- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sachin Tendulkar, Sourav Ganguly and other with most fours in ODI career
वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा चौके जमाने वाले बल्लेबाज
वनडे क्रिकेट इतिहास में 3 भारतीय बल्लेबाजों ने एक हजार से ज्यादा चौके लगाने का कारनामा अंजाम दिया है
Published On Nov 11, 2016, 07:02 PM IST
Last UpdatedNov 11, 2016, 07:02 PM IST

क्रिकेट में जब भी बाउंड्री की बात होती है अक्सर छक्कों के रिकॉर्ड का ही जिक्र किया जाता है, लेकिन छक्के या ज्यादा चौके लगाए जाते हैं। रनों के लिहाज से भी छक्के और चौकों में 2 रन का अंतर होता है। छक्के की बजाय चौके लगाना कम रिस्की होता है। अगर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की बात करें तो यहां भी भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिलता है। टॉप 10 में 3 भारतीय बल्लेबाज शामिल हैं। तो आइए जानते हैं वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाजों के बारे में।
7. सौरव गांगुली (1122 चौके):

भारत के पूर्व कप्तान और गॉड ऑफ आफ साइड के नाम से मशहूर रहे सौरव गांगुली सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाजों में 7वें नंबर पर आते हैं। वनडे क्रिकेट में सौरव गांगुली ने सचिन तेंदुलकर के साथ मिलकर पारी की शुरूआत करने की जिम्मेदारी निभाई। सौरव गांगुली ने अपने वनडे करियर में 311 मैच खेले जिनमें उनके नाम 1122 चौके लगाए हैं। अपनी शानदार कवर ड्राइव के लिए मशहूर रहे सौरव गांगुली जब भी आक्रमक अंदाज में होते थे, उनकी बल्लेबाजी में चार चांद लग जाते थे। वनडे क्रिकेट में 1122 चौके के अलावा उन्होंने 190 छक्के भी लगाए हैं। 1999 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ग्वालियर वनडे में सौरव गांगुली ने 153 रनों की पारी के दौरान 18 चौके जमाए थे, जो उनके द्वारा एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा चौके हैं। सौरव गांगुली ने वनडे करियर 11 हजार से ज्यादा रन बनाए, जिसमें उन्होंने 22 शतक के अलावा 72 अर्धशतक भी जमाए।
6. वीरेन्द्र सहवाग (1132 चौके):

वनडे क्रिकेट में सौ से ऊपर का करियर स्ट्राइक रेट रखने वाले भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेन्द्र सहवाग चौके लगाने के मामले में अपने कप्तान को पीछे छोड़ देते हैं। वीरेन्द्र सहवाग ने 251 वनडे मैचों में 1132 चौके लगाए हैं। अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए मशहूर वीरेन्द्र सहवाग द्वारा प्वाइंट के ऊपर लगाए गए चौके शायद ही कोई फिल्डर रोक पाया हो। गेंद वीरेन्द्र सहवाग के बल्ले से निकलने के बाद गोली की रफ्तार से सीमारेखा के बाहर जाती थी। वीरेन्द्र सहवाग ने वनडे क्रिकेट में दूसरा दोहरा शतक भी बनाया था। इस पारी में वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने वीरेन्द्र सहवाग के बल्ले की ताकत देखी थी। वीरेन्द्र सहवाग ने इस पारी में कुल 25 चौके लगाए थे, जो उनके द्वारा एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा चौके हैं। वीरेन्द्र सहवाग ने वनडे क्रिकेट में 8 हजार से ज्यादा रन बनाए।
5. एडम गिलक्रिस्ट (1162 चौके):

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर और विस्फोटक सलामी बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट को उनके आक्रमक अंदाज के लिए जाना जाता हैं। मैदान पर उतरने के साथ ही वह गेंदबाजों पर टूट पड़ते थे। उनके बल्ले से चौके और छक्के यूं निकलते थे मानों वो गेंदबाजों के साथ खेल रहे हो। कई बार इस चक्कर में उन्होंने अपना विकेट भी फेंका लेकिन एडम गिलक्रिस्ट ने अपने खेलने का अंदाज भी नहीं बदला। एडम गिलक्रिस्ट ने मैथ्यू हेडेन के साथ सलामी जोड़ी बनाई और ना जाने कितने मौकों पर टीम को जीत अपनी आक्रमक पारियों की बदौलत जीत दिलाई। एडम गिलक्रिस्ट ने ऑस्ट्रेलिया के लिए 287 वनडे मैच खेले, इन 287 वनडे मैचों में उनके बल्ले से कुल 1162 चौके निकले। एडम गिलक्रिस्ट द्वारा पुल और हुक शॉट के जरिये लगाए गए चौके आज भी दर्शकों के दिमाग में तरोताजा हैं। एडम गिलक्रिस्ट ने वनडे में 1162 चौकों के अलावा 149 छक्के भी लगाए हैं।
4. रिकी पोंटिंग (1231चौके):

डॉन ब्रेडमैन के बाद ऑस्ट्रेलिया के सबसे बेहतरीन बल्लेबाज कहे जाने वाले रिकी पोंटिंग वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के अजेय टीम बनाने वाले कप्तान रिकी पोंटिंग ने 375 वनडे मैचों में कुल 1231 चौके लगाए हैं। 1998 में जिंबाब्वे के खिलाफ अपनी 145 रनों की पारी के दौरान रिकी पोंटिंग के बल्ले से 18 चौके निकले थे। यह एक पारी में उनके द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा चौके थे। एक पैर पर घूमते हुए लगाए गए उनके पुल शॉट क्रिकेट की दुनिया में सबसे आकर्षक शाट्स में गिने जाते हैं। एक बेहतरीन कप्तान और बल्लेबाज होने के अलावा रिकी पोंटिंग एक बेहतरीन फील्डर भी रहे हैं।
3. कुमार संगाकारा (1385 चौके):

श्रीलंकाई संकटमोचन और विकेटकीपर बल्लेबाज वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा चौके लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। कुमार संगाकारा ने श्रीलंका के लिए 404 वनडे मैच खेले जिनमें उनके बल्ले से 1385 चौके निकले। इस लिस्ट में शामिल सभी खिलाड़ियों में कुमार संगाकारा ही ऐसे खिलाड़ी हैं जो मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते थे और उनको पावर प्ले में खेलने का मौका बहुत कम ही मिला है। अन्य बल्लेबाजों की तरह अगर उनको पावर प्ले में खेलने का मौका मिलता तो शायद उनके चौकों की संख्या और ज्यादा होती। 2013 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेली गई 169 रनों की अपनी पारी में कुमार संगाकारा ने 18 चौके जड़े थे।
2. सनथ जयसूर्या (1500 चौके):

अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से वनडे क्रिकेट में सलामी बल्लेबाजी की नई परिभाषा बनाने वाले सनथ जयसूर्या सबसे ज्यादा चौके जड़ने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 445 वनडे मैचों में कुल 1500 चौके विरोधी गेंदबाजों को लगाए हैं। अपने विस्फोटक अंदाज के लिए मशहूर रहे सनथ जयसूर्या ने 1996 विश्व कप में कमाल का प्रदर्शन किया और टीम को विश्व विजेता बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। 2006 में नीदरलैंड के खिलाफ 157 रनों की पारी में सनथ जयसूर्या ने कुल 24 चौके जमाए थे। ये उनके द्वारा एक पारी में लगाए गए सबसे ज्यादा चौके थे। इसके अलावा उन्होंने दो और मौकों पर एक पारी में 20 या उससे ज्यादा चौके जमाने का कारनामा अंजाम दिया है।
1. सचिन तेंदुलकर (2016 चौके):

क्रिकेट में भगवान का दर्जा रखने वाले सचिन तेंदुलकर यहां भी टॉप पोजीशन पर कब्जा जमाए हुए हैं। सबसे ज्यादा चौके जमाने वाले बल्लेबाजो मे सचिन तेंदुलकर अपने प्रतिद्वंदी खिलाड़ियों को 500 चौकों के बड़े अंतर से पीछे छोड़ते हैं। सचिन तेंदुलकर दुनिया के एकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने वनडे क्रिकेट में दो हजार से ज्यादा चौके जमाए हैं। सचिन तेंदुलकर ने भारत के लिए 463 वनडे मैचों में कुल 2016 चौके जमाए हैं। सचिन तेंदुलकर ने वनडे क्रिकेट में ज्यादातर समय नंबर 1 या 2 की पोजीशन पर बल्लेबाजी की है लेकिन करियर के शुरूआती दिनों में वो मध्यक्रम में बल्लेबाजी करते थे। यदि वो शुरू से ही एक सलामी बल्लेबाज के तौर पर खेलते तो शायद उनके चौकों की संख्या 2,500 के पार होती। वनडे क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर ने 49 शतक बनाने का कीर्तिमान बनाया।