सबसे बड़े मैच फिनिशर महेंद्र सिंह धोनी, स्ट्राइक रेट में नंबर वन
एडिलेड वनडे में धोनी ने आखिरी ओवर में दो गेंद पर सात रन बनाकर टीम को जीत दिलाई और सीरीज में वापसी कराई।
Published On Jan 15, 2019, 05:46 PM IST
Last UpdatedJan 15, 2019, 05:46 PM IST
ms dhoni Getty Images
जिस महेंद्र सिंह धोनी की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में आलोचना हो रही थी वह हीरो बन गए। एक मैच पहले जिनके स्ट्राइक रेट पर बातें की जा रही थी उन्होंने एक छक्के से जीत दिला सबकुछ बराबर कर दिया। एडिलेड वनडे में धोनी ने आखिरी ओवर में दो गेंद पर सात रन बनाकर टीम को जीत दिलाई और सीरीज में वापसी कराई।
भारतीय क्रिकेट टीम ऑस्ट्रेलिया के मिले 299 रन का पीछा करने उतरी थी। 160 रन पर तीसरा विकेट गिरने के बाद महेंद्र सिंह धोनी मैदान पर उतरे। धोनी ने कप्तान विराट कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी निभाई। कोहली शतकीय पारी खेलकर आउट हो गए लेकिन धोनी मैदान पर डटे रहे। मैच को आखिरी ओवर तक ले गए और फिर अपने स्टाइल में छक्का लगाकर मैच को हक में किया।
बतौर फिनिशर कोहली से बेहतर धोनी का स्ट्राइक रेट
रन का पीछा करते हुए स्ट्राइक रेट के मामले में महेंद्र सिंह धोनी सबसे आगे हैं। धोनी का स्ट्राइक रेट 99.85 है जो किसी भी बल्लेबाज के लिए सपना हो सकता है। 99.04 की स्ट्राइक रेट के साथ विराट दूसरे नंबर पर हैं। दुनिया के बेहतरीन फिनिशर में शुमार पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज माइकल बेवन का स्ट्राइक रेट 86.25 का है। वहीं पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान एबी डिविलिर्स ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 82.77 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं।
महेंद्र सिंह धोनी का दूसरा अर्धशतक
पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में लगातार दूसरा अर्धशतक बनाया। कोहली का विकेट जब गिरा भारत का स्कोर 242 रन था। धोनी ने दिनेश कार्तिक के साथ मिलकर 57 रन की अटूट साझेदारी निभाई और टीम को जीत तक पहुंचाया। धोनी ने 54 गेंद पर 55 रन रन की पारी खेली पिछले वनडे में उन्होंने 51 रन की पारी खेली थी।