचों को मिलाकर कुल 5 मैच लक्ष्य का बचाव करते हुए हारे थे। ऐसे में टीम को अपनी गेंदबाजी में मजबूती देने की जरूरत होगी। इस बार गेंदबाजी में उनके पास अनुभवी मुनाफ पटेल और प्रवीण कुमार की जोड़ी होगी जो अपना दिन होने पर किसी भी क्रम को तहस-नहस करने का माद्दा रखते हैं।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

# टीम शहर तारीख समय दिन
1 गुजरात लॉयंस कोलकाता नाइट राइडर्स  राजकोट 7-अप्रैल 8:00 PM शुक्रवार
2 सनराइजर्स हैदराबाद गुजरात लॉयंस  हैदराबाद 9-अप्रैल 4:00 PM रविवार
3 गुजरात लॉयंस राइजिंग पुणे सुपरजाइन्टस  राजकोट 14-अप्रैल 8:00 PM शुक्रवार
4 मुंबई इंडियंस गुजरात लॉयंस  मुंबई 16-अप्रैल 4:00 PM रविवार
5 गुजरात लॉयंस कोलकाता नाइट राइडर्स  राजकोट 18-अप्रैल 8:00 PM मंगलवार
6 कोलकाता नाइट राइडर्स गुजरात लॉयंस  कोलकाता 21-अप्रैल 8:00 PM शुक्रवार
7 गुजरात लॉयंस किंग्स इलेवन पंजाब  राजकोट 23-अप्रैल 4:00 PM रविवार
8 रॉयल चैलेंजर बैंगलौर गुजरात लॉयंस  बैगंलूरू 27-अप्रैल 8:00 PM गुरुवार
9 गुजरात लॉयंस मुंबई इंडियंस  राजकोट 29-अप्रैल 8:00 PM शनिवार
10 राइजिंग पुणे सुपरजाइन्टस गुजरात लॉयंस  पुणे 1-मई 8:00 PM सोमवार
11 दिल्ली डेयरडेविल गुजरात लॉयंस  दिल्ली 4-मई 8:00 PM गुरुवार
12 किंग्स इलेवन पंजाब गुजरात लॉयंस  मोहाली 7-मई 8:00 PM रविवार
13 गुजरात लॉयंस दिल्ली डेयरडेविल  कानपुर 10-मई 8:00 PM बुधवार
14 गुजरात लॉयंस सनराइजर्स हैदराबाद  कानपुर 13-मई 4:00 PM शनिवार
15 तय होना बाकी तय होना बाकी  घोषित करना बाकी 16-मई 8:00 PM मंगलवार
16 तय होना बाकी तय होना बाकी  घोषित करना बाकी 17-मई 8:00 PM बुधवार
17 तय होना बाकी तय होना बाकी  घोषित करना बाकी 19-मई 8:00 PM शुक्रवार
18 तय होना बाकी तय होना बाकी हैदराबाद 21-मई 8:00 PM रविवार

साथ ही टीम को पिछले सत्र में निचले क्रम में विस्फोटक बल्लेबाजों की कमी महसूस हुई थी। टीम ने अलग-अलग मौकों पर ईशान किशन, अक्षदीप नाथ, एकलव्य द्विवेदी को आजमाया था। लेकिन टीम को ज्यादा फायदा नहीं हुआ। इनके अलावा ब्रावो और जडेजा निचले क्रम में निरंतर अच्छा नहीं कर पाए थे, जिसका टीम को खामियाजा भुगतना पड़ा था। टीम के जब शुरुआती पांच बल्लेबाज जल्दी आउट हो जाते थे, तो टीम संकट में आ जाती थी। लेकिन टीम को इस बार अपने निचले क्रम से उम्मीदें होंगी और जडेजा के हालिया प्रदर्शन से टीम को भरोसा भी मिला होगा। टीम को गेंदबाजी और निचले क्रम की बल्लेबाजी पर ध्यान देने की जरूरत होगी।

पिछले सीजन में कैसा रहा था प्रदर्शन: पिछले सीजन की नई-नवेली टीम गुजरात लॉयंस ने सभी को चौंकाते हुए शानदार खेल दिखाया था। और अपने बेहतरीन खेल के दम पर 14 में से 9 मुकाबले जीते थे। ग्रुप मैचों में टीम की शुरुआत बहुत अच्छी रही थी और टीम ने लगातार 3 मैच जीते थे। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर टीम टेबल टॉपर बनी थी। हालांकि इसके बाद टीम को बड़े मैचों में अनुभव की कमी का सामना करना पड़ा और दोनों क्वालीफायर मुकाबले गंवाने पड़े। गौर करने वाली बात ये थी कि टीम ने दोनों क्वालीफायर मुकाबले लक्ष्य का बचाव करते हुए हारे थे।

संभावित प्लेइंग इलेवन: वैसे तो इस टीम में एक से बढ़कर एक खिलाड़ी हैं लेकिन टीम आईपीएल 10 में अच्छी शुरुआत के लिए कुछ ऐसी टीम उतार सकती है: ब्रेंडन मैकलम, जेसन रॉय, सुरेश रैना, दिनेश कार्तिक, एरोन फिंच, डैरेन ब्रावो, रविंद्र जडेजा, मुनाफ पटेल, प्रवीण कुमार, धवल कुलकर्णी, शिविल कौशिक

खिलाड़ी जो टीम के लिए साबित हो सकते हैं तुरुप का इक्का:

बल्लेबाजी: टीम के प्लेइंग इलेवन पर नजर डालें तो यहां एक से बढ़कर एक धुरंधर नजर आते हैं। ब्रेंडन मैकलम तेज-तर्रार शुरुआत देने के लिए जाने जाते हैं और उन्होंने पिछले सीजन में भी टीम को कई बार अच्छी शुरुआत दिलवाई थी। उन्हें अपनी भूमिका अच्छे से पता है और वो उसे निभाते भी हैं। गुजरात से पहले मैकलम चेन्नई की तरफ से भी धमाकेदार शुरुआत दिलाने के लिए जाने जाते रहे हैं। जेसन रॉय की बात करें तो ये उनका पहला आईपीएल होगा। लेकिन उनकी बल्लेबाजी किसी से भी छिपी नहीं है। रॉय इंग्लैंड के लिए सलामी बल्लेबाजी करने वाले रॉय का टी20I स्ट्राइक रेट 129 का है जो दर्शाता है कि वे काफी आक्रामक बल्लेबाजी कर सकते हैं। तीसरे नंबर पर आईपीएल के सबसे बेहतरीन खिलाड़ी सुरेश रैना बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं।

आईपीएल में रैना का रिकॉर्ड सबसे बेहतरीन रिकॉर्डों में शामिल है और वो अपनी टीम के कप्तान भी हैं। ऐसे में उनके ऊपर दोहरी जिम्मेदारी होगी। दिनेश कार्तिक बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज टीम का हिस्सा होंगे। कार्तिक समय-समय पर उपयोगी और तेज बल्लेबाजी कर अपनी टीम के लिए जरूरी रन बनाते हैं। कार्तिक हाल ही में घरेलू मैचों में अच्छी फॉर्म में दिखे थे। एरोन फिंच की बात करें तो वैसे तो वह सलामी बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन गुजरात उन्हें मध्यक्रम में खिलाती है। फिंच ने पिछले सत्र में अच्छा प्रदर्शन किया था और टीम को कई बार संकट से भी उबारा था, ऐसे में फिंच इस बार भी टीम के लिए सबसे उपयोगी खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।

ऑलराउंडर खिलाड़ी: ब्रावो की बात करें तो वह बिग बैश लीग के दौरान चोटिल हो गए थे, लेकिन वह गुजरात के लिए सबसे अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं। ब्रावो गेंद और बल्ले दोनों के साथ धमाल मचाने के लिए जाने जाते हैं और उनके नाम 2 बार पर्पल कैप जीतने का रिकॉर्ड दर्ज है। हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले रविंद्र जडेजा से टीम को सबसे ज्यादा उम्मीदें होंगी। जडेजा ने टेस्ट सीरीज में जमकर हल्ला बोला था और उसी प्रदर्शन को गुजरात की तरफ से भी दोहराना चाहेंगे।

गेंदबाजी: गेंदबाजी में टीम के लिए सबसे ज्यादा उम्मीदें प्रवीण कुमार से होंगी। प्रवीण कुमार की बात करें तो उनकी स्विंग बल्लेबाजों के लिए हमेशा चुनौती रहती है, हालांकि प्रवीण का पिछले सीजन में कुछ खास प्रदर्शन नहीं रहा था, लेकिन वह इस बार अपने प्रदर्शन में जरूर सुधार लाना चाहेंगे। प्रवीण ने पिछले सीजन में 16 मैचों में सिर्फ 9 ही विकेट हासिल किए थे। दूसरे तेज गेंदबाज की भूमिका मुनाफ पटेल निभा सकते हैं। मुनाफ पटेल को गुजरात ने इस बार 30 लाख रुपये में खरीदा है। साल 2013 के बाद मुनाफ का ये पहला आईपीएल होगा। गुजरात को इस अनुभवी तेज गेंदबाज से विकेट की उम्मीद होगी।

मुनाफ ने अब तक के आईपीएल करियर में 61 मैचों में 73 विकेट झटके हैं। धवल कुलकर्णी को टीम में तीसरे तेज गेंदबाज के रूप में खिलाया जा सकता है। कुलकर्णी की बात करें तो पिछले साल इस गेंदबाज का प्रदर्शन प्रभावी रहा था और इस बार भी कुलकर्णी टीम की गेंदबाजी की मुख्य कड़ी होंगे। कुलकर्णी ने पिछले साल 14 मैचों में 18 विकेट झटके थे। फिरकी गेंदबाजी में शिविल कौशिक पर काफी दारोमदार रहेगा। शिविल कौशिक का एक्शन पिछले सीजन में काफी सुर्खियों में रहा था और उनकी गेंदबाजी भी काफी प्रभावी थी। हालांकि पिछले सीजन में उन्हें सिर्फ 7 मैच ही खेलने को मिले थे। लेकिन उन 7 मैचों में उन्होंने 6 विकेट झटके थे। लेकिन इस बार इस फिरकी गेंदबाज से गुजरात को और विकेट झटकने की उम्मीद होगी।

गुजरात की टीम: ब्रेंडन मैक्कलम, ड्वेन स्मिथ, सुरेश रैना (कप्तान), दिनेश कार्तिक (विकेट कीपर), रविंद्र जडेजा, ईशान किशन, जेम्स फॉफनर, शिविल कौशिक, प्रवीण कुमार, धवल कुलकर्णी, एरोन फिंच, एंड्रू टाई, प्रदीप सांगवान, शदाब जकाती, जायद शाह। जेसन रॉय, बासिल थांपी, मनप्रीत गोनी, नाथू सिंह, मुनाफ पटेल, अक्षदीप नाथ, शुभम अग्रवाल, तेजस बरोका, चिरात सूरी, प्रथम सिंह, शैली शौर्या।

Editor's Pick