- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Sahil Chauhan cricketer from Estonia who smashed the Fastest 100 ever in International cricket
पहले मैच में गोल्डन डक, उसी दिन दूसरे मैच में इस साहिल ने गेल, रोहित सबके रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए
साइप्रस के खिलाफ छह मैचों की सीरीज के दो मैच एक ही दिन में खेले गए. सोमवार को दिन के पहले मैच में साहिल खाता भी नहीं खोल पाए. और पहली ही गेंद पर आउट हो गए. लेकिन अगले मैच में उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया.
Published On Jun 17, 2024, 11:16 PM IST
Last UpdatedJun 17, 2024, 11:16 PM IST
(Image credit-Twitter)
क्रिकेट में सब बराबर हो जाता है. और साहिल चौहान से बेहतर इसे आज कोई नहीं समझ रहा होगा. अब तक आपको साहिल चौहान के बारे में पता चल गया होगा. नहीं पता, तो हम बताते हैं. साहिल 32 साल हैं और एस्टोनिया के लिए क्रिकेट खेलते हैं. सोमवार को उन्होंने वह कर दिखाया जो क्रिस गेल जैसे धुरंधर भी नहीं कर पाए थे. साहिल ने सिर्फ 27 गेंद पर सेंचुरी बना दी. यह बात भी आपको पता लग गई होगी. लेकिन शायद आपको यह नहीं पता होगा कि साइप्रस के खिलाफ छह मैचों की सीरीज के दो मैच एक ही दिन में खेले गए. सोमवार को दिन के पहले मैच में साहिल खाता भी नहीं खोल पाए. और पहली ही गेंद पर आउट हो गए. लेकिन अगले मैच में उन्होंने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया.
पहला मैच समाप्त होते ही दूसरा मैच शुरू हो गया. साइप्रस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 191 रन बनाए. एस्टोनिया की शुरुआत खराब रही. उसके दोनों ओपनर शुरुआती 8 गेंद पर आउट हो गए. बोर्ड पर सिर्फ नौ रन टंगे थे. और यहां साहिल क्रीज पर आए. उन्होंने आते ही छह, चार और छह रन बनाए. बुद्दिका महेश के ओवर में साहिल ने जमकर हमला बोला. साहिल को दूसरे छोर पर फिर परेशानी हुई. स्टुअर्ट हुक और स्टीफन गूच आउट हुए. स्कोर हुआ चार विकेट पर 89 रन. यहां साहिल 17 गेंद पर 66 रन बनाकर खेल रहे थे. इस वक्त तक वह पांच चौके और तीन छक्के लगा चुके थे.
साहिल ने 14 गेंद में जड़ा अर्धशतक
चौहान ने इसके बाद मंगला गुणाशेकरा के ओवर में चार छक्के और एक चौका लगाया. उन्होंने 14 गेंद पर अपनी फिफ्टी पूरी की थी. यह तो कोई रिकॉर्ड नहीं था. नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी ने मंगोलिया के खिलाफ सिर्फ 9 गेंद पर हाफ सेंचुरी लगाई थी.
साहिल चौहान ने खेली 144 रन की नाबाद पारी
चौहान ने इसके बाद छक्के पर छक्का लगाया. चमल सादु जब पारी का 8वां ओवर फेंकने आए तो चौहान ने इसमें चार छक्के लगा दिए. नीरज तिवारी के अगले ओवर में उन्होंने तीन छक्के लगाए. और इसी के साथ उन्होंने अपनी सेंचुरी पूरी की. 13वें ओवर में चौका लगाकर उन्होंने अपनी टीम को जीत दिलाई. उनका स्ट्राइक रेट 351.21 का रहा. एस्टोनिया के लिए उन्होंने नाबाद 144 रन बनाए. दूसरे नंबर का सर्वाधिक स्कोर नाबाद 21 रन था.