add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

भारत बनाम पाकिस्तान टी20 विश्व कप(प्रिव्यू): विनिंग ट्रैक पर लौटने के लिए बेताब टीम इंडिया

महेंद्र सिंह धोनी को खुद को चौथे क्रम पर लाना होगा तभी टीम इंडिया का भला हो सकता है।

user-circle cricketcountry.com Written by Devbrat Bajpai
Last Updated on - March 18, 2016 1:33 PM IST

भारत बनाम पाकिस्तान © AFP
भारत बनाम पाकिस्तान © AFP

विश्व कप टी20 में भारतीय टीम अपना दूसरा मैच खेलने के लिए कोलकाता रवाना हो चुकी है। शनिवाार को अब टीम इंडिया का मुकाबला ग्रुप ए में शीर्ष पर काबिज पाकिस्तान से होगा। भारतीय टीम के लिए यह मैच काफी हद तक करो या मरो जैसा होगा। अगर टीम इंडिया इस मैच में जीत हासिल कर पाती है तभी वह इस ग्रुप में अपनी दावेदारी पूरी तरह से बरकरार रख पाएगी वरना टीम इंडिया के लिए मुश्किलें खड़ी हो सकती हैं। गौरतलब है कि टीम इंडिया इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला मैच हार चुकी है और मौजूदा टेबल में चौथे नंबर पर बरकरार है। वहीं पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में बांग्लादेश को हराया था और इस तरह वह ग्रुप ए में न्यूजीलैंड से ऊपर पहले नंबर पर है। ये भी पढ़ें: भारतीय कप्तान धोनी से वसूले जाएंगे साढ़े तीन लाख रूपये टैक्स

एशिया कप में खराब प्रदर्शन करने वाली पाकिस्तान टीम ने विश्व कप टी20 की शुरुआत बेहद धमाकेदार अंदाज में की है। बुधवार को बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान के अमूमन सभी बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस टूर्नामेंट से पाकिस्तान टीम में वापसी करने वाले सलामी बल्लेबाज अहमद शहजाद ने तो जैसा समां ही बांध दिया और 39 गेंदों में 52 रन ठोंक दिए। उनके अलावा शाहिद अफरीदी और मोहम्मद हफीज ने आतिशी अंदाज में बल्लेबाजी की जो शायद पाकिस्तान टीम की ओर से एक लंबे अरसे के बाद देखने को मिली। ऐसे में अपना पहला मैच गंवा चुकी टीम इंडिया को पाकिस्तान से जीतने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाना होगा।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

टीम इंडिया ने जिस तरह की लचर बल्लेबाजी न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले मैच में दिखाई थी उसे पीछे छोड़कर एक अच्छे प्रदर्शन को करने की दरकार है। न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में विराट कोहली के अलावा और कोई भी भारतीय बल्लेबाज पैर जमां कर बल्लेबाजी नहीं कर पाया था और खामियाजन पूरी भारतीय टीम 79 रनों के स्कोर पर भरभरा गई। इस दौरान कई भारतीय बल्लेबाज गैर जिम्मेदाराना स्ट्रोक लगाकर आउट हुए जो काफी निराशाजनक रहा। छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के शीर्ष के बल्लेबाजों ने जल्दबाजी दिखाई और इसी के कारण उन्होंने खराब शॉट खेलकर अपने विकेट गंवाए। अगर वे संभलकर बल्लेबाजी करते तो शायद कहानी कुछ और हो सकती थी।

कुछ इसी तरह की लचर बल्लेबाजी भारतीय बल्लेबाजों ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ की थी जब महज 83 रनों के स्कोर का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 12 रनों पर अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। लेकिन ऐसा लगता है कि भारतीय बल्लेबाजों ने उस मैच के प्रदर्शन से कोई सीख नहीं ली थी जिसका असर टी20 विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ साफतौर पर देखने को मिला। एशिया कप में भारतीय बल्लेबाजों के सिरदर्द रहे मोहम्मद आमिर एक बार फिर से भारतीय बल्लेबाजों को परेशान कर सकते हैं। ऐसे में टीम इंडिया को एक सोची समझी रणनीति के साथ मैदान पर उतरना होगा। हालांकि विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ टीम इंडिया का रिकॉर्ड अब तक काफी अच्छा रहा है, लेकिन ध्यान देने वाली बात यह भी है कि क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और यहां किसी भी दिन रिकॉर्ड बदल सकता है।

पाकिस्तान टीम में वहाब रियाज की भी वापसी हुई है जिसके कारण उनकी गेंदबाजी को और भी बल मिला है और इसका असर बांग्लादेश के खिलाफ साफ तौर पर देखने को मिला जब शाकिब अल हसन को छोड़कर कोई भी बांग्लादेशी का बल्लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजों को टिककर नहीं खेल पाया। टीम इंडिया के दोनों सलामी बल्लेबाजों को एक सोची समझी रणनीति के साथ मैदान पर उतरने की जरूरत है। जाहिर है कि उन्हें पहले ओवर से हिटिंग शुरू करने की कतई जरूरत नहीं है। अगर दोनों बल्लेबाज शुरुआत में थमकर बल्लेबाजी करते हैं तो टीम इंडिया के लिए ज्यादा बेहतर होगा। वहीं चौथे क्रम को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

महेंद्र सिंह धोनी को खुद को चौथे क्रम पर लाना होगा तभी टीम इंडिया का भला हो सकता है। छठवें नंबर पर सुरेश रैना खासे सफल रहे हैं ऐसे में अगर उन्हें छठवें नंबर पर उतारा जाता है तो टीम इंडिया के लिए इससे बेहतर कोई बात नहीं हो सकती। कोलकाता में स्पिनर और तेज गेंदबाजों दोनों की भूमिका अहम होने वाली है। ऐसे में क्या कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपनी मौजूदा टीम में परिवर्तन करेंगे? बहरहाल एक मैच में खराब प्रदर्शन को देखते हुए। यह कहना कतई मुमकिन नहीं है कि पाकिस्तान के खिलाफ मैच के लिए टीम इंडिया में कोई परिवर्तन होगा। वहीं पाकिस्तान टीम एक बार फिर से अपने विनिंग कॉम्बिनेशन के साथ अपने चिर प्रतिद्वंदी को टक्कर देने के लिए उतरना चाहेगी। अगर सब कुछ ठीक रहा तो यह मुकाबला जबरदस्त होने की उम्मीदें हैं।

TRENDING NOW

दोनों टीमें:
भारत: महेंद्र सिंह धोनी(कप्तान और विकेटकीपर), विराट कोहली, शिखर धवन, रविचंद्रन अश्विन, हार्दिक पंड्या, अजिंक्य रहाणे, सुरेश रैना, रोहित शर्मा, युवराज सिंह, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा, हरभजन सिंह, मोहम्मद शमी, पवन नेगी, आशीष नेहरा।

पाकिस्तान: शाहिद अफरीदी(कप्तान), अहमद शहजाद, अनवर अली, इमाद वसीम, खालिद लतीफ, मोहम्मद आमिर, मोहम्मद हफीज, मोहम्मद इरफान, मोहम्मद नवाज, मोहम्मद समी, सरफराज अहमद (विकेटकीपर), शोएब मलिक, शारजील खान, उमर अकमल, वहाब रियाज।