×

आजादी के बाद कैसी थी भारत की पहली टेस्ट टीम, कौन था कप्तान ?

आजादी मिलने के बाद टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया का पहला दौरा किया था, उस टीम की कप्तानी लाला अमरनाथ ने की थी

user-circle cricketcountry.com Written by Vanson Soral
Last Updated on - August 14, 2023 9:29 PM IST

पूरा देश आज स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मना रहा है. 15 अगस्त 1947 को भारत को आजादी मिली थी और तब से अब तक 77 साल बीत चुके हैं. इन सालों में भारत ने कई क्षेत्रों में अभूतपूर्व प्रगति और उपलब्धियां हासिल की हैं जिसमें खेल भी शामिल हैं. वैसे तो भारत ने हर खेल में झंड़ा गाड़ा है लेकिन क्रिकेट से भारतवासियों को कुछ ज्यादा ही प्यार है. यही वजह है कि जब भी टीम इंडिया मैदान में होती है तो सभी खेल प्रेमियों की निगाहें उन पर टिक जाती है. हालांकि क्रिकेट में भारत को सफलता की सीढ़िया चढ़ने के लिए लंबा वक्त लगा जिसका आगाज साल 1932 में हुआ था.

आजाद भारत के पहले कप्तान थे लाला अमरनाथ

दरअसल, भारतीय क्रिकेट टीम ने अपना पहला टेस्ट मैच इंग्लैंड के साथ लंदन में साल 1932 में खेला था लेकिन तब भारतीय टीम ब्रिटिश इंडिया के अधीन थी. सही मायनों में भारतीय टीम आजादी के बाद भारतीय क्रिकेट टीम कहलाई. भारत को आजादी मिलने के बाद टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था जिसका आगाज 28 नवंबर को ब्रिसबेन टेस्ट से हुआ था. इस टेस्ट मैच में भारत की ओर से उतरने वाली टीम आजादी के बाद टेस्ट मैच खेलने वाली पहली भारतीय टीम बनी थी जिसकी कप्तानी दिग्गज क्रिकेटर लाला अमरनाथ ने की थी.

वीनू मांकड़, हेमू अधिकारी और विजय हजारे थे टीम का हिस्सा

इस दौरे पर अमरनाथ के अलावा टीम इंडिया में वीनू मांकड़, चंदू सरवते, गुल मोहम्मद, हेमू अधिकारी, गोगूमल किशनचंद और विजय हजारे और खंडू रंगनेकर थे. इनके अलावा टीम में रंगा सोहनी, सीएस नायडू और विकेटकीपर जमशेद ईरानी भी शामिल थे. हालांकि इस टीम को आजादी के बाद पहला टेस्ट मैच खेलते हुए सफलता नहीं मिली और ऑस्ट्रेलिया मेहमान टीम को पारी और 226 रनों से हराने में कामयाब रहा.

ऑस्ट्रेलिया से मिली थी भारत को हार

इस मैच ऑस्ट्रेलिया ने कप्तान डॉन ब्रैडमेन की 185 रनों के मदद से अपनी पहली पारी 382/8 रनों पर घोषित की. इसके जवाब में भारत की टीम पहली पारी में 58 और दूसरी पारी में 98 रनों पर ऑलआउट हो गई. इस दौरे पर भारत ने 5 टेस्ट मैच खेले और उसे 4-0 से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा.

पाकिस्तान के खिलाफ पहली टेस्ट सीरीज में मिली जीत

टीम इंडिया को आजादी के बाद पहली टेस्ट सीरीज जीतने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा. भारत को पहली टेस्ट सीरीज में जीत पाकिस्तान के खिलाफ मिली. साल 1952 में भारत दौरे पर आई पाकिस्तान की टीम को 5 मैचों की सीरीज में 1-2 से शिकस्त झेलनी पड़ी. उस वक्त पाकिस्तान की टीम में कुछ ऐसे भी खिलाड़ी थे जो आजादी से पहले भारत की टीम में खेलते थे.

TRENDING NOW

आजादी के बाद भारत की पहली टेस्ट टीम:

लाला अमरनाथ (कप्तान), वीनू मांकड़, चंदू सरवते, गुल मोहम्मद, हेमू अधिकारी, गोगूमल किशनचंद, विजय हजारे और खंडू रंगनेकर