IPL 2019: किंग्स इलेवन पंजाब को पहला खिताब जिता सकते हैं ये 5 खिलाड़ी
आईपीएल 2018 में पंजाब को अच्छी शुरुआत मिली थी, लेकिन टीम सीजन के दूसरे भाग में रास्ता भटक गई।
Published On Mar 16, 2019, 10:27 AM IST
Last UpdatedMar 16, 2019, 10:27 AM IST
आईपीएल की शुरुआत के साथ ही किंग्स इलेवन पंजाब को मजबूत टीमों में गिना गया है, लेकिन आईपीएल सीजन खत्म होते-होते अधिकांश बार टीम के खिलाड़ियों से फ्रेंचाइजी को निराशा ही हाथ लगी। आईपीएल 2008 में पंजाब की टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी। साल 2014 में फाइनल मुकाबले में पंजाब की टीम को कोलकाता नाइट राइडर्स के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा 11 सीजन खेलने के बावजूद फ्रेंचाइजी के पास ऐसी कोई खास उपलब्धि नहीं है जिसे वो बता सके। टीम को अब भी अपने पहले खिताब का इंतजार है। आईए नजर डालते हैं टीम के उन खिलाड़ियों पर जो आईपीएल 2019 में टीम को चैम्पियन बना सकते हैं।
क्रिस गेल
वेस्टइंडीज के विस्फोटक बल्लेबाज क्रिस गेल इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं। दुनिया भर की टी20 लीग में व्यस्त रहने वाले गेल ने हाल ही में विंडीज की राष्ट्रीय टीम में वापसी की और धमाकेदार पारियां खेलकर एक बार फिर फैन्स को बता दिया कि वो अब भी यूनिवर्स बॉस हैं। किंग्स इलेवन पंजाब के लिए पिछले सीजन में क्रिस गेल ने 11 मैचों में 40.89 की औसत से 368 रन बनाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 30 चौके और 27 छक्के निकले। गेल के बल्ले से 104 रन की नाबाद शतकीय पारी भी निकली थी।
क्रिस गेल को टीम में शामिल करना पंजाब के लिए फायदे का सौदा रहा। पंजाब ने उन्हें बेस प्राइज दो करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया था। आईपीएल 2017 तक गेल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का हिस्सा थे, लेकिन बैंगलोर फ्रेंचाइजी ने पिछले सीजन में उन्हें रिटेन नहीं करने का फैसला किया था, जिसके कारण उन्हें आईपीएल 2018 के लिए हुई नीलामी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। हैरानी तब हुई जब पहले दो राउंड के दौरान किसी भी फ्रेंचाइजी ने गेल को खरीदने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। आखिर में पंजाब ने बेस प्राइज में गेल को टीम में शामिल किया था। पंजाब चाहेगा कि इस बार भी गेल टीम के लिए विस्फोटक पारियां खेलें।

रविचंद्रन अश्विन
पिछले सीजन में रविचंद्रन अश्विन पर भरोसा जताते हुए पंजाब ने उन्हें टीम की कमान सौंपी थी। अश्विन ने अपनी नेतृत्व क्षमता काे बेहतरीन तरीके से दिखाया। अश्विन के सामने चुनौती थी कि वो युवराज सिंह जैसे सीनियर खिलाड़ी से डील करने के साथ-साथ युवाओं को मौका देकर टीम को जीत दिलाएं। उन्होंने अपनी भूमिका को काफी अच्छे से निभाया। लगातार फ्लॉप साबित हो रहे युवराज को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने में भी उन्होंने जरा भी संकोच नहीं किया।
अश्विन का प्रदर्शन भी औसत रहा। उन्होंने 14 मैचों में 10 विकेट निकाले। जरूरत पड़ने पर उन्होंने बल्ले से भी योगदान दिया। पिछले सीजन में अश्विन ने 45 रन की अहम पारी खेली थी। उन्होंने 14 मैचों में 102 रन बनाए।

केएल राहुल
आईपीएल 2018 में केएल राहुल पंजाब फ्रेंचाइजी के लिए तुरुप का इक्का साबित हुए। उन्होंने पिछले सीजन में 14 मैचों में 659 रन बनाए और सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची मे तीसरे स्थान पर रहे। पिछले सीजन के शुरुआती छह में से पांच मैच पंजाब की टीम जीतने मे सफल रही थी, इसमें बड़ा योगदान केएल राहुल का था। ऐसे में पंजाब को उम्मीद है कि इस बार भी राहुल टीम के लिए अहम भूमिका निभाएंगे।
पिछले एक साल में केएल राहुल का सफर काफी उतार चढ़ाव भरा रहा है। चयनकर्ता उन्हें विश्व कप 2019 की टीम में जगह देने में दिलचस्पी दिखा चुके हैं, लेकिन राहुल की फॉर्म में निरंतरता की कमी हमेशा ही टीम मैनेजमेंट के लिए सिरदर्द बनी है। साल 2014 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने वाले राहुल अब तक भारतीय टीम में अपनी स्थाई जगह नहीं बना पाए हैं।

मयंक अग्रवाल
मयंक अग्रवाल को टीम इंडिया के भविष्य के बड़े खिलाड़ी के तौर पर देखा जाता है। घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद भी मयंक को अंतरराष्ट्रीय टीम में मौका नहीं दिए जाने को लेकर लगातार सवाल उठते रहे। भारत के ऑस्ट्रलिया दौरे पर मयंक को टेस्ट डेब्यू करने का मौका मिला। दो मैचों में 65 की औसत से 195 रन ठोककर मयंक ने सभी को प्रभावित किया।
मयंक का आईपीएल का अबतक का सफर खास अच्छा नहीं रहा है। उन्होंने आईपीएल में 64 मैच खेले हैं, जिसमें 16.75 की औसत से वो महज 938 रन ही बना पाए हैं। ऐसे में पंजाब की टीम को उम्मीद है कि मयंक घरेलू क्रिकेट और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रदर्शन को इस सीजन में फ्रेंचाइजी के लिए दोहराएंगे। 20 लाख के बेस प्राइज वाले मयंक को पंजाब ने एक करोड़ रुपये खर्च कर अपनी टीम में शामिल किया है।

मुजीब उर रहमान
अफगानिस्तान के महज 17 साल के स्पिन गेंदबाज मुजीब उर रहमान को चार करोड़ खर्च कर पंजाब ने अपनी टीम में शामिल किया था। उन्होंने अपनी फ्रेंचाइजी को निराश नहीं किया। मुजीब ने पिछले सीजन में 11 मैचों में 20.64 की औसत से 14 विकेट निकाले। कप्तान रविचंद्र अश्विन और मुजीब की जोड़ी ने पिछले सीजन में विरोधी टीमों पर कहर ढाया। पंजाब को उम्मीद है कि इस बार भी मुजीब टीम के लिए अहम योगदान देंगे।
