×

रोहित शर्मा ने रांची में जड़ा पहला टेस्ट दोहरा शतक; बनाए रिकॉर्ड

दक्षिण अफ्रीका का खिलाफ टेस्ट सीरीज में सर्वाधिक 529 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं रोहित।

रोहित शर्मा (IANS)

वनडे क्रिकेट में तीन दोहरे शतक जड़ने वाले विश्व के अकेले बल्लेबाज रोहित शर्मा ने आखिरकार टेस्ट में भी 200 रन का आंकड़ा पार कर लिया। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ रांची टेस्ट में रोहित ने 212 रनों की पारी खेलकर टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक जड़ा।

रांची टेस्ट में लंच तक 199 रन बना चुके रोहित ने दूसरे सेशन के दूसरे ही ओवर की पहली गेंद लुंगी एनगिडी के खिलाफ छक्का लगाकर टेस्ट में दोहरा शतक लगाया। दोहरा शतक पूरा करने के बाद अगले ही ओवर में रोहित कगीसो रबाडा की गेंद पर कैच आउट हो गए। रोहित ने रांची में 255 गेंदो पर 28 चौकों और छह छक्कों की मदद से 212 रन की पारी खेली। इसी के साथ रोहित ने कई बड़े कीर्तिमान हासिल किया।

क्विंटन डी कॉक के पैर छूने सुरक्षा तोड़कर मैदान में घुसा फैन

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इस दोहरा शतक के साथ रोहित ने इस टेस्ट सीरीज में 500 रन पूरे कर लिए हैं। पूर्व दिग्गज वीरेंद्र सहवाग के बाद रोहित दूसरे भारतीय सलामी बल्लेबाज हैं, जिन्होंने किसी टेस्ट सीरीज में 500 रन बनाए हैं। सहवाग ने साल 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ सीरीज में ये कारनामा किया था।

रोहित शर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में 500 से ज्यादा रन बनाने वाले पहले भारतीय हैं। पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन के बनाए 388 रन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 1996-67 की टेस्ट सीरीज में भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ निजी स्कोर था।

टेस्ट इतिहास में छक्के के साथ दोहरा शतक पूरा करने वाले एकलौते भारतीय बल्लेबाज रोहित का घरेलू टेस्ट औसत (99.84) अब महान बल्लेबाड डॉन ब्रैडमेन (98.22) से भी ज्यादा हो गया है।

trending this week