×

पिछले 04 मैच में 20 विकेट, सेलेक्टर्स ने फिर भी नहीं दिया भाव, खत्म हुआ मोहम्मद शमी का करियर !

उन्होंने लगातार मैच खेलकर अपनी फिटनेस भी दिखाई है, इसके अलावा वह गेंद से विकेट भी चटका रहे हैं. इसके बावजूद सेलेक्टर्स की उन पर नजर नहीं है.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - November 24, 2025 4:46 PM IST

भारत ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए रविवार को टीम का ऐलान कर दिया. भारत की 15 सदस्यीय टीम में एक बार फिर मोहम्मद शमी को मौका नहीं दिया गया. भारत के स्टार गेंदबाज मोहम्मद शमी ने घरेलू क्रिकेट में दमदार प्रदर्शन कर अपना फॉर्म भी दिखाया है, मगर बार- बार उन्हें निराशा मिल रही है. साउथ अफ्रीका सीरीज से बाहर होने के बाद यह माना जा रहा है कि भारत के इस गेंदबाज का करियर अब लगभग खत्म हो चुका है.

वह चैंपियंस ट्रॉफी में आखिरी बार खेलते नजर आए थे. मार्च 2025 के बाद से शमी को टेस्ट के साथ- साथ वनडे टीम भी अब मौका नहीं दिया जा रहा है. हालांकि शमी की अनदेखी के बाद फैंस और कई क्रिकेट एक्सपर्ट ने भी सवाल उठाए हैं. कहा यह भी जा रहा है कि सिलेक्शन कमिटी की शमी के साथ कुछ तकरार भी चल रही है, जिसके बाद उन्हें भाव नहीं दिया जा रहा है. भारत के मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने शमी के टीम में नहीं होने की वजह फिटनेस बताया था, हालांकि अगरकर के इस बयान पर शमी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि वह पूरी तरह से फिट हैं.

साल 2023 में वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल खेलने के बाद मोहम्मद शमी दो साल तक बाहर रहे. इसके बाद उन्होंने एंकल की सर्जरी करवाई, हालांकि इसके बाद भी उनके घुटने में भी समस्या हो गई थी. शमी ने साल 2025 में वापसी की और भारत को आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 का खिताब भी दिलाया.

पिछले चार मैच में चटकाए हैं 20 विकेट

मोहम्मद शमी ने पिछले चार मैच में 20 विकेट अपने नाम किए हैं. उन्होंने रणजी ट्रॉफी में उत्तराखंड के खिलाफ मैच में सात विकेट (पहली पारी में तीन, दूसरी पारी में तीन), गुजरात के खिलाफ आठ विकेट (पहली पारी में तीन, दूसरी पारी में पांच), असम के खिलाफ मैच में पांच विकेट (पहली पारी में तीन, दूसरी पारी में दो) चटकाए. उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए भी बंगाल की टीम में भी चुना गया है.

बढ़ती उम्र के साथ धारदार गेंदबाजी कर रहे हैं शमी

35 साल के मोहम्मद शमी ने लगातार मैच खेलकर अपनी फिटनेस भी दिखाई है, इसके अलावा वह गेंद से विकेट भी चटका रहे हैं. इसके बावजूद सेलेक्टर्स की उन पर नजर नहीं है, ऐसा लग रहा है कि सेलेक्टर्स मोहम्मद शमी को लेकर गंभीर भी नहीं है. हाल ही में एशेज सीरीज में 35 साल के मिचेल स्टॉर्क ने इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में कुल 10 विकेट (पहली पारी में सात, दूसरी पारी में तीन) लेकर बताया कि उम्र कोई मायने नहीं रखती है, मगर शमी को लेकर सेलेक्टर्स का यह रवैया बताता है कि कहीं ना कहीं सेलेक्टर्स शमी को लेकर खुन्नस निकाल रहे हैं. टेस्ट के बाद वनडे टीम में उनका चयन नहीं हुआ तो अब माना जा रहा है कि शमी के लिए टीम इंडिया के दरवाजे हमेशा के लिए लगभग बंद हो चुके हैं.

TRENDING NOW

मोहम्मद शमी का इंटरनेशनल करियर

शमी ने भारत के लिए 64 टेस्ट में 229 विकेट चटकाए हैं, जबकि 108 वनडे मैचों में उनके नाम 206 विकेट है. 25 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में उन्होंने 27 विकेट लेने का कारनामा किया है.