- Home
- News
- Shivam dube emerged as a dominant force against fast bowlers India gets a backup for Hardik Pandya
तेज गेंदबाजों के लिए भी 'काल' बने शिवम दुबे, भारत को मिला हार्दिक पांड्या का बैकअप
न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी-20 मैच में शिवम दुबे ने तेज गेंदबाज जैकब डफी के एक ओवर में दो छक्के और मैट हेनरी की गेंद पर भी एक छक्का लगाया.
Published On Jan 30, 2026, 01:22 PM IST
Last UpdatedJan 30, 2026, 01:22 PM IST
Shivam Dube
न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी-20 मैच में भारत को न्यूजीलैंड के हाथों हार का सामना करना पड़ा. भारतीय टीम ने भले ही यह मुकाबला गंवा दिया, मगर इस मैच में शिवम दुबे ने बल्ले से धमाकेदार पारी खेली. शिवम दुबे ने इस मैच में चौके और छक्के की बरसात की. उन्होंने 23 बॉल में 65 रन की पारी में तीन चौके और सात छक्के लगाए. उन्होंने ना सिर्फ स्पिनर बल्कि तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी छक्के जड़े.
शिवम दुबे जिन्हें पहले स्पिनर्स के खिलाफ लंबे- लंबे छक्के लगाने के लिए जाने जाते थे, अब वह तेज गेंदबाजों के खिलाफ भी छक्के लगा रहे हैं. चौथे टी-20 मैच में शिवम दुबे ने न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी के एक ओवर में दो छक्के और मैट हेनरी की गेंद पर भी एक छक्का लगाया. उन्होंने इस विस्फोटक अंदाज से टी-20 विश्व कप से पहले विरोधी खेमे में खलबली मचा दी है.
भारत के प्लेइंग-11 में जगह पक्की की
पहले तेज गेंदबाजों के खिलाफ शॉट के दौरान शिवम दुबे की तकनीकी कमजोरी नजर आती थी और शॉर्ट बॉल पर उन्हें परेशानी होती थी, लेकिन अब उन्होंने इस पर मेहनत की है.विशाखापट्टनम में खेले गए मैच में उन्होंने तेज गेंदबाज जैकब डफी, मैट हेनरी और जैक फाउल्क्स जैसे पेसरों पर जमकर धावा बोला. भारतीय टीम उन्हें ऑलराउंडर के रूप में इस्तेमाल करना चाहती है और इस पारी से उन्होंने प्लेइंग-11 में अपनी जगह पक्की कर ली है. टी-20 विश्व कप में अब उन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है.
CSK ने जताया भरोसा, कमाल के बल्लेबाज बने दुबे
2021 में पहली बार शिवम दुबे की पारी नोटिस की गई जब दुबे राजस्थान रॉयल्स के लिए खेल रहे थे. 190 रन चेज करते हुए उन्होंने 42 गेंदों में 64 रन बनाए और CSK को मैच हरा दिया. इस मैच के दौरान एमएस धोनी और कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने उनकी स्पिन के खिलाफ ताकत देखी और 2022 आईपीएल ऑक्शन में उन्हें 4 करोड़ में खरीदा. चेन्नई सुपरकिंग्स ने उनका उपयोग बतौर बल्लेबाज ज्यादा किया और यहां से उनके ग्रोथ की शुरुआत हुई. मुंबई में RCB के खिलाफ 46 गेंदों में 95 रन बनाए, जहां उन्होंने वानिंदु हसरंगा और ग्लेन मैक्सवेल जैसे स्पिनरों के खिलाफ खूब रन लुटाए. चेन्नई सुपरकिंग्स का उनका भरोसा इसके बाद जारी किया और पिछले सीजन से पहले टीम ने उन्हें 12 करोड़ में रिटेन किया था.
भारत को मिला हार्दिक पांड्या का बैकअप
पिछले साल एशिया कप के दौरान शिवम दुबे ने काफी प्रभावित किया. एशिया कप के फाइनल में भले ही तिलक वर्मा ने भी अर्धशतक जड़ा, मगर शिवम दुबे ने 22 गेंद में 33 रन (दो चौके, दो छक्के) की धमाकेदार पारी खेली. उन्होंने 150 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए. शिवम दुबे जब टीम में आए थे तो उनकी तुलना हार्दिक पांड्या से की जाती थी, मगर वह गेंदबाजी से काफी प्रभावित नहीं कर पा रहे थे, मगर अब उन्होंने अपनी गेंदबाजी से भी प्रभावित किया है और ब्रेक थ्रू भी दिलाते हैं. पाकिस्तान के खिलाफ स्पिन-फ्रेंडली पिच पर उन्होंने बॉलिंग में अटैक ओपन किया, उनकी बॉलिंग में अब चेंज ऑफ पेस और वाइड यॉर्कर अच्छे हैं. वह नितीश रेड्डी से ज्यादा पीछे नहीं हैं, जो हार्दिक पंड्या के बैकअप के रूप में तैयार हो रहे हैं.
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/