• Home
  • News
  • Mumbai Indians (MI) vs Rising Pune Supergiant (RPS), IPL 2017 Final, preview and likely XIs: MI eye 3rd title; RPS maiden

मुंबई इंडियंस बनाम राइजिंग पुणे सुपरजायंट(प्रिव्यू): इतिहास रचना चाहेगी मुंबई इंडियंस

यह पांचवां मौका है जब आईपीएल के ग्रुप स्टेज की टॉप 2 फ्रेंचाइजी फाइनल में भिड़ रही हैं। इन सभी सीजनों में नंबर दो टीम ने टूर्नामेंट जीता है।

Edited By : Devbrat Bajpai |May 21, 2017, 11:14 AM IST

Published On May 21, 2017, 11:14 AM IST

Last UpdatedMay 21, 2017, 11:14 AM IST

मुंबई इंडियंस बनाम राइजिंग पुणे सुपरजायंट  © AFP
मुंबई इंडियंस बनाम राइजिंग पुणे सुपरजायंट © AFP

आज आईपीएल के फाइनल मुकाबले में रात के आठ बजे दो बड़ी टीमें राइजिंग पुणे सुपरजायंट और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगी। यह मैच हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय मैदान पर खेला जाएगा। मुंबई इंडियंस की निगाहें किसी भी हाल ही में ट्रॉफी को जीतने पर होंगी। मुंबई इसके पहले साल 2013 और 2015 में आईपीएल खिताब की विजेता रह चुकी है। अगर वह इस बार भी खिताब अपने नाम कर लेते हैं तो आईपीएल इतिहास में तीन बार खिताब जीतने वाली पहली टीम बन जाएगी। दो बार खिताब जीतने का कारनामा चेन्नई सुपरकिंग्स और कोलाकाता नाइट राइडर्स भी अपने नाम कर चुकी हैं। वहीं दूसरी ओर राइजिंग पुणे सुपरजायंट ने पहली बार फाइनल में जगह बनाई है। हो सकता है कि अगले साल चेन्नई सुपरकिंग्स और राजस्थान रॉयल्स की वापसी के साथ पुणे सुपरजायंट को खत्म कर दिया जाए। ऐसे में उनका ध्यान अपने आखिरी सीजन में छाप छोड़ने पर होगा।

मौजूदा सीजन में रोहित शर्मा की अगुआई वाली मुंबई इंडियंस को राइजिंग पुणे सुपरजायंट से तीन मैचों में हार का सामना करना पड़ा है। जाहिर है कि वे इस हार के सिलसिले को तोड़ने को लेकर आतुर होंगे। फाइनल मैच की शाम को बातचीत करते हुए रोहित शर्मा ने कहा, “हमारा पुणे के खिलाफ अच्छा इतिहास नहीं है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन क्रिकेट खेली है। यह बात है कि उन दिनों में हमने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। यही कारण रहा कि हम मैच हारे।” राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाफ क्वालीफायर- 1, 20 रनों से हारने के बावजूद मुंबई इंडियंस ने क्वालीफायर दो में बेहतरीन प्रदर्शन किया और कोलकाता नाइट राइडर्स(केकेआर) को 6 विकेट से हराते हुए अपनी फाइनल में जगह पुख्ता की।[ये भी पढ़ें: राइजिंग पुणे सुपरजायंट के खिलाफ इतिहास बदलना चाहते हैं रोहित शर्मा]

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

हैदराबाद का मैदान इस साल बैटिंग के लिए मददगार साबित हुआ है। यहां औसतन स्कोर 170 के आसपास बनता है। हां, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करना यहां बढ़िया साबित हो सकता है क्योंकि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने पिछले सात मैचों में से पांच जीते हैं। प्लेऑफ के पहले बेन स्टोक्स के स्वदेश लौट जाने से पुणे टीम को गहरा झटका लगा था। जैसे-तैसे उन्होंने प्लेऑफ तो जीत लिया लेकिन अब फाइनल में वह उनकी कमी को कैसे पूरा करेंगे ये देखना दिलचस्प होगा। उनकी जगह वे इस मैच में भी तेज गेंदबाज लॉकी फर्ग्युसन को खिलाएंगे या बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा को मौका देंगे। बहरहाल, ये तो समय ही तय करेगा।

वहीं मुंबई इंडियंस की बात करें तो उन्हें भी फाइनल मैच के संयोजन को चुनने के में अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ेगी। लेंडल सिमंस ने बहुत बढ़िया प्रदर्शन अबतक नहीं किया है। ऐसे में वे चाहेंगे कि सिमंस अपने फॉर्म में लौटते हुए धारदार बल्लेबाजी करें। इसके अलावा रोहित, मिचेल जॉनसन और मिचेल मैकलेनिघन में से किसको टीम में लेना चाहेंगे? इसको लेकर भी असमंजस बरकरार है। पिछले मैच में जॉनसन को मैकलेनिघन की चोट के कारण अंतिम एकादश में जगह दी गई थी। उन्होंने इस मैच में अच्छा प्रदर्शन भी किया था। ऐसे में इस मैच में वह किसको शामिल करेंगे इसको लेकर जरूर वे अपना सिर खुजा रहे होंगे।

पिछले मैच में कर्ण शर्मा ने मैच जिताऊ प्रदर्शन किया था। ऐसे में हरभजन सिंह के आगे फाइनल मैच में उनकी जगह पुख्ता है। वहीं कर्ण के लिए फायदे वाली बात ये भी है कि वह पहले सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेल चुके हैं और इस वैन्यू को भलीभांति जानते हैं।

पुणे अपनी टीम में शायद ही कोई परिवर्तन करना चाहेगी क्योंकि उनकी टीम लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रही है। अजिंक्य रहाणे के फॉर्म में लौटने से फ्रेंचाइजी खुश होगी वहीं सुंदर ने भी गेंद से कमाल किया हुआ है। उनके अलावा टीम को स्टीवन स्मिथ से ढेरों उम्मीदें होंगी। धोनी ने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ धुआंधार 40 रन बनाए थे। जाहिर है कि वह अपनी फॉर्म को इस मैच में भी बरकरार रखना चाहेंगे। धोनी का यह छठवां आईपीएल फाइनल है।

मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन: पार्थिव पटेल (विकेटकीपर), रोहित शर्मा (कप्तान), नीतीश राणा, अंबाती रायडू, काइरॉन पोलार्ड, क्रुणाल पांड्या, हार्दिक पांड्या, मिचेल मैकलेनिघन, कर्ण शर्मा, लसिथ मलिंगा, जसप्रीत बूमराह।

राइजिंग पुणे सुपरजायंट की संभावित प्लेइंग इलेवन: राहुल त्रिपाठी, अजिंक्य राहणे, स्टीवन स्मिथ (कप्तान), मनोज तिवारी, एमएस धोनी (विकेटकीपर), डेनियल क्रिश्चियन, वॉशिंगटन सुंदर, शार्दुल ठाकुर, लॉकी फर्ग्यूसन, जयदेव उनादकट, एडम जंपा।

क्या कहते हैं आंकड़े: यह पांचवां मौका है जब आईपीएल के ग्रुप स्टेज की टॉप 2 फ्रेंचाइजी फाइनल में भिड़ रही हैं। इन सभी सीजनों में नंबर दो टीम ने टूर्नामेंट जीता है। आरपीएस मौजूदा आईपीएल सीजन में एकमात्र टीम है जिसने हैदराबाद में मैच जीता है। यहां हर 6.40 गेंदों में चौके जड़े गए हैं। आरपीएस मौजूद सीजन में 100 विकेट लेने वाली एकमात्र टीम है। मुंबई के नाम 99 विकेट हैं।

Editor's Pick