दिल्ली डेयरडेविल्स-पुणे सुपरजायंट के मैच से पहले देखिए कुछ दिलचस्प आंकड़े
आईपीएल 10 में पहली बार भिड़ेंगे पुणे और दिल्ली
Published On Apr 11, 2017, 05:27 PM IST
Last UpdatedApr 11, 2017, 05:27 PM IST

आईपीएल-10 में आज राइजिंग पुणे सुपरजायंट और दिल्ली डेयरडेविल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। पुणे की टीम ने जहां अपना पहला मुकाबला मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीता था, तो वहीं उन्हें दूसरे मुकाबले में किंग्स इलेवन पंजाब के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा था। वहीं दिल्ली डेयरडेविल्स की भी हालत ठीक नहीं है और टीम को अपना पहला मुकाबला नजदीकी अंतर से बैंगलोर से गंवाना पड़ा था। अब ऐसे में दोनों टीमें जब भिड़ेंगी तो दोनों का इरादा जीत की पटरी पर लौटने का होगा। दोनों टीमों के बीच आईपीएल-10 की ये पहली जंग होगी, तो आइए नजर डालते हैं दोनों टीमों के बीच होने वाले मुकाबले से पहले कुछ दिलचस्प आंकड़ों पर। ये भी पढ़ें: हार के जख्मों को भरने उतरेंगी दिल्ली डेयरडेविल्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट
लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम ही मारती है बाजी: पुणे में होने वाले इल मुकाबले में दोनों ही टीमें टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करना चाहेंगी और लक्ष्य का पीछा करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। ऐसे हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि इस मैदान का इतिहास कुछ यही कहता है। इस मैदान पर खेले गए आखिरी चार मुकाबलों में उसी टीम को जीत मिली है जिसने पहले गेंदबाजी की है। ये रिकॉर्ड पुणे की टीम से काफी मिलता है क्योंकि टीम को पहले बल्लेबाजी करते हुए एक भी मौके पर जीत नहीं मिली है। ऐसे में आंकड़ों के मुताबिक ‘टॉस का बॉस’ बनने वाली टीम ही मुकाबले को जीतेगी।
पिछले साल शुरुआत में ‘हिट’ तो बाद में ‘पिट’ गई थी दिल्ली: पिछले सीजन यानी आईपीएल-9 की बात करें तो दिल्ली ने शुरुआत में तो बहुत अच्छा खेल दिखाया था। लेकिन टूर्नामेंट के आगे बढ़ते-बढ़ते टीम के प्रदर्शन में गिरावट देखी गई थी। दिल्ली ने पिछले साल शुरुआती 7 मैचों में से 5 मैच जीते थे। तो वहीं टीम को आखिरी 8 में से 6 मुकाबले गंवाने पड़े थे।
आखिरी 6 पारियों में धोनी का खामोश बल्ला पुणे की सबसे बड़ी चिंता: महेंद्र सिंह धोनी की खराब फॉर्म इन दिनों पुणे के लिए सबसे बड़ी चिंता है। धोनी ने पुणे की तरफ से आखिरी 6 पारियों में से 3 बार दहाई के आंकड़े को भी नहीं छू पाए हैं। इस दौरान दो पारियों में उन्होंने सिर्फ 10 गेंदें खेलीं हैं और उनका स्ट्राइक रेट 50 से भी कम का रहा है।
दिल्ली के खिलाफ खूब चलता है अजिंक्य रहाणे का बल्ला: पुणे के लिए सीजन के पहले मैच में शानदार बल्लेबाजी करने वाले रहाणे का बल्ला दिल्ली के खिलाफ खूब रन उगलता है। दिल्ली के खिलाफ रहाणे ने 13 पारियों में 77.75 की औसत के साथ रन बनाए हैं और इस दौरान उन्होंने 6 अर्धशतक लगाए हैं। दिल्ली की टीम सिर्फ एक ही मौके पर रहाणे को पावरप्ले के अंदर आउट करने में कामयाब रही है।
शाहबाज नदीम के खिलाफ सबसे ज्यादा, तो अमित मिश्रा के खिलाफ सबसे कम है स्मिथ का स्ट्राइक रेट: सीजन के पहले मैच में धमाकेदार पारी से अपनी टीम को जीत दिलाने वाले स्मिथ से टीम को ढेरों उम्मीद होंगी। स्मिथ की बात करें तो उन्होंने शाहबाज नदीम के खिलाफ आईपीएल में सबसे तेज स्ट्राइक रेट के साथ रन बनाए हैं। स्मिथ ने नदीम के खिलाफ 9 गेंदों में 32 रन बनाए हैं। वहीं अमित मिश्रा के खिलाफ स्मिथ ने 25 गेंदों में 18 रन बनाए हैं और मिश्रा के खिलाफ उनका स्ट्राइक रेट आईपीएल में सबसे कम है।
डेथ ओवरों में क्रिस मॉरिस हैं बेस्ट: पिछले साल अंतिम ओवरों में कम से कम 10 ओवरों की गेंदबाजी करने वाले गेंदबाजों में क्रिस मॉरिस का इकॉमनी रेट सबसे बेहतर था। इस सीजन में बैंगलोर के खिलाफ खेले गए पिछले मुकाबले में मॉरिस ने 18वें और 20वें ओवर को मिलाकर कुल 9 रन ही दिए थे। इस दौरान उनकी 8 गेंदों पर एक भी रन नहीं बना था। ये भी पढ़ें: अनुष्का ने लगाया मरहम, विराट का दर्द हुआ खत्म!
ऋषभ पंत को ‘चेज’ करना पसंद है: ऋषभ पंत की टीम जब भी पहले बल्लेबाजी करती है तो पंत का बल्ला खामोश ही रहता है। पहले बल्लेबाजी के दौरान पंत ने 4 पारियों में मात्र 11 रन ही बनाए हैं। वहीं चेज करते हुए पंत ने 20, 69, 4*, 39*, 23, 32 और 57 रन बनाए हैं।
तिहरा शतक लगाने के बाद करुण नायर का बल्ला है खामोश: करुण नायर ने तिहरा शतक लगाने के बाद से क्रिकेट के किसी भी फॉर्मेट में एक मैच में भी अर्धशतक नहीं लगाया है। तिहरा शतक लगाने के बाद से तीनों फॉर्मेट की 12 पारियों में नायर ने एक बार भी 30 से ज्यादा का स्कोर नहीं बनाया है।
अकेले इमरान ताहिर पूरी पुणे टीम पर भारी: इमरान ताहिर ने अब तक इस आईपीएल में 8 ओवरों में 7.12 के इकॉनमी के साथ 5 विकेट झटके हैं। तो वहीं पुणे की पूरी टीम ने 31 ओवरों में 9.29 के इकॉनमी के साथ सिर्फ 6 ही विकेट लिए हैं।